अगर आप एक स्टाइलिश लुक वाला मजबूत हेलमेट खरीदने की सोच रहे हैं, तो आज का हमारा यह रिव्यू आपके काम आ सकता है। आज हम आपके लिए Studds Shifter D3 Decor हेलमेट लेकर आए हैं। हमने इस हेलमेट का तीन महीने तक इस्तेमाल किया और उसी के आधार पर हम आपको इसका रिव्यू बता रहे हैं।
सबसे पहले इसकी डिजाइन की बात करें तो इसे ट्रेंडी लुक दिया गया है, जो आपको पहली नजर में पसंद आएगा। इसमें राउंड थीम दिया गया है। इसके अलावा आपको इसमें एयरोडायनेमिक्स डिजाइन मिलता है। स्पोर्टी सीरीज में आने वाले इस हेलमेट में आपको चार कलर थीम मिलते हैं। इसका ग्राफिक्स देखने में काफी अपीलिंग है, जिसमें फ्रंट की तरफ आपको Studds की बैजिंग दिखती है। कंपनी का दावा है कि इस पर किया गया पेंट यूवी रजिस्टेंट है। इसके फ्रंट में ट्रायंगुलर शेप वाला एयर वेंटिलेशन दिया गया है।
फुल-फेस वाले इस स्पोर्ट हेलमेट में मैट टेक्सचर की फिनिशिंग दी गई है। इसमें तीन एयर इनलेट्स दिए गए हैं, जो लंबी यात्रा के दौरान घुटन और गर्मी से आराम दिलाते हैं। इसके फ्रंट और रियर में दिए गए वेंटिलेशन नॉन-स्विचेबल हैं जबकि, इसके टॉप पर आपको ऑप्शनल स्लिपकवर मिलता है। यह हेलमेट आईएसआई सर्टिफाइड है, जो बाजार में तीन अलग-अलग साइज में आता है।
अब बात करते हैं करते हैं इसके वाइजर की, तो कंपनी का दावा है कि इसमें दिया गया वाइजर स्क्रैच रजिस्टेंट है। इसके वाइजर में सिलिकॉन कोटिंग की गई है और इसका मेन वाइजर क्विक रिलीज के साथ आता है। यह हेलमेट ड्यूल वाइजर के साथ आता है, जहां आपको इसके अंदर टिंटेड ब्लैक वाइजर मिलता है, जिसकी मदद से आप तेज धूप या रोशनी में भी बेहतर राइडिंग का अनुभव पा सकेंगे।
इसके सॉफ्ट-टच लाइनर और लोवर ट्रिम को आप साफ भी कर सकते हैं और इन्हें बदल भी सकते हैं। इसमें EPS यानी कि Expanded Polystyrene का इस्तेमाल किया गया है। बता दें कि यह ईपीएस ही होता है जो हादसों के दौरान आपके सिर की सुरक्षा करता है। इसके चिन स्ट्रैप में आपको बेहतर ग्रिप मिलता है। Studds Shifter D3 Decor की कीमत 2,165 रुपये है।
हेलमेट देखने में स्टाइलिश है। एयर वेंटिलेशन का अच्छा खासा ध्यान रखा गया है। हालांकि, इसका हार्नेस थोड़ा और बेहतर हो सकता था। इसके अलावा इसमें और वेटिलेशन शामिल किए जा सकते हैं। अगर आप रेसिंग पसंद करते हैं, तो यह हेलमेट आपके लिए बेहतर विकल्प बन सकता है। तेज रफ्तार पर भी इसका बैलेंस बना रहता है।