फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weekly Horoscope (16 to 22 Mar 2026): पढ़ें सभी 12 राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा मार्च का तीसरा सप्ताह

Sat, 14 Mar 2026 01:21 PM IST
Jyoti Mehra ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

Weekly Horoscope (16 Mar to 22 Mar 2026): साल के तीसरे माह के तीसरे सप्ताह की शुरुआत 16 मार्च से होगी और 22 मार्च तक चलेगा। नौकरी, व्यापार, सेहत, करियर और वैवाहिक जीवन के लिए कैसा रहेगा सप्ताह? आइए जानते हैं चंद्र राशि के आधार पर सभी 12 राशियों का साप्ताहिक राशिफल।
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल 16 से 22 मार्च 2026 - फोटो : Amar Ujala
Saptahik Rashifal (16 Mar to 22 Mar 2026): मार्च 2026 का तीसरा सप्ताह कई मायनों में अहम साबित हो सकता है। इस दौरान ग्रहों की स्थिति कुछ राशियों के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगी, जबकि कुछ लोगों को सोच-समझकर कदम बढ़ाने की जरूरत होगी। इस सप्ताह का समय परिवर्तन नए अवसरों का संकेत दे रहा है, जिससे जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में हलचल देखने को मिलेगी। ऐसे में अपने कामों को जोश और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाना फायदेमंद साबित होगा। धन, सेहत और रिश्तों के मामलों में संतुलित दृष्टिकोण अपनाना सभी के लिए सही रहेगा।

ग्रह-नक्षत्रों का प्रभाव कुछ जातकों को अपने लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ने में मदद करेगा। वहीं, कुछ लोगों के लिए यह समय धैर्य, समझदारी और सतर्कता की परीक्षा ले सकता है। आइए जानते हैं कि इस सप्ताह आपकी राशि पर ग्रहों का कैसा असर रहेगा और किन बातों का ध्यान रखकर आप आने वाले उतार-चढ़ाव को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं।
विज्ञापन

2 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मेष
मेष राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने काम और फैसल बहुत सूझबूझ और सावधानी के साथ करने होंगे। इस सप्ताह आप सार्वजनिक स्थानों पर कोई ऐसा काम न करें जिससे आपकी मान-प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे। वाहन सावधानी के साथ चलाएं और नियमों का उल्लंघन करने से बचें अन्यथा आर्थिक नुकसान के साथ चोट आदि लगने की आशंका है।

सप्ताह के पूर्वार्ध में आपको करियर-कारोबार में अपेक्षाकृत कुछ कम लाभ और सफलता मिलने की आशंका है। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को बाजार में आई मंदी से जूझना पड़ सकता है। धन का लेन-देन करते समय खूब सावधानी बरतें। कागज संबंधी कार्य समय पर निपटाएं अन्यथा अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ सकती है। नौकरीपेशा लोगों सप्ताह के मध्य में अपने कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से वाद-विवाद करने से बचना होगा।

सप्ताह के उत्तरार्ध में एक बार फिर स्थितियां धीरे-धीरे ही सही लेकिन अनुकूल होती नजर आएंगी। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए बात-व्यवहार करते समय विनम्रता बनाए रखें। प्रेम संबंध में गलतफहमियों से बचें और अपने पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें।

उपायः प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए हुए है। इस सप्ताह आपके सोचे हुए काम समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होंगे। इससे आपके भीतर सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। सप्ताह के पूर्वार्ध में आप अपने कठिन परिश्रम से कोई बड़ा कार्य करके दिखाएंगे, जिसके चलते कार्यक्षेत्र में आपके मान-सम्मान में बढ़ोत्तरी होगी। सीनियर और जूनियर दोनों का भरपूर सहयोग मिलेगा। व्यवसाय की दृष्टि से पूरा सप्ताह आपके लिए अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद है। सत्ता सरकार से जुड़े मामले में आ रही बाधाएं इस सप्ताह दूर होंगी। पूर्व में किए गए निवेश से खासा धन लाभ होगा।

सप्ताह के उत्तरार्ध में कारोबार के संबंध में लंबी दूरी की यात्रा संभव है। इस दौरान आपको जनसंपर्क से खूब लाभ प्राप्त होगा। प्रभावी लोगों के साथ आपके संबंध मजबूत होंगे। जिनके जरिए भविष्य में लाभप्रद योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। सेहत की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए सामान्य रहने वाला है। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। भाई-बहनों के साथ स्नेह बना रहेगा। संतान पक्ष की तरफ से सुखद समाचार की प्राप्ति होगी। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपायः प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा एवं शिव चालीसा का पाठ करें।

4 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए मार्च महीने का यह सप्ताह थोड़ा ज्यादा ही भागदौड़ वाला रहेगा, लेकिन सुखद बात यह है कि इस हफ्ते आपकी मेहनत रंग लाएगी और आपको करियर कारोबार में मनचाही प्रगति और लाभ की प्राप्ति होगी। सप्ताह के पूर्वार्ध में आपकी मुलाकात किसी प्रिय व्यक्ति या अभिन्न मित्र से संभव है, जिसके साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। इस दौरान अचानक से स्वजनों के साथ पिकनिक, पार्टी या पर्यटन का प्रोग्राम बन सकता है।

सप्ताह के मध्य में किसी बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार की प्राप्ति संभव है। इस दौरान कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। पैतृक संपत्ति में आ रही अड़चनें दूर होंगी। नौकरीपेशा लोगों की पदोन्नति अथवा मनचाहे स्थान पर तबादले की मनोकामना पूरी हो सकती है। मिथुन राशि के जातकों को सप्ताह के उत्तरार्ध में अपने सेहत और संबंध पर थोड़ा ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान मौसमी बीमारी अथवा किसी पुराने रोग के कारण शारीरिक पीड़ा मिलने की आशंका बनी रहेगी। प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे। 

उपायः प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
 
विज्ञापन

5 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क
कर्क राशि वालों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य को साथ लिए हुए है। इस सप्ताह आपको जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। सप्ताह की शुरुआत लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा के साथ होगी। यात्रा सुखद एवं नये संपर्कों को बढ़ाने वाली तथा सफल साबित होगी। इस सप्ताह कर्क राशि के जातकों को घर और बाहर दोनों जगह स्वजनों और शुभचिंतकों का सहयोग और समर्थन मिलेगा।

सप्ताह के पूर्वार्ध का समय छात्र वर्ग के लिए शुभ साबित होगा। उन्हें उनके परिश्रम का मनचाहा परिणाम प्राप्त होगा। उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास सफल होंगे। रोजी-रोजगार तलाश रहे लोगों को मनचाहा काम मिल सकता है। पहले से कार्यरत लोगों का कार्यक्षेत्र में कद और पद बढ़ेगा। उनके कार्य को सीनियर सराहेंगे। व्यवसायी वर्ग इस सप्ताह के अंत तक कोई बड़ी कारोबारी डील कर सकते हैं, जिससे बाजार में उनकी साख बढ़ेगी।

घरेलू महिलाओं का मन इस दौरान धार्मिक कार्यों में खूब रमेगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह अत्यंत ही सुखद है। परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा। वैवाहिक जीवन और प्रेम संबंध में मधुरता बनी रहेगी।

उपायः प्रतिदिन भगवान शंकर की पूजा में चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह
सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह सावधानी हटी, दुर्घटना घटी वाला स्लोगन हर समय ध्यान रखना होगा। कहने का तात्पर्य यह है कि सेहत, संबंध और कामकाज को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें अन्यथा आपको इस सप्ताह आर्थिक, मानसिक एवं पारिवारिक कष्ट सहना पड़ सकता है। सिंह राशि के जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत काफी भागदौड़ वाली रहेगी। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों के सिर पर अचानक से कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ सकता है।

कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से मनचाहा सहयोग न मिलने से भी मन खिन्न रहेगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को बाजार में फंसे धन निकालने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करने होंगे। सप्ताह के मध्य में भूमि-भवन से जुड़े विवाद घर के किसी बुजुर्ग व्यक्ति की सेहत को लेकर आपका मन चिंतित रहेगा। सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह जोखिम भरी योजनाओं में निवेश करने से बचना चाहिए। इस सप्ताह आपको अपने रिश्तों को बेहतर बनाए रखने के लिए किसी तीसरे व्यक्ति की मध्यस्थता की बजाय स्वजनों के साथ सीधा संवाद बनाए रखना हितकर रहेगा। 

उपायः प्रतिदिन सूर्य देवता को अर्घ्य देकर सूर्याष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या
कन्या राशि वालों के लिए यह सप्ताह औसत फलदायी साबित होगा। इस सप्ताह आपको किए गये कार्यों में परिश्रम और प्रयास मुकाबले कम फल की प्राप्ति होने की आशंका है। कार्यक्षेत्र में आपके द्वारा की गई मेहनत का पूरा श्रेय न मिलने और आपकी उपेक्षा किए जाने के कारण आपका मन खिन्न रहेगा। इस सप्ताह कन्या राशि के जातकों का अपने कार्यक्षेत्र में विरोधियों की बातों को इग्नोर करते हुए अपने कार्य पर ध्यान देना होगा।

इस सप्ताह घर हो या बाहर सभी जगह मौन श्रेयस्कर साबित होगा। पूरे सप्ताह आप अपने कार्य और अच्छे व्यवहार से लोगों को जवाब देने का प्रयास करें। यदि आप ऐसा करने में सफल रहते हैं तो सप्ताह के अंत तक आपको परिस्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आता हुआ नजर आएगा।

कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह अपनी संतान के भविष्य को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस सप्ताह आप उन सगे-संबंधियों को लेकर कोई कठोर निर्णय ले सकते हैं, जो आपकी अक्सर आलोचना करते हैं। प्रेम संबंध को मजबूत बनाए रखने के लिए अपने लव पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें। 

उपायः प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी पूजा दूर्वा चढ़ा कर करें।

8 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला 
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ साबित होगा। इस सप्ताह की शुरुआत किसी बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार से होगी, जिसके कारण आपके घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। करियर-कारोबार में प्रगति एवं लाभ के योग बन रहे हैं।

कार्यक्षेत्र में आपके कामकाज को सराहा जाएगा। कोई महत्वपूर्ण पद या जिम्मेदारी आपको मिल सकती है। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपके लिए सप्ताह के पूर्वार्ध का समय अत्यंत ही शुभ और कारोबार की दृष्टि से अनुकूल रहने वाला है। इस दौरान आप बाजार में फंसे पैसे को निकालने में कामयाब हो जाएंगे। इसी प्रकार बाजार में आई तेजी से लाभ उठाने में भी कामयाब होंगे। मार्केट में आपकी साख और संचित धन में वृद्धि होगी।

सप्ताह के उत्तरार्ध में आप साम-दाम-दंड-भेद सभी तरह की नीतियों को अपनाते हुए अपने विरोधियों को परास्त करने में अंततः कामयाब होंगे। इस दौरान सत्ता-सरकार से जुड़े हुए लोगों के साथ संबंध मजबूत होंगे। सप्ताह के अंत में नौकरीपेशा लोगों की आय के नये स्रोत बनेंगे। प्रेम संबंध में लव पार्टनर के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा।

 उपायः  प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।

9 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा और खास बात यह कि इस राशि के जातक परिश्रम और प्रयास करते हुए हर अच्छे अवसर का लाभ उठाने में कामयाब रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा से होगी। इस दौरान आपकी प्रभावी लोगों के साथ संबंध स्थापित होंगे। सप्ताह के पूर्वार्ध में आप कठिन परिश्रम और प्रयास से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में कामयाब रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपका प्रभुत्व बढ़ेगा। इस दौरान सीनियर आपको कोई बड़ा प्रोजेक्ट सौंप सकते हैं।

इस सप्ताह पैतृक संपत्ति की प्राप्ति में आ रही अड़चन समाप्त हो जाएंगी। किसी बुजुर्ग व्यक्ति की मध्यस्थता से भूमि-भवन आदि का विवाद दूर होने पर आप राहत की सांस लेंगे। वृश्चिक राशि के जातकों की सेहत इस सप्ताह सामान्य रहेगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में परिवार के साथ किसी तीर्थ स्थान की यात्रा के योग बनेंगे। इस दौरान आपका मन धार्मिक-सामाजिक कार्यों में खूब रमेगा। इस सप्ताह परिवार के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के खूब अवसर प्राप्त होंगे। प्रेम संबंध में प्रगाढ़ता आएगी। 

उपायः  प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में चालीसा का सात बार पाठ किया करें।
 

10 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु 
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। यदि आप बीते कुछ समय से किसी समस्या को लेकर परेशान चल रहे थे तो इस सप्ताह किसी प्रभावी व्यक्ति अथवा इष्ट मित्रों की मदद से उसका हल निकल आएगा। इस सप्ताह नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा। कार्यक्षेत्र में जो लोग अभी तक आपके कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे, वे भी आपकी प्रतिभा का लोहा मानेंगे। कुल मिलाकर कार्यक्षेत्र का वातावरण आपके अनुकूल रहेगा। व्यवसाय से जुड़े लोग इस सप्ताह अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की दिशा में कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं।

कारोबार में बीते कुछ समय में जो परिश्रम और प्रयास आपने किया है, उसका लाभ आप इस सप्ताह उठाने में कामयाब रहेंगे। इस सप्ताह आपके सामने पार्टनरशिप में काम करने के अच्छे प्रस्ताव सामने आ सकते हैं। रिश्ते-नाते मधुर बने रहेंगे। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। भाई-बहनों के बीच प्रेम और सामंजस्य बढ़ेगा। इस सप्ताह धनु राशि के जातकों को अपने लव पार्टनर से कोई बड़ा सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपायः  प्रतिदिन भगवान विष्णु को केसर का तिलक लगाकर पूजा एवं उनके मंत्रों का जप करें।
 

11 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए भी यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस सप्ताह आपको अपने करियर और कारोबार में प्रगति करने के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। घर और बाहर दोनों जगह लोगों को भरपूर स्नेह, समर्थन और सहयोग प्रदान करेंगे। कला जगत से जुड़े लोग अपनी बुद्धि और कौशल से कोई बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। यदि आप लंबे समय से विदेश में अपना करियर या कारोबार जमाने की दिशा में प्रयासरत थे तो आपको इस सप्ताह उसमें आ रही अड़चनें दूर होंगी।

सप्ताह के मध्य में संतान से जुड़ा कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा। इस दौरान आपका अधिकांश समय स्वजनों और इष्ट मित्रों के साथ हंसी-खुशी बीतेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी अधूरे या फिर अटके हुए कार्य के पूरा होने पर आपको मानसिक संतोष प्राप्त होगा। व्यवसाय की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए उत्तम कहा जाएगा। इस दौरान आप कोई बड़ी कारोबारी डील कर सकते हैं। कारोबार में खासा लाभ होगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से पूरा सप्ताह आपके लिए शुभ कहा जाएगा। पारिवारिक एकता बनी रहेगी। जीवनसाथी से सुख-सहयोग की प्राप्ति  होगी। 

उपायः  प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा एवं रुद्राष्टकं का पाठ करें।
 

12 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह औसत फलदायी रहने वाला है। इस सप्ताह आपको किसी भी कार्य को जल्दबाजी में करने से बचना होगा। आप नौकरीपेशा व्यक्ति हों या फिर कारोबारी आपको किसी भी कार्य को टालने की प्रवृत्ति या फिर उसमें लापरवाही करने से बचना होगा, अन्यथा बनते काम भी बिगड़ सकते हैं।

सप्ताह के पूर्वार्ध नौकरीपेशा लोगों को छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने के लिए भी अधिक परिश्रम और प्रयास करना पड़ सकता है। इस दौरान आपके विरोधी आपके काम में अड़ंगे डालने की कोशिश कर सकते हैं। सीनियर की तरफ से भी आपको अपेक्षाकृत सहयोग और समर्थन नहीं मिलेगा। ऑफिस के कार्य समय पर पूरे न हो पाने पर मन में चिंता और निराशा बनी रहेगी।

सप्ताह के उत्तरार्ध में भूमि-भवन आदि से जुड़े विवाद उत्पन्न हो सकते हैं। ऐसे विवादों के लिए कोर्ट-कचहरी जाने की बजाय बातचीत के जरिए हल निकालने का प्रयास करें। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस सप्ताह धन के लेनदेन में खूब सावधानी बरतनी होगी। सप्ताह की शुरुआत से ही धन का प्रबंधन करके चलना उचित रहेगा।

उपायः  प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
 
विज्ञापन

13 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। इस सप्ताह आपको अपने धन, समय और ऊर्जा का प्रबंधन करके चलना उचित रहेगा। सप्ताह की शुरुआत से ही आपको अपनी सेहत और संबंध का विशेष ख्याल रखने की जरूरत रहेगी। इस दौरान जहां मौसमी बीमारी आपकी शारीरिक पीड़ा का कारण बन सकती है तो वहीं घर-परिवार के किसी प्रिय सदस्य के साथ हुआ विवाद आपके मानसिक तनाव का कारण बनेगा। नौकरीपेशा लोगों को सप्ताह के शुरुआत में कामकाज के सिलसिले में जरा ज्यादा ही भागदौड़ करनी पड़ सकती है।

इस दौरान कामकाज की अधिकता और कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से मनचाहा सहयोग न मिल पाने के कारण मन परेशान रहेगा। अत्यधिक कार्यभार और बिगड़ी हुई लाइफ स्टाइल आपकी सेहत को प्रभावित कर सकती है। मीन राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी के विवाद में पड़ने की बजाय अपने लक्ष्य पर फोकस करना उचित रहेगा। घर-परिवार के सदस्यों के बीच बेहतर तालमेल लिए अपनी वाणी में मधुरता और स्वभाव में विनम्रता लाएं। प्रेम संबंध में उतावलेपन से बचें।

 उपायः  प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें।


 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें