हालांकि दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता टेस्ला ने कहा है कि वह जल्द ही भारत में अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक सेडान कार Model 3 (मॉडल 3) को लॉन्च करने के बारे में सोच सकती है। कम से कम टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने ऐसे संकेत दिए हैं कि भारत में वे जल्द ही अपनी इलेक्ट्रिक कार को लॉन्च कर सकते हैं।
एलन मस्क ट्विटर पर एक यूजर के सवाल का जवाब दे रहे थे। अरविंद गुप्ता ने ट्विटर पर मस्क से सवाल पूछा, "डियर एलन मस्क, भारत में टेस्ला 3 के आने की उम्मीद कब तक है? इसे बुक किए हुए चार साल से ज्यादा का समय बीत गया है।"
टेस्ला के सीईओ ने जवाब दिया, "क्षमा करें, उम्मीद है कि जल्द ही होना चाहिए!"
एलन मस्क के इस जवाब से ऐसी संभावना जताई जा रही है कि टेस्ला की कारें जल्द ही भारत की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी।
Model 3 सेडान कार की फुल चार्जिंग पर 650 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर सकती है। जबकि मौजूदा सबसे बुनियादी वर्जन की कार की रेंज लगभग 450 किलोमीटर है, इसकी कीमत 323,800 युआन (लगभग 35 लाख रुपये) से शुरू होती है।
टेस्ला ने अभी तक भारत या दक्षिण एशिया के किसी भी देश में अपनी कोई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च नहीं की है। एशियाई के अगर किसी बाजार में टेस्ला की मौजूदगी है तो वह चीन है। टेस्ला ने अमेरिका के बाहर अपना एकमात्र परिचालन कारखाना चीन में बनाया और कुछ ही समय में वहां के इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माताओं के बीच अपनी पैठ बना ली है। टेस्ला अब तक चीन में मॉडल 3 सेडान का उत्पादन कर रही है, और चीन की गीगाफैक्ट्री में अपने मॉडल वाई क्रॉसओवर का उत्पादन करने की योजना बना रही है।