फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weekly Horoscope (11 से 17 नवंबर तक): इस सप्ताह इन पांच राशि वालों का होगा भाग्योदय, जानें साप्ताहिक राशिफल

Sun, 10 Nov 2024 10:33 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

नए सप्ताह में नौकरी, व्यापार, सेहत, करियर और वैवाहिक जीवन कैसा रहेगा? सभी प्रश्नों के उत्तर के लिए जानिए चंद्र राशि के अनुसार साप्ताहिक राशिफल। 
विज्ञापन
1 of 12
Weekly Horoscope: इस सप्ताह कैसे रहेंगे आपके सितारे - फोटो : अमर उजाला
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। इस सप्ताह आपको आपकी मेहनत का पूरा फल मिलेगा। सप्ताह की शुरुआत से ही आपके प्लान पूरे होते हुए नजर आएंगे। इस दौरान छोटी-मोटी दिक्कतों के बावजूद चीजें आपके पक्ष में रहेंगी। कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों ही आप पर मेहरबान रहेंगे। सप्ताह के पूर्वार्ध में किसी प्रभावी व्यक्ति से मुलाकात होगी। जिसकी मदद से भविष्य में लाभ की योजनाओं से जुड़ने और मान-सम्मान मिलने का अवसर बनेंगे। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आप इस सप्ताह अपने कामकाज में आमूल-चूल बदलाव लाने पड़ सकते हैं। खास बात ये कि ये बदलाव आपको सकारात्मक फल प्रदान करेंगे। 

यदि आपके कामकाज में लंबे समय से कोई अवरोध आ रहा था तो इस सप्ताह के अंत तक वह दूर होने पर आप राहत की सांस लेंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके पक्ष में रहने वाला है। यदि किसी आत्मीयजन के साथ किसी बात को लेकर मतभेद या मनभेद चल रहा था तो इस सप्ताह वह दूर हो जाएगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में स्वजनों के साथ हंसी-खुशी पल बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। लव लाइफ शानदार बनी रहेगी। सेहत सामान्य रहेगी। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान सूर्य एवं शिवलिंग को जल अर्पण करें तथा रुद्राष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

2 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
वृष राशि
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह खर्चीला रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में अचानक से आपके सिर पर कुछ बड़े खर्च आ सकते हैं। इस सप्ताह संतान के भविष्य को लेकर आपका मन जरा ज्यादा चिंतित रह सकता है। इस सप्ताह आपकी तेजी से बढ़ती हुई महत्वाकांक्षा के कारण आपकी आवश्यकताएं भी बढ़ेंगी। आप इस सप्ताह कुछ चीजों पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। सप्ताह के मध्य में अचानक से करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा पर निकलना पड़ सकता है। यात्रा के दौरान अपने सामान और सेहत का विशेष ख्याल रखें। 

सप्ताह के उत्तरार्ध में आप कई बार कुछ चीजों का निर्णय लेते समय खुद को असमंजस की स्थिति में पा सकते हैं। उचित समय पर निर्णय नहीं ले पाने के कारण आपके हाथ से अच्छे अवसर खोने की भी आशंका है। नौकरीपेशा लोगों को इस दौरान अपने कार्य को जिम्मेदारी के साथ समय पर करने की आवश्यकता बनी रहेगी। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए आपको लोगों की भावनाओं की कद्र करनी चाहिए। सिर्फ बड़ों की ही नहीं अपने से छोटों की भी उचित सम्मान दें। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं अन्यथा बेवजह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं।

उपाय: हनुमान जी को गुड़ और चने का भोग लगाकर बजरंग बाण का नित्य पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह नए अवसरों को लेकर आया है। यदि आप अपने कार्य को बेहतर तरीके से समय पर पूरा करने का प्रयास करते हैं तो आपको अपेक्षा से कहीं अधिक सफलता और लाभ की प्राप्ति संभव है। करियर-कारोबार की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। सप्ताह के पूर्वार्ध में आपकी दैनिक आय में वृद्धि होगी और कारोबार तेजी से आगे बढ़ता हुआ नजर आएगा। कारोबार के विस्तार की योजनाएं साकार रूप लेती हुई नजर आएंगी। विदेश से जुड़े कार्य करने वालों को इस सप्ताह विशेष लाभ होने की संभावना है। 

यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो आपके कद और पद में वृद्धि होने के पूरे आसार हैं। कार्यक्षेत्र में लोग आपके कामकाज का लोहा मानेंगे। यदि आप समाजसेवा या राजनीति से जुड़े हैं तो इस सप्ताह आपके प्रभाव में वृद्धि होगी। इस सप्ताह सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी और आप उनकी मदद से लाभ उठाने में भी कामयाब होंगे। प्रेम-प्रसंग के लिए पूरा सप्ताह अनुकूल साबित होगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। 
उपाय: प्रतिदिन किचन में बनी पहली रोटी गाय को खिलाएं और प्रतिदिन भगवान श्री कृष्ण की विधि-विधान से पूजा एवं उनके मंत्र का जप करें।

4 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
कर्क राशि 
कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने किसी भी कार्य में लापरवाही बरतने से बचना चाहिए। इस सप्ताह वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और जल्दबाजी में कोई बड़ा निर्णय न लें। व्यवसाय की दृष्टि से देखें तो यह सप्ताह हानि एवं लाभ दोनों का योग लिए हुए है। कहने का तात्पर्य यह है कि इस सप्ताह कारोबार में लाभ तो होगा लेकिन उसके मुकाबले खर्च की अधिकता भी बनी रहेगी। सप्ताह के मध्य में आपको बेवजह की चीजों पर चाहे-अनचाहे पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।

इस सप्ताह छात्रों का मन पढ़ाई से उचट सकता है। यदि आपने किसी कार्य के लिए लोन या उधार लिया है तो उसे चुकाने में थोड़ी दिक्कत आ सकती है। यदि आप पार्टनरशिप में व्यवसाय करते हैं तो सप्ताह के उत्तरार्ध में धन का लेन-देन करते समय तथा कागज संबंधी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

इस सप्ताह नौकरीपेशा महिलाओं को अपनी प्रोफेशनल लाइफ और पर्सनल लाइफ में सामंजस्य बिठाने में थोड़ी दिक्कतें आ सकती हैं। कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने रिश्तों को बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरत से ज्यादा बोलने से बचना चाहिए। इस सप्ताह आपके प्रेम संबंध एवं दांपत्य संबंध के लिए मौन श्रेयस्कर साबित होगा, वहीं ज्यादा बोलने पर बनती बात भी बिगड़ सकती है। 

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग का दर्शन एवं पूजन तथा शिवमहिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 12
daily rashifal - फोटो : daily rashifal
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी आपाधापी भरी रह सकती है। इस दौरान करियर-कारोबार के सिलसिले में आपको जरा ज्यादा ही परिश्रम और प्रयास करने पड़ सकते हैं। इस दौरान आपको कारोबार में आर्थिक लाभ की प्राप्ति के लिए आश्वासन तो मिलेगा लेकिन वह सप्ताहांत ही प्राप्त हो पाएगा। यदि आप किसी नये कारोबार की शुरुआत करने की योजना बना रहे हैं तो उसमें आ रही बाधाओं को दूर करने में आपके इष्टमित्र और आत्मीयजन काफी मददगार साबित होंगे।

सप्ताह के मध्य में धन का लेन-देन करते समय खूब सावधानी बरतें। किसी को धन बहुत सोच-समझकर उधार दें अन्यथा उसकी वापसी में दिक्कतें आ सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध ज्यादा अनुकूल रहने वाला है। इस दौरान आपकी मेहनत और ईमानदारी के लिए सीनियर आपकी प्रशंसा करेंगे। इस दौरान जिन लोगों से आपको बिल्कुल अपेक्षा नहीं होगी, वे भी आपका सहयोग और समर्थन करते नजर आएंगे। प्रेम संबंध में किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है। गलतफहमियों को दूर करने के लिए विवाद की बजाय संवाद का सहारा लें। ससुराल पक्ष से विशेष सहयोग की प्राप्ति संभव है। 

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देवता को जल चढ़ाकर आदित्य हृदय स्तोत्र का तीन बार पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
कन्या राशि 
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य को लिए हुए है। इस सप्ताह आपका भाग्य चमकता हुआ नजर आएगा। आप घर और बाहर दोनों जगह अपना प्रभुत्व जमाते हुए नजर आएंगे और खास बात ये कि लोग आपकी बातों को पूरी तरह से मानेंगे। नौकरीपेशा जातक इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में कोई बड़ी पहल करते हुए अपने सीनियर का दिल जीतने में कामयाब हो सकते हैं। काम को तेजी से निबटाते हुए समय पर पूरा करने के कारण आफिस में जहां आपकी धाक जमेगी, वहीं आप कुछ लोगों की आंख में किरकिरी बनेंगे। ऐसे में अपना काम दूसरों के भरोसे बिल्कुल न छोड़ें और विरोधियों से सतर्क रहें।

कारोबार की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए पूरी तरह से अनुकूल रहने वाला है। इस सप्ताह आपका आर्थिक लाभ बढ़ेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले में आपको बड़ी जीत मिल सकती है। इस सप्ताह पैतृक संपत्ति की प्राप्ति के योग बनेंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए पूरी तरह से शुभ है। माता-पिता का आप पर पूरा आशीर्वाद बरसेगा। भाई-बहनों के साथ आपके रिश्ते मधुर बने रहेंगे। प्रेम संबंध विवाह में तब्दील हो सकते हैं। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। जीवनसाथी आपकी इच्छाओं का पूरा सम्मान करेगा। 

उपाय: प्रतिदिन गणपति को दूर्वा चढ़ाकर श्री गणेश चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ और मनचाही सफलता दिलाने वाला साबित होगा। यदि आप लंबे समय से किसी प्रोजेक्ट अथवा कार्य को पूरा करने के लिए प्रयासरत थे तो इस सप्ताह उसमें आ रही अड़चनें दूर हो जाएंगी और वह इष्टमित्रों एवं शुभचिंतकों की मदद से अंतत: समय पर पूरा भी हो जाएगा। करियर-कारोबार की दृष्टि से यह सप्ताह सफल एवं लाभप्रद रहने वाला है। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो इस सप्ताह मनचाहे स्थान पर तबादले या मनचाहे पद पाने की कामना पूरी हो सकती है। टारगेट ओरिएंटेड जॉब करने वालों के लिए यह सप्ताह विशेष रूप से अनुकूल रहने वाला है।

इस सप्ताह आप सत्ता-सरकार से जुड़े अधिकारियों को साधते हुए अपने अधूरे कार्य को पूर्ण करने में कामयाब हो जाएंगे। पार्टनरशिप में काम करने वालों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस सप्ताह न सिर्फ आपके कारोबार का विस्तार होगा बल्कि आप किसी नये व्यवसाय की शुरुआत भी कर सकते हैं। यदि आप किसी परीक्षा अथवा प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हुए हैं तो आपको इस सप्ताह के अंत तक इससे जुड़ा कोई शुभ समाचार मिलेगा। लव पार्टनर के साथ रिश्ते में मजबूती आएगी। परिवार के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। 

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक से बने हुए श्रीयंत्र की पूजा एवं श्री सूक्त का पाठ करें।

8 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायक रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में जहां अपने कार्यों को पूरा करने के लिए तमाम चीजों से समझौता करना पड़ सकता है वहीं इस दौरान आपके सिर पर आए कुछ बड़े खर्च आर्थिक असंतुलन का कारण बनेंगे। इस सप्ताह नौकरीपेशा जातक को अपने काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आलस्य करने से बचना चाहिए अन्यथा वे अपने बॉस के गुस्से का शिकार हो सकते हैं। सप्ताह की शुरुआत में आप जिन लोगों से सहयोग और समर्थन की अपेक्षा करेंगे, समय पर वे ही लोग आपको ठेंगा दिखा देंगे। जिसके चलते आपका मन थोड़ा खिन्न रहेगा।

हालांकि सप्ताह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध थोड़ा राहत भरा रहने वाला है। इस दौरान आप अपने करियर और कारोबार से जुड़े कुछ बड़े निर्णय लेते हुए आत्मनिर्भर होने का प्रयास कर सकते हैं। खास बात ये कि बड़े फैसलों से आपके जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव भी देखने को मिलेगा। इस सप्ताह आपकी किसी प्रिय व्यक्ति से लंबे समय बाद मुलाकात हो सकती है। इस दौरान आपको किसी मांगलिक उत्सव में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। कठिन समय में लव अथवा लाइफ पार्टनर आपकी ताकत बनेगा। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी को गुड़-चने का भोग लगाकर चालीसा का सात बार पाठ करें।

9 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
धनु राशि  
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सफलता के नये द्वार खोलने वाला साबित होगा। आपको लंबे समय से जिस अवसर की तलाश थी, इस सप्ताह किसी इष्टमित्र अथवा प्रभावी व्यक्ति की मदद से मिल जाएगा। यदि आप लंबे समय से बेरोजगार चल रहे थे तो आपको इस सप्ताह मनचाहा रोजगार मिल सकता है। वहीं पहले से कार्यरत लोगों को अधिकारी वर्ग की तरफ से प्रोन्नति का पुरस्कार प्राप्त हो सकता है।

सप्ताह की शुरुआत में कारोबार में थोड़ा आर्थिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है लेकिन उत्तरार्ध तक चीजें आपके कंट्रोल में होंगी। इस दौरान आपकी व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ जाएंगी। इस दौरान आप मनचाहा लाभ कमाने के लिए अपनी कारोबारी रणनीति में बड़ा बदलाव कर सकते हैं।

कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं सुखद, सफल एवं लाभप्रद साबित होंगी। इस सप्ताह आपकी आय के नये स्रोत बनेंगे तथा संचित धन में वृद्धि होगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में धनु राशि पर उनके गुरु, पिता एवं इष्टमित्रों की विशेष कृपा बनी रहेगी। लव लाइफ की दृष्टि से पूरा सप्ताह अनुकूल है। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। छोटी-मोटी दिक्कतों को यदि इग्नोर कर दें तो सेहत भी सामान्य रहेगी। 

उपाय: प्रतिदिन पीले चंदन का तिलक लगाएं और पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

10 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
मकर राशि 
मकर राशि के जातको को इस सप्ताह आलस्य और अभिमान से बचने की बहुत ज्यादा आवश्यकता रहेगी। इस सप्ताह यदि आप किसी कार्य को आलस्य अथवा अभिमान के कारण छोड़ देने का निर्णय करते हैं तो आपको बाद में उसके लिए पछताना पड़ सकता है। सप्ताह की शुरुआत में मकर राशि के जातकों को भूमि-भवन अथवा पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरा जमीन-जायदाद से जुड़े मामले का समाधान निकालने के लिए आपको कोर्ट-कचहरी के चक्कर तक लगाने पड़ सकते हैं।

व्यवसाय से जुड़े लोगों को सप्ताह की शुरुआत में कारोबार में थोड़ी मंदी का सामना करना पड़ सकता है। इस सप्ताह आपकी आय में कभी बहुत ज्यादा गिरावट तो कभी अपेक्षा से अधिक लाभ होने की स्थितियां बनेंगी। इस सप्ताह संतानपक्ष से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकती है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में भाई अथवा बहन के साथ किसी बात को लेकर तकरार हो सकती है। किसी तीसरे व्यक्ति की जरूरत से ज्यादा दखलंदाजी से आपकी लव लाइफ में दिक्कतें आ सकती हैं। दांपत्य जीवन में भी जीवनसाथी से रूठने और मनाने का दौर चलता रहेगा। 

उपाय: प्रतिदिन पंचमुखी हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा एवं श्री सुंदरकांड का पाठ करें।

11 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में छोटे-छोटे कार्यों को भी पूरा करने में अधिक परिश्रम और प्रयास करना पड़ सकता है। इस दौरान आपके सामने करियर और कारोबार को लेकर तमाम तरह की समस्याएं सामने आ सकती हैं, लेकिन आप धैर्य और विवेक के साथ उसका समाधान खोजने में अंतत: कामयाब हो जाएंगे। इस सप्ताह आपकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहेगी। सप्ताह की शुरुआत में कुछ बड़े खर्चों के कारण आपका बना-बनाया बजट गड़बड़ा सकता है। सत्ता-सरकार से जुड़े कार्य मनमुताबिक तरीके से न पूरे हो पाने के कारण मन थोड़ा खिन्न रहेगा।

सप्ताह के मध्य में आपको मौसमी अथवा किसी पुरानी बीमारी के दोबारा उभरने से शारीरिक और मानसिक कष्ट हो सकता हैं। इस दौरान अपना खानपान एवं दिनचर्या सही रखें। कुंभ राशि के जातकों को इस सप्ताह व्यक्तिगत रिश्तों में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत रहेगी। सप्ताह के पूर्वार्ध में आपके पिता के साथ किसी बात को लेकर संबंध बिगड़ सकते हैं। यदि आप चाहते हैं कि आपको लोगों से पूरा सहयोग और समर्थन मिले तो आपको उनके साथ विनम्रता और आदर के साथ पेश आना होगा। प्रेम संबंध में उतावलेपन से बचें तथा उसका बेवजह प्रदर्शन न करें। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव को बेलपत्र अथवा शमीपत्र चढ़ाकर रुद्राष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

12 of 12
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत भले ही आपाधापी भरी रहे लेकिन उत्तरार्ध तक चीजें आपके नियंत्रण में आती हुई नजर आएंगी। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो सप्ताह की शुरुआत में आपके सिर पर कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ सकता है। इस दौरान आपको अपने कार्यक्षेत्र में अपने विरोधियों से खूब सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी क्योंकि वे आपके काम में बाधा डालने के लिए षडयंत्र रच सकते हैं।

सप्ताह की शुरुआत में आप जिस व्यक्ति से अपेक्षा करेंगे वही समय पर काम नहीं आएगा। ऐसे में किसी दूसरे पर निर्भर रहने की बजाय हर कार्य को अपने दम पर पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। यदि आप चाहते हैं कि सप्ताह के अंत तक आपको आर्थिक दिक्कत से न जूझना पड़े तो आपको सप्ताह से ही धन का प्रबंधन करके चलना चाहिए। सप्ताह के मध्य में पार्टनरशिप में कारोबार करने वालों को कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान बाजार में फंसे पैसे को निकालने के लिए अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है।

इस सप्ताह माता की सेहत को लेकर आपका मन चिंतित रहेगा। यदि आपकी लव पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर तकरार चल रही है तो समझौता करने में आपका स्वाभिमान आड़े आ सकता है। दांपत्य जीवन को सुखमय बनाए रखने के लिए जीवनसाथी की भावनाओं की कद्र करें। 

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और नारायण कवच का पाठ करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें