आजकल कार सिर्फ सफर का जरिया ही नहीं, बल्कि एक स्टेटस भी बन गई है, लेकिन कभी-कभी छोटी-सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। नोएडा के सेक्टर-126 में हाल ही में हुई एक दर्दनाक घटना ने कार चालकों को झकझोर कर रख दिया है। यहां शराब पार्टी के दौरान एक कार में अचानक आग लग गई और सीएनजी सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। पुलिस ने शुरुआती तौर पर बीड़ी पीने के दौरान आग लगने की आशंका जताई है।
आखिर कार के अंदर सिगरेट पीना कितना खतरनाक हो सकता है? क्या शराब की मौजूदगी आग को और भड़का सकती है? और गाड़ी में रखा एक छोटा-सा लाइटर भी कैसे खतरा बन सकता है? इन सवालों के जवाब जानने के लिए अमर उजाला ने ऑटो एक्सपर्ट संदीप पांडेय से खास बातचीत की, आइए जानते हैं उन्होंने कार चालकों के लिए क्या चेतावनियां दी हैं।
कार के अंदर सिगरेट पीना क्यों है खतरनाक?
ऑटो एक्सपर्ट संदीप पांडेय के अनुसार, हमेशा कार के अंदर सिगरेट या बीड़ी पीने से बचना चाहिए। गाड़ी के भीतर हवा का बहाव आग और जलते हुए तंबाकू के छोटे कणों को इधर-उधर पहुंचा सकता है। जब सामने से हवा आती है, तो सिगरेट की राख पीछे की तरफ उड़ सकती है। ऐसे में सीट या कार के अंदर मौजूद दूसरे हिस्सों में आग लगने का खतरा रहता है।