फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साप्ताहिक राशिफल: सितंबर के तीसरे सप्ताह में इन 4 राशियों को मिलेंगे नए अवसर, पढ़ें 12 राशियों का हाल

Fri, 11 Sep 2026 01:02 PM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

साप्ताहिक राशिफल (14 से 20 सितंबर): सितंबर का तीसरा सप्ताह धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। ऐसे में आइए जानते हैं 14 से 20 सितंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल।
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल 14 से 20 सितंबर 2026 - फोटो : AI
सितंबर का तीसरा सप्ताह यानी 14 से 20 सितंबर 2026 ज्योतिषीय दृष्टि से कई महत्वपूर्ण ग्रह परिवर्तनों के कारण खास रहने वाला है। इस सप्ताह 17 सितंबर को सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे बुद्धि, कार्यक्षमता, स्वास्थ्य और नौकरी से जुड़े मामलों पर प्रभाव पड़ सकता है। वहीं 18 सितंबर को मंगल कर्क राशि में गोचर करेंगे, जिसका असर साहस, ऊर्जा, पारिवारिक जीवन और आर्थिक फैसलों पर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा सप्ताह की शुरुआत गणेश चतुर्थी और हरितालिका तीज जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के साथ होगी। ग्रहों की इन बदलती स्थितियों के कारण कुछ राशियों के लिए करियर और धन के मामले में नए अवसर बन सकते हैं, जबकि कुछ जातकों को जल्दबाजी, विवाद और खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा। आइए जानते हैं 14 से 20 सितंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल।
विज्ञापन

2 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मेष
मेष राशि के जातकों को इस सप्ताह अभिमान और अपमान से बचने की आवश्यकता है। किसी भी व्यक्ति के साथ बात-व्यवहार करते समय खूब सावधानी बरतें और क्रोध में आकर कोई बड़ा फैसला लेने से बचें। सप्ताह के पूर्वार्ध में खर्च की अधिकता रहेगी। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को किसी भी योजना में धन निवेश करने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। पूरे सप्ताह कारोबार में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। मार्केट में फंसे धन को निकालने के लिए आपको खूब परिश्रम और प्रयास करना होगा।

नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह अपने कार्यक्षेत्र में लोगों के साथ तालमेल बिठाते हुए काम करना होगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपके काम में बाधा डालने का कार्य करेंगे। ऐसे में आप अपनी योजनाओं को गुप्त रखें और पूरा होने से पहले उसका खुलासा भूलकर भी न करें। सप्ताह के उत्तरार्ध में संतान पक्ष से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का कारण बन सकती है। यदि अचानक से आपके सिर पर कोई बड़ी जिम्मेदारी आ सकती है। घर-परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर अनबन होने की आशंका है। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ आगे बढ़ें।

उपाय: प्रतिदिन मां सरस्वती की उपासना में श्री सरस्वती अष्टकम् का पाठ करें।

 
विज्ञापन

3 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायक है। इस सप्ताह किसी भी कार्य में लापरवाही या जल्दबाजी नहीं करनी है, वरना आपको आर्थिक नुकसान और परेशानियां झेलनी पड़ सकती है। सप्ताह की शुरुआत में किसी प्रिय व्यक्ति की खराब सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस दौरान पारिवारिक उलझनों के कारण आपका कामकाज भी प्रभावित होगा। यदि आप साझेदारी में व्यवसाय करते हैं तो अपने पार्टनर पर आंख मूंद कर विश्वास न करें और किसी भी बड़े निर्णय को लेते समय खूब सावधानी बरतें।

इस सप्ताह आपको धन खूब सोच समझकर खर्च करें तथा किसी को उधार देने से बचें। नौकरीपेशा लोगों के कामकाज में अचानक से बड़ा बदलाव हो सकता है। अनचाही जगह पर स्थानांतरण से मन उदास रहेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में भूमि, भवन आदि से जुड़े मामले आपकी चिंता का कारण बनेंगे। इस सप्ताह वृषभ राशि के जातकों को दूसरों के भरोसे काम करने से बचना चाहिए। रिश्ते-नाते की दृष्टि से पूरा सप्ताह विपरीत फल लिए हुए है। अपने भी पराये जैसा व्यवहार कर सकते हैं, जिससे मन दुखी रहेगा। कठिन समय में लव पार्टनर की ओर मिलने वाली मदद संबल प्रदान करेगी।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।
 

4 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा आपाधापी भरा रहेगा लेकिन आपके द्वारा किया गया प्रयास और परिश्रम इस सप्ताह रंग लाएगा। कार्यक्षेत्र में अपने अधीनस्थों की मदद से टारगेट को समय पर पूरा करने में कामयाब होंगे। व्यवसाय में प्रगति होगी। कारोबार के सिलसिले में सप्ताह के पूर्वार्ध में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा सुखद एवं नये संपर्कों को बढ़ाने वाली साबित होगी। आर्थिक दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य कहा जाएगा। इस सप्ताह जहां आय के नये स्रोत बनेंगे और धन लाभ होगा तो वहीं सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों को क्रय करने पर खर्च भी खूब होगा।

सप्ताह के उत्तरार्ध का समय पूर्वार्ध के मुकाबले थोड़ा चुनौती भरा रहेगा और विरोधी आपके कामकाज में अड़ंगे डालने की कोशिश कर सकते हैं लेकिन आप अपने शुभचिंतकों की मदद से सभी बाधाओं को पार करते हुए मनचाही सफलता प्राप्त करेंगे। यदि आप भूमि-भवन के क्रय-विक्रय की योजना बना रहे हैं तो सप्ताह के उत्तरार्ध तक आपको इस दिशा में मनचाही सफलता और लाभ की प्राप्ति संभव है। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी। लव पार्टनर हो या फिर लाइफ पार्टनर उसके साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री कृष्ण की विधि-विधान से पूजा तथा मधुराष्टकम् का पाठ करें।
 
विज्ञापन

5 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क
कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखने की जरूरत रहेगी क्योंकि आपकी बात से ही बात बनेगी और बात से ही बात बिगड़ेगी। सप्ताह की शुरुआत में आपका मन कुछेक चीजों को लेकर परेशान रहेगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में विरोधी आपको परेशान करने की कोशिश करेंगे लेकिन अपने शुभचिंतकों और सीनियर की मदद से आप हर संकट से उबरने में कामयाब हो जाएंगे। सप्ताह की शुरुआत भले ही आपके लिए चुनौती भरी रहे लेकिन मध्य के बाद सौभाग्य आपके साथ बना रहेगा।

आप अपने इष्ट-मित्रों की मदद से अटके हुए कार्यों को पूरा करने में कामयाब होंगे। आप पाएंगे कि आपकी उन्नति के द्वार स्वत: ही खुलते जा रहे हैं। यदि भूमि-भवन से जुड़ा कोई विवाद चल रहा है तो किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से वह दूर हो जाएगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपका मन धार्मिक क्रियाकलापों में खूब रमेगा। इस दौरान अचानक से तीर्थाटन भी संभव है। सप्ताह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी की उन्नति एवं प्रगति से मन प्रसन्न रहेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। छात्र वर्ग को परिश्रम का पूरा फल प्राप्त होगा। उच्च शिक्षा का सपना पूरा होगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करते हुए लिंगाष्टकं का पाठ करें।
 
विज्ञापन

6 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह
सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह दूसरों के विवाद में उलझने की बजाय अपने काम से काम करना चाहिए। सप्ताह की शुरुआत में आपका मन अपने कामकाज, पठन-पाठन आदि से भटक सकता है। इस दौरान आप बेवजह की चीजों में उलझ कर अपने कीमती समय को बर्बाद करने से बचें। सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह कुछेक चीजों के लिए न कहना बेहतर रहेगा।

सप्ताह के पूर्वार्ध में घरेलू चिंताएं आपको परेशान कर सकती हैं। किसी कार्य विशेष के लिए परिवार के सदस्यों का सहयोग और समर्थन न मिल पाने पर मन परेशान रहेगा। इस दौरान आपके स्वभाव में उग्रता आ सकती है। ऐसे में घर और बाहर दोनों जगह लोगों की छोटी-मोटी बातों को तूल देने से बचें और अपने लक्ष्य पर फोकस करें।

सप्ताह के उत्तरार्ध में सेहत और संबंध दोनों को लेकर लापरवाही न करें। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो शॉर्टकट तरीके से धन कमाने के चक्कर में न पड़ें अन्यथा पास के लाभ में दूर का नुकसान झेलना पड़ सकता है। अपने कागजी काम समय पर निबटाएं और धन का लेनदेन खूब सावधानी के साथ करें। खट्टी-मीठी तकरार के साथ प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पीले पुष्प अर्पित करके पूजा एवं नारायण कवच का पाठ करें।
 
विज्ञापन

7 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले जुले फल देने वाला कहा जाएगा। सप्ताह की शुरुआत के दो-तीन दिन को यदि इग्नोर कर दिया जाए तो सामान्य रूप से आपको कामकाज में मनचाही प्रगति एवं लाभ होता हुआ नजर आएगा। इस हफ्ते आपको करियर और कारोबार में किसी बड़े फैसले को लेते समय अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए और जल्दबाजी में फैसला करने से बचना चाहिए। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। उच्च अधिकारियों के सहयोग से आप असंभव लगने वाले कार्य को भी समय पर पूरा कर पाने में कामयाब हो जाएंगे।

सप्ताह के मध्य में रोजी-रोजगार में बदलाव के अवसर प्राप्त होंगे। यह समय व्यवसाय की दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान बाजार में आई मंदी आपकी चिंता का कारण बनेगी, हालांकि सप्ताह के उत्तरार्ध तक कारोबार पटरी पर लौटता हुआ दिखाई देगा। इस दौरान किसी प्रिय व्यक्ति के घर में आगमन से खुशियों का माहौल बना रहेगा। इस दौरान स्वजनों के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर मिलेंगे। प्रेम संबंध में अनुकूलता बनी रहेगी। पारस्परिक प्रेम और विश्वास में वृद्धि होगी। घर-परिवार में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। किसी धार्मिक-आध्यात्मिक व्यक्ति का विशेष आशीर्वाद बरसेगा।

उपाय: प्रतिदिन गणपति की विधि-विधान से पूजा और श्री गणेश चालीसा का पाठ करें।
 

8 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला
तुला राशि के जातकों को इस सप्ताह सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा। सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होंगे। कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर तो निजी जीवन में साथी संगी आपकी मदद के लिए हर पल तैयार रहेंगे। इस सप्ताह नौकरीपेशा लोगों की आय वृद्धि के योग बन रहे हैं। बेरोजगार लोगों को रोजी-रोजगार की प्राप्ति होगी तो वहीं पहले से कार्यरत लोगों की पदोन्नति संभव है। आय के नये स्रोत बनेंगे और संचित धन में वृद्धि होगी। बाजार में फंसा हुआ या फिर किसी को उधार दिया गया धन आपको वापस मिल जाएगा।

पूरे सप्ताह आपका पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा और आप अपने काम को पूरे मनोयोग के साथ करेंगे। यदि आप समाजसेवा या राजनीति से जुड़े हैं तो आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से पूरा हफ्ता शुभ कहा जाएगा। इस सप्ताह आपके पारिवारिक दायित्वों में वृद्धि होगी। आप पर माता-पिता का विशेष स्नेह बरसेगा तो वहीं भाई-बहन एवं मित्रों की तरफ से सुख-सहयोग प्राप्त होगा। सप्ताह के मध्य में स्वजनों के साथ लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा के योग बन सकते हैं। यात्रा सुखद एवं मनोरंजक साबित होगी। उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास सार्थक साबित होंगे।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
 

9 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ और नये अवसरों के द्वार खोलने वाला कहा जाएगा। यदि आप बेरोजगार हैं तो आपको रोजी-रोजगार के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं और पहले से ही कहीं पर कार्यरत हैं तो आपके कद एवं पद में वृद्धि होने की पूरी संभावना बन रही है। इस सप्ताह आपको पूर्व में किये गये परिश्रम और प्रयास का पूरा फल प्राप्त होगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में मनचाही प्रगति होती नज़र आएगी। कारोबार से जुड़ी यात्राएं सुखद एवं लाभप्रद साबित होंगी।

सप्ताह के मध्य में इष्ट मित्रों की तरफ से शुभ समाचार व सुख-सहयोग मिलेगा। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के साथ संपर्क सहयोग बढ़ेगा। इस हफ्ते आप अपनी सूझबूझ से कठिन से कठिन काम को आसानी से पूरा करने में कामयाब होंगे। यदि आपका कोई मामला कोर्ट-कचहरी में चल रहा है तो विरोधी समझौते के लिए खुद पहल कर सकते हैं। घरेलू महिलाओं का मन इस सप्ताह धार्मिक कार्यों में रमेगा। इस सप्ताह विद्यार्थी वर्ग अध्ययन में एकाग्रता महसूस करेंगे और उन्हें परीक्षा-प्रतियोगिता में मनचाही सफलता प्राप्त होगी। लव पार्टनर के साथ आपसी प्रेम और विश्वास बढ़ेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में चालीसा का पाठ करें।
 

10 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह औसत फलदायी कहा जाएगा। इस सप्ताह इस राशि के जातकों का मन किसी समस्या को लेकर बेचैन रहेगा। इस सप्ताह सोचे हुए कार्यों को पूरा करने में कुछेक अड़चन आ सकती हैं। सप्ताह की शुरुआत में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ेगी। यात्रा थकान भरी और उम्मीद से कुछ कम फलदायी साबित होगी।

सप्ताह के पूर्वार्ध में आपके धैर्य और विवेक की पूरी परीक्षा होगी। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में जहां विरोधियों से जूझना पड़ेगा तो वहीं शुभचिंतकों से अपेक्षित सहयोग और समर्थन नहीं मिल पाएगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस सप्ताह धन का लेनदेन करते समय खूब सावधानी बरतनी होगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में घर-परिवार से जुड़ी कुछेक समस्याएं आपकी परेशानी का कारण बन सकती हैं। हालांकि आप अपनी सूझबूझ से इनका समाधान खोजने में कामयाब हो जाएंगे।

पारिवारिक दृष्टि से यह सप्ताह कुछ विपरीत फलकारी कहा जाएगा। ऐसे में स्वजनों के साथ बातचीत करते समय विनम्रता से पेश आएं और उनकी भावनाओं की कद्र करें। इस सप्ताह धनु राशि के जातकों को मौसम की प्रतिकूलता परेशान कर सकती है। सेहत संबंधी कष्ट की अनदेखी करने से बचें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें।
 

11 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ कहा जाएगा। पूरे सप्ताह आप पर किस्मत मेहरबान रहेगी और आपके सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होंगे। सप्ताह की शुरुआत किसी बहुप्रतीक्षित समाचार से होगी। अरसे से लंबित कार्य के पूरे होने पर मन प्रसन्न रहेगा। प्रभावी लोगों के साथ आपके संबंध प्रगाढ़ होंगे और उनकी मदद से लाभप्रद योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। आय से संबंधित स्थितियां अनुकूल बनेंगी। नौकरीपेशा लोगों की आय के नये स्रोत बनेंगे। विदेश से जुड़े काम करने वालों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद कहा जाएगा।

इस हफ्ते आप नवीन कारोबारी योजनाओं पर धन निवेश कर सकते हैं। सत्ता-सरकार से जुड़े प्रभावी लोगों के साथ संपर्क स्थापित होंगे। सेहत और संबंध दोनों दृष्टि से यह सप्ताह आपके पक्ष में है। यदि आप किसी स्वास्थ्य संबंधित पीड़ा से गुजर रहे थे तो उसमें आराम मिलेगा। सुख-साधनों में वृद्धि होगी। आत्मीयजनों की विशेष कृपा आप पर बरसेगी। परिवार के सदस्यों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का अवसर प्राप्त होगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपकी रुचि धर्म-अध्यात्म में बढ़ेगी। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे।

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर जल अर्पित करके शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
 

12 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह हफ्ता मिले जुले फल देने वाला कहा जाएगा। सप्ताह की शुरुआत काफी भागदौड़ भरी और खर्चीली रहने वाली है। इस दौरान आय प्राप्ति में अवरोध आने से आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। परिवार के सदस्यों के साथ व्यर्थ के वाद-विवाद होने की आशंका रहेगी। जीवनसाथी या फिर लव पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर मतभेद या विवाद होने के कारण मानसिक तनाव बना रहेगा। यदि आप किसी योजना या फिर प्रापर्टी आदि में धन निवेश करना चाहते हैं तो ऐसा करने से पहले एक बार अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लें।

व्यवसायी वर्ग के लिए धन निवेश की दृष्टि से अभी समय सही नहीं कहा जाएगा। सप्ताह के पूर्वार्ध का समय भले ही थोड़ा कठिनाई लिए रहे लेकिन उत्तरार्ध में आपकी घरेलू समस्याएं कुछ कम होती नजर आएंगी। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल में उच्च अधिकारियों एवं अधीनस्थों का सहयोग और समर्थन मिलने लग जाएगा। अटके हुए धन की प्राप्ति से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रेम प्रसंग में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं और दिखावा करने से बचें। ननिहाल पक्ष से विशेष सुख-सहयोग की प्राप्ति संभव है।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन
मीन राशि के जातक यदि इस सप्ताह अपनी ऊर्जा एवं समय का सदुपयोग करते हुए अपने कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से करते हैं तो उन्हें उम्मीद से कहीं ज्यादा कार्यों में सफलता और लाभ की प्राप्ति संभव है। इस पूरे हफ्ते आप पर किस्मत के सितारे मेहरबान रहेंगे। कार्यक्षेत्र में नौकरीपेशा लोगों के कामकाज की प्रशंसा होगी।

कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों  और उच्च अधिकारियों का पूर्ण सहयोग मिलेगा। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में निर्णय आपके पक्ष में आ सकता है। आर्थिक दृष्टिकोण से सप्ताह के मध्य का समय आपके लिए अत्यंत ही शुभ कहा जाएगा। इस दौरान आपको अचानक कहीं से धन की प्राप्ति संभव है। व्यवसाय में मनचाहा लाभ प्राप्त होगा। पैतृक संपत्ति और अटका हुआ पैसा मिल सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध नये लोगों से मेल-मुलाकात होगी।

रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल कहा जाएगा। घर-परिवार से जुड़े मामलों में आपके द्वारा लिये गये निर्णयों की तारीफ होगी। इस सप्ताह मीन राशि का विपरीत लिंग की तरफ आकर्षण बढ़ेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। जीवनसाथी के साथ अच्छा तालमेल देखने को मिलेगा। संतान पक्ष उपलब्धि से आपका समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का प्रतिदिन पाठ करें।
 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें