मेष
मेष राशि वाले जातकों को इस सप्ताह अपनी सेहत का खूब ख्याल रखना होगा अन्यथा आपका खराब स्वास्थ्य सोचे हुए कार्य को पूरा करने में आडे़ आ सकता है। सप्ताह की शुरुआत में मौसमी अथवा किसी पुरानी बीमारी के उभरने को लेकर सचेत रहना होगा, अन्यथा आपको शारीरिक कष्ट झेलना पड़ सकता है। इस दौरान जीवन में अचानक से हुई कोई अप्रिय घटना आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकती है। घर की साज-सज्जा या फिर मरम्मत आदि में आपको जेब से अधिक धन खर्च करना पड़ सकता है, जिसके चलते आपका बजट गड़बड़ा सकता है। करियर-कारोबार में अथक प्रयास और परिश्रम के बाद मनचाहा परिणाम न मिल पाने के कारण मन चिंतित रहेगा। हालांकि यह स्थिति लंबे समय तक नहीं बनी रहेगी और सप्ताह के उत्तरार्ध में आपकी सफलता में आ रही बाधाएं एक-एक करके दूर होती नजर आएंगी। यह समय परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे लोगों के लिए कोई बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा। पत्रकारिता, लेखन एवं शोध आदि करने वालों के लिए यह समय बेहद शुभ रहने वाला है। प्रेम संबंध की दृष्टि से इस सप्ताह आपको अपने लव पार्टनर को लेकर किसी भी तरह की गलतफहमी पालने से बचना होगा, अन्यथा बने बनाए संबंध टूट सकते हैं या फिर उसमें दरार आ सकती है। वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाए रखने के लिए आपको अपने जीवनसाथी की जरूरतों और भावनाओं की अनदेखी करने से बचना होगा।
उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की लाल फूल चढ़ाकर पूजा एवं चालीसा का पाठ करें।