फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साप्ताहिक राशिफल: 5 से 11 अक्तूबर के बीच इन राशियों की दूर होंगी परेशानियां, मिलेंगे नए अवसर

Mon, 05 Oct 2026 05:35 AM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

साप्ताहिक राशिफल (05 से 11 अक्तूबर 2026): अक्तूबर का यह सप्ताह ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। ऐसे में आइए जानते हैं 05 से 11 अक्तूबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल।
 
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल 05 से 11 अक्तूबर 2026 - फोटो : AI
5 से 11 अक्तूबर 2026 के बीच ग्रहों की चाल में होने वाले बदलावों के चलते ज्योतिष के नजरिए से यह सप्ताह महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवधि में शुक्र तुला राशि में वक्री रहेंगे और बुध भी इसी राशि में मौजूद होंगे। 7 अक्तूबर को दोनों ग्रहों की युति बनेगी। ऐसे में संवाद, व्यापारिक गतिविधियों, प्रेम-संबंधों, रचनात्मक क्षेत्रों और आर्थिक मामलों से जुड़े विषय विशेष रूप से चर्चा में रह सकते हैं। शुक्र के वक्री होने के कारण पुराने रिश्तों, पहले लिए गए निर्णयों और वित्तीय योजनाओं पर पुनर्विचार करने की परिस्थितियां बन सकती हैं।

इस दौरान सूर्य कन्या राशि में, जबकि मंगल और गुरु कर्क राशि में स्थित रहेंगे। शनि मीन राशि में वक्री अवस्था में रहेंगे। 8 अक्तूबर को गुरु आश्लेषा नक्षत्र के चौथे चरण में प्रवेश करेंगे और 9 अक्तूबर को शनि उत्तराभाद्रपद नक्षत्र के एक चरण में प्रवेश करेंगे। इसके बाद 11 अक्तूबर को सूर्य चित्रा नक्षत्र में पहुंचेंगे। इसी दिन शुक्र और मंगल के बीच 90 डिग्री का संबंध भी बनेगा।

इन ग्रह स्थितियों का असर करियर, कारोबार, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक संबंधों और निजी जीवन से जुड़े मामलों पर देखने को मिल सकता है। कुछ जातकों को पुराने या अधूरे कार्यों को फिर से आगे बढ़ाने का मौका मिल सकता है। वहीं धन से जुड़े फैसले लेते समय और रिश्तों के मामलों में जल्दबाजी करने के बजाय परिस्थितियों को अच्छी तरह समझना लाभकारी रहेगा। आइए जानते हैं 5 से 11 अक्तूबर 2026 तक सभी 12 राशियों का साप्ताहिक राशिफल।
विज्ञापन

2 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए यह सप्ताह मिश्रित अनुभव लेकर आ सकता है। शुरुआती दिनों में भाग्य का साथ मिलेगा और लंबे समय से अटके काम भी गति पकड़ सकते हैं। इस दौरान की गई यात्राएं लाभदायक और सुखद रहने के संकेत हैं। परिवार और कार्यक्षेत्र में लोगों का सहयोग भी मिलेगा। सप्ताह के मध्य में हालांकि आपको हर काम सोच-समझकर करना होगा। धैर्य और समझदारी के साथ आगे बढ़ेंगे तो परेशानियों के बावजूद लक्ष्य हासिल कर पाएंगे। सप्ताह के दूसरे हिस्से में करियर और कारोबार में मनचाहा परिणाम पाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है, जिससे थकान और तनाव बढ़ सकता है। परिवार के किसी सदस्य की सेहत या परेशानी को लेकर भी चिंता रह सकती है। सप्ताहांत में लंबी यात्रा और जोखिम वाले काम टालना बेहतर रहेगा। धन निवेश में भी सावधानी बरतें। प्रेम संबंधों में भावनाओं में बहकर फैसला लेने से बचें, जबकि दांपत्य जीवन सामान्य बना रहेगा।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह की शुरुआत अनुकूल रहेगी, लेकिन उत्तरार्ध में अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। पारिवारिक चिंता मानसिक तनाव बढ़ा सकती है। प्रेम संबंधों में सतर्कता जरूरी है और आर्थिक मामलों में जोखिम से बचें।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक बजरंग बाण का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ राशि

वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले परिणाम लेकर आएगा। सप्ताह के आरंभ में किसी जरूरी काम में अचानक रुकावट आ सकती है। इसे दूर करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी, लेकिन मित्रों और शुभचिंतकों का सहयोग आपको राहत देगा। प्रेम संबंधों में ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे सामाजिक या पारिवारिक स्तर पर परेशानी खड़ी हो। कार्यक्षेत्र में नियम-कायदों का पालन करना आपके लिए बेहद जरूरी रहेगा। काम को समय पर पूरा न करने पर अनावश्यक मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सप्ताह के दूसरे हिस्से में खानपान और स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतें। किसी जरूरी कार्य के लिए धन उधार लेने की स्थिति भी बन सकती है। अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन और प्रभावशाली लोगों से अच्छे संबंध बनाए रखना लाभकारी रहेगा। वैवाहिक जीवन सामान्य रहेगा और जीवनसाथी की मदद से कोई महत्वपूर्ण काम पूरा हो सकता है। प्रेम जीवन में सकारात्मकता बनी रहेगी। अविवाहित लोगों की मुलाकात किसी पसंदीदा व्यक्ति से हो सकती है।

साप्ताहिक राशिफल:
करियर में नियमों का ध्यान रखें और स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें। आर्थिक जरूरत के कारण कर्ज लेना पड़ सकता है। दांपत्य जीवन सामान्य रहेगा, जबकि प्रेम संबंधों में अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी।

उपाय: रोज भगवान शिव की पूजा करें और स्फटिक शिवलिंग पर श्रद्धापूर्वक जल अर्पित करते हुए रुद्राक्ष की माला से शिव मंत्र का जाप करें।

4 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन राशि

मिथुन राशि के लिए यह सप्ताह सौभाग्य और उपलब्धियों से भरा रह सकता है। शुरुआत से ही कई मामलों में भाग्य आपका साथ देगा और आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा। सप्ताह के मध्य में कहीं अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है। नौकरीपेशा लोगों के लिए समय महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ सकता है। लंबे समय से पदोन्नति या मनचाहे स्थान पर स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे लोगों की इच्छा पूरी हो सकती है। आय और वेतन में बढ़ोतरी के संकेत भी हैं। कारोबारियों को व्यापार में अच्छा लाभ मिलने की संभावना है। किसी बड़ी व्यावसायिक डील से आपकी प्रतिष्ठा और बाजार में पकड़ मजबूत हो सकती है। विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई की ओर बढ़ेगा। पारिवारिक मामलों में सप्ताह की शुरुआत थोड़ी कमजोर रह सकती है और भाई-बहनों या माता-पिता से अपेक्षित सहयोग न मिले, लेकिन बाद में परिस्थितियां बेहतर होंगी। रिश्तों में मधुरता आएगी। प्रेम जीवन सुखद रहेगा और अविवाहित लोगों के जीवन में नया रिश्ता दस्तक दे सकता है। दांपत्य जीवन भी आनंदमय रहेगा।

साप्ताहिक राशिफल:
आर्थिक लाभ, नौकरी में बदलाव और व्यापारिक सफलता के योग हैं। पारिवारिक मतभेद धीरे-धीरे दूर होंगे। विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर हो सकता है और प्रेम व वैवाहिक जीवन में सुख बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन गणेश जी की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक गणेश चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क राशि

कर्क राशि के लिए यह सप्ताह सामान्य परिणाम देने वाला रहेगा। आपको किसी भी काम में जल्दबाजी करने के बजाय पूरी योजना बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। समझदारी और सही रणनीति अपनाने पर कठिन परिस्थितियों को भी अपने पक्ष में किया जा सकता है। विद्यार्थियों का पढ़ाई से ध्यान हट सकता है, इसलिए उन्हें अपनी दिनचर्या व्यवस्थित रखने की जरूरत होगी। सप्ताह के मध्य में काम या कारोबार के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है। व्यवसायियों को सरकारी या प्रशासनिक स्तर पर कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से संबंध खराब न करें। जरूरी कागजी कार्य समय पर पूरा करना भी महत्वपूर्ण रहेगा, वरना आर्थिक नुकसान के साथ प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है। सप्ताह के उत्तरार्ध में धार्मिक यात्रा या किसी तीर्थस्थल पर जाने का अवसर मिल सकता है। पूजा-पाठ और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। प्रेम जीवन में जल्दबाजी न करें और साथी की भावनाओं को समझने का प्रयास करें। संतान से जुड़ी कोई चिंता परेशान कर सकती है।

साप्ताहिक राशिफल:
करियर में धैर्य और रणनीति से काम लेना जरूरी है। सरकारी कामकाज में सावधानी बरतें। धार्मिक यात्रा के योग बनेंगे। प्रेम संबंधों में संयम रखें और संतान से जुड़ी चिंता को लेकर शांत रहें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की विधिपूर्वक पूजा करें और शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह राशि

सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह उपलब्धियों और प्रसन्नता से भरा रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में किसी लंबे समय से प्रतीक्षित इच्छा के पूरी होने से मन खुश रहेगा। आपके कई जरूरी काम समय पर पूरे होंगे और मित्रों व परिवार का भरपूर सहयोग मिलेगा। घर से जुड़ी किसी पुरानी परेशानी का समाधान किसी अनुभवी या प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से निकल सकता है। जमीन-जायदाद से जुड़े विवादों में राहत मिलने के संकेत हैं। अदालत में चल रहे किसी मामले का निर्णय भी आपके पक्ष में आ सकता है। सरकारी या प्रशासनिक स्तर पर अटके काम आगे बढ़ेंगे। स्वास्थ्य की बात करें तो पुरानी बीमारी या तकलीफ में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है। परिवार में आपसी संबंध अच्छे रहेंगे और संतान से जुड़ी कोई सुखद खबर मिल सकती है। विवाह योग्य लोगों के लिए रिश्ता तय होने के योग हैं। प्रेम संबंधों में भरोसा और आत्मीयता बढ़ेगी। सप्ताह के अंतिम दिनों में प्रियजनों और दोस्तों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताने के अवसर मिलेंगे।

साप्ताहिक राशिफल:
इस सप्ताह घरेलू, आर्थिक और कानूनी मामलों में राहत मिल सकती है। स्वास्थ्य में सुधार होगा और पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा। प्रेम जीवन में नजदीकियां बढ़ेंगी, जबकि अविवाहित लोगों के विवाह की बात आगे बढ़ सकती है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक विष्णु चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए यह सप्ताह सामान्य परिणाम देने वाला रहेगा। शुरुआत में किसी जरूरी काम को पूरा करने के लिए आपको काफी प्रयास और दौड़भाग करनी पड़ सकती है। किसी काम में रुकावट के कारण तनाव रहेगा, लेकिन अपनी समझदारी और सही रणनीति से आप परिस्थितियों को अपने पक्ष में करने में सफल रहेंगे। सप्ताह के मध्य में घर के किसी बुजुर्ग की तबीयत चिंता का कारण बन सकती है। करियर और व्यापार से जुड़े फैसले लेते समय जल्दबाजी से बचना जरूरी होगा। साझेदारी में काम करने वालों को पैसों के लेनदेन में विशेष सावधानी रखनी चाहिए। सभी जरूरी दस्तावेज समय पर और सही तरीके से पूरे करें। विद्यार्थियों को पढ़ाई में कुछ बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। विदेश में नौकरी या कारोबार की योजना बना रहे लोगों को अभी कुछ और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। सप्ताह का दूसरा हिस्सा कारोबारियों के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकता है और बाजार के अवसरों का पूरा लाभ न मिल पाने की आशंका है। प्रेम संबंधों में गलतफहमी पैदा हो सकती है और साथी से मुलाकात में भी अड़चन आ सकती है।

साप्ताहिक राशिफल:
कामकाज में अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। बुजुर्ग की सेहत और आर्थिक लेनदेन को लेकर सतर्क रहें। विदेश संबंधी योजनाओं में देरी संभव है। प्रेम जीवन में संवाद की कमी से गलतफहमी बढ़ सकती है।

उपाय: रोज भगवान गणेश की पूजा करें और गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।

8 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला राशि

तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सफलता और लाभ के अवसर लेकर आएगा। आपके पिछले प्रयासों का अच्छा परिणाम मिलने की संभावना है और कामकाज में उपलब्धियां हासिल होंगी। नौकरीपेशा लोगों के काम से वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित हो सकते हैं और पद या जिम्मेदारी में वृद्धि के संकेत मिल सकते हैं। सही समय पर लिया गया कोई निर्णय आपके लिए आगे बढ़ने के नए रास्ते खोल सकता है। राजनीति या सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और लोगों के बीच प्रभाव मजबूत होगा। सप्ताह के अंत तक आपके किसी कार्य के लिए विशेष सम्मान भी मिल सकता है। आर्थिक स्थिति पूरे सप्ताह मजबूत रहने के संकेत हैं। व्यापार में अपेक्षित लाभ प्राप्त होगा और धन को व्यवस्थित तरीके से बचाने में भी सफलता मिलेगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में धार्मिक या आध्यात्मिक गतिविधि में शामिल होने का अवसर मिलेगा। संतान से जुड़ी कोई उपलब्धि खुशी देगी। विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई में लगा रहेगा और परीक्षा में मनचाहा परिणाम मिल सकता है। प्रेम और वैवाहिक जीवन में समझ, स्नेह और सामंजस्य बढ़ेगा।

साप्ताहिक राशिफल:
करियर में उन्नति और सम्मान के योग हैं। व्यापार में लाभ तथा धन संचय की संभावना रहेगी। विद्यार्थियों को सफलता मिल सकती है। प्रेम और दांपत्य संबंधों में मधुरता बनी रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक श्रीयंत्र की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक श्री सूक्त का पाठ करें।

9 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए यह सप्ताह सावधानी और समझदारी से आगे बढ़ने का रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में परिस्थितियां कुछ प्रतिकूल रह सकती हैं और किसी जरूरी काम में अचानक बाधा आने से मन परेशान होगा। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों और सहकर्मियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सप्ताह के मध्य में विरोधी आपकी योजनाओं में रुकावट डालने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए अपने काम में सतर्कता रखें और जरूरी जानकारी हर किसी से साझा न करें। सप्ताह के दूसरे हिस्से में सहकर्मियों के साथ मतभेद या तनाव की स्थिति बन सकती है। कारोबारियों को भी इस दौरान जोखिम भरे निवेश और बड़े वित्तीय लेनदेन से बचना चाहिए। विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति गंभीरता बढ़ानी होगी, तभी अपेक्षित परिणाम प्राप्त होंगे। प्रेम संबंधों में साथी का विश्वास बनाए रखने के लिए आपको अपने व्यवहार और वादों के प्रति ईमानदार रहना होगा। दांपत्य जीवन में भी साथी की भावनाओं को समझना और उनका सम्मान करना रिश्ते को मजबूत बनाएगा।

साप्ताहिक राशिफल:
कार्यस्थल पर विरोध और तनाव से बचने के लिए संयम रखें। निवेश और धन के लेनदेन में सावधानी जरूरी है। विद्यार्थियों को एकाग्रता बढ़ानी होगी। प्रेम और वैवाहिक जीवन में भरोसा बनाए रखना महत्वपूर्ण रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक दुर्गा चालीसा का पाठ करें।

10 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु राशि

धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सफलता, प्रगति और आर्थिक लाभ के लिहाज से अनुकूल रह सकता है। लंबे समय से अटके हुए काम किसी प्रभावशाली या खास व्यक्ति की सहायता से पूरे होने की संभावना है। नौकरीपेशा लोगों के लिए समय विशेष रूप से अच्छा रहेगा। बेरोजगार लोगों को मनपसंद नौकरी मिलने की उम्मीद है, जबकि पहले से नौकरी कर रहे लोगों को पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और लगन की सराहना होगी और अच्छे प्रदर्शन के लिए सम्मान या पुरस्कार भी मिल सकता है। अधिकारी और सहकर्मी आपका सहयोग करेंगे। व्यापारियों के लिए भी सप्ताह लाभदायक रहेगा। कारोबार में अपेक्षित मुनाफा मिलने के साथ बचत बढ़ाने में सफलता मिल सकती है। सप्ताह के दूसरे हिस्से में सुख-सुविधाओं से जुड़ी चीजों की खरीदारी के योग बनेंगे। जमीन, मकान या वाहन खरीदने की योजना आगे बढ़ सकती है। परिवार और प्रियजनों के साथ मनोरंजन के अवसर मिलेंगे। अचानक घूमने या पिकनिक का कार्यक्रम बन सकता है। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी और दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।

साप्ताहिक राशिफल:
नौकरी और व्यापार में तरक्की के संकेत हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और सुख-सुविधाओं में वृद्धि हो सकती है। प्रेम जीवन में आत्मीयता बढ़ेगी। परिवार के साथ घूमने-फिरने का अवसर मिलेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण की विधिपूर्वक पूजा करें और श्रद्धा से मधुराष्टकम् का पाठ करें।

11 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर राशि

मकर राशि वालों को इस सप्ताह अपने कामकाज में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी। शुरुआत में करियर और कारोबार से जुड़े कुछ अच्छे अवसर सामने आएंगे, लेकिन आलस्य या अति-आत्मविश्वास के कारण उनका पूरा लाभ लेने से चूक सकते हैं। इस दौरान होने वाली यात्राएं अपेक्षा के अनुसार परिणाम न देने के साथ थकान भी बढ़ा सकती हैं। व्यापार से जुड़े लोगों को किसी नई योजना में पैसा लगाने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर लेनी चाहिए। सप्ताह के मध्य में अनावश्यक खर्च बढ़ सकता है, जिससे आर्थिक चिंता हो सकती है। घर और कार्यक्षेत्र दोनों जगह विवाद की स्थिति से बचने का प्रयास करें। सप्ताह के उत्तरार्ध में परिवार के किसी करीबी की सेहत या निजी परेशानी चिंता का कारण बन सकती है। सरकारी या प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ संपर्क बनने के संकेत हैं, जो भविष्य में उपयोगी हो सकते हैं। रिश्तों में मधुरता बनाए रखने के लिए कुछ मामलों में अपनी जिद छोड़नी पड़ सकती है। इस दौरान काम या परिस्थितियों के कारण जीवनसाथी से कुछ समय के लिए दूरी भी बन सकती है।

साप्ताहिक राशिफल:
करियर में अवसर मिलेंगे, लेकिन उनका लाभ लेने के लिए सक्रिय रहना होगा। निवेश और खर्च में सावधानी रखें। पारिवारिक चिंता बढ़ सकती है। रिश्तों में सामंजस्य बनाए रखने के लिए समझौते की जरूरत पड़ सकती है।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक बजरंग बाण का पाठ करें।

12 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ राशि

कुंभ राशि के लिए यह सप्ताह सुख, समृद्धि और नए अवसर लेकर आ सकता है। परिवार और कार्यक्षेत्र दोनों जगह लोगों का सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्थिति में पहले की तुलना में सुधार होने के संकेत हैं। आय के नए साधन बन सकते हैं और बचत में भी बढ़ोतरी होगी। नौकरीपेशा लोगों के लिए कार्यस्थल का वातावरण अनुकूल रहेगा और काम को लेकर संतोष महसूस होगा। उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को किसी अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन मिल सकता है, जिससे आगे की राह आसान होगी। लंबे समय बाद किसी प्रिय व्यक्ति से मुलाकात होने की संभावना भी है। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को थोड़े प्रयास के बाद अच्छे अवसर मिल सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के लिहाज से समय अनुकूल रहेगा और उच्च शिक्षा से जुड़ी सफलता मिलने के संकेत हैं। सप्ताह के दूसरे हिस्से में किसी जरूरी काम से लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। कारोबारियों को व्यापार में लाभ और प्रगति मिलने से संतुष्टि होगी। प्रेम संबंधों में अपनापन बढ़ेगा और आप अपने व्यवहार से साथी को प्रभावित कर पाएंगे। वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा।

साप्ताहिक राशिफल:
आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और नए आय स्रोत बन सकते हैं। नौकरी व व्यापार में अनुकूल परिणाम मिलेंगे। विद्यार्थियों को शिक्षा में सफलता मिलेगी। प्रेम और वैवाहिक जीवन में सुख-समन्वय बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक शिव चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन राशि

मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले परिणाम देने वाला रहेगा। शुरुआत में भाग्य का साथ मिलेगा और कई जरूरी काम आसानी से पूरे हो सकते हैं। घर में किसी प्रिय व्यक्ति के आने से वातावरण खुशनुमा रहेगा। युवा वर्ग मनोरंजन और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताएगा। सप्ताह के मध्य में काम या व्यापार के सिलसिले में अचानक यात्रा करनी पड़ सकती है। इस दौरान खर्च बढ़ने की वजह से आपका बजट प्रभावित हो सकता है, इसलिए अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें। विद्यार्थियों की पढ़ाई पारिवारिक तनाव या घर की किसी समस्या के कारण प्रभावित हो सकती है। जमीन-मकान की खरीद-बिक्री या किसी बड़े फैसले को लेकर असमंजस हो तो जल्दबाजी से बचें। सप्ताह का उत्तरार्ध नौकरीपेशा लोगों के लिए कुछ चुनौतीपूर्ण रह सकता है। अधिकारियों से मतभेद होने की संभावना है, इसलिए छोटी बातों को विवाद का रूप न दें। अपने काम और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना बेहतर रहेगा। प्रेम जीवन में साथी की भावनाओं को समझने और सम्मान देने से रिश्ते में मजबूती आएगी।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह की शुरुआत शुभ रहेगी, लेकिन बाद में खर्च और कार्यक्षेत्र की चुनौतियां बढ़ सकती हैं। पढ़ाई पर पारिवारिक तनाव का असर पड़ सकता है। बड़े फैसलों में जल्दबाजी न करें और प्रेम संबंधों में संवेदनशील रहें।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और पूजा के समय श्रद्धापूर्वक नारायण कवच का पाठ करें। 

मेहनती राशियां: इन 5 राशियों के जातक होते हैं मेहनती और कर्मठ, लक्ष्य पाने के लिए नहीं मानते हार

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें