भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। देश का इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल (EPV) मार्केट साल 2026 में पहली बार 3 लाख सालाना बिक्री के ऐतिहासिक आंकड़े को पार करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट में मार्केट रिसर्च फर्म 'फ्रॉस्ट एंड सुलीवन' के हवाले से यह दावा किया गया है।
जहां साल 2025 में यह आंकड़ा 2 लाख यूनिट्स से थोड़ा ही कम रहा था, वहीं इस साल नए मॉडलों की एंट्री, बेहतर होते चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति ग्राहकों के बढ़ते भरोसे के दम पर बिक्री 3 लाख के पार निकलने की उम्मीद है। साल के पहले छह महीनों (छमाही) में ही लगभग 1.5 लाख इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री रजिस्टर हो चुकी हैं। जबकि पिछले चार महीनों से हर महीने औसतन 27,000 इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों का पंजीकरण हो रहा है। आने वाला त्योहारों का सीजन और नए वाहनों की लॉन्चिंग साल 2026 के दूसरे हिस्से में इस रफ्तार को और तेज कर देगी।