देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में कॉम्पैक्ट सेडान डिजायर टॉप पर रही है। डिजायर ने पिछले महीने सबसे ज्यादा 19,569 कारों की बिक्री की। टॉप 10 लिस्ट में सबसे ज्यादा गाड़ियां मारुति की शामिल रहीं। इस लिस्ट में आठ गाड़ियां मारुति सुजुकी की थीं, जबकि ह्यूंदै इस लिस्ट बिल्कुल नादारद दिखाई दी।
ह्यूंदै की केवल i20 ही इस लिस्ट में जगह बना पाई। जबकि क्रेटा टॉप-10 से बाहर रही। खास बात यह रही है कि मारुति की एंट्री केवल कारें लिस्ट में नीचे खिसक गईं। इस साल जून-जुलाई तक मारुति ऑल्टो की बिक्री नंबर वन थी। आल्टो की 17,903 यूनिट बिक पाईं। जबकि एंट्री लेवल की मिनी एसयूवी नाम से प्रसिद्ध S-Presso की 10,634 यूनिट बिकीं।
मारुति की प्रीमियम हैचबैक कार बलेनो ने अपनी जगह बरकरार रखी है। जून-जुलाई तक भी बलेनो लिस्ट में चौथे स्थान पर थी, वहीं अक्टूबर में बलेनो की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है और इस दौरान 16,237 कारों की बिक्री हुई। अक्टूबर में ह्यूंदै आई20 की 14,683 यूनिट्स की बिक्री हुई।
इस लिस्ट में सबसे औचक एंट्री किआ सेल्टोस की रही। किओ मोटर्स केवल एक एसयूवी के दम पर बिक्री में मामले में देश की पांचवी बड़ी कंपनी बन गई है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि सेल्टोस की बुकिंग का आंकड़ा 60 हजार को पार कर चुका है। अक्टूबर में सेल्टोस की 12,854 यूनिट्स की बिक्री हुई।
सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में राज करने वाली मारुति की विटारा ब्रेजा का स्थान खिसक कर और नीचे पहुंच गया है। अक्टूबर की बिक्री में ब्रेजा नौंवे स्थान पर रही, ब्रेजा की मात्र 10,227 यूनिट्स की बिक्री हुई। ब्रेजा को कड़ी चुनौती ह्यूंदै वेन्यू से मिल रही है। वहीं लोग डीजल गाड़ियों को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं, यह बिक्री में गिरावट की बड़ी वजह है। कंपनी ब्रेजा की बढ़ाने के लिए कई कोशिशें कर रही हैं, जिसमें डिस्काउंट के साथ पांच साल की वारंटी भी शामिल है।
पिछले अक्टूबर में नवरात्र से दशहरा तक मारुति सुजुकी ने 60 हजार से ज्यादा कारों की डिलीवरी की, वहीं ह्यूंदै मोटर ने 25 हजार कारों की डिलीवरी की। धनतेरस पर मारुति सुजुकी ने 45 हजार कारें डिलीवर कीं, जबकि ह्यूंदै का आंकड़ा 14 हजार कारों का रहा।