फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साप्ताहिक राशिफल (22 से 28 अप्रैल) : जानें धन, व्यवसाय और नौकरी के लिए कैसा रहेगा यह सप्ताह

विज्ञापन
1 of 13
सोमवार को शाम  5:53 बजे एक बार फिर गुरु का राशि परिवर्तन होने जा रहा है, वक्री गति करते हुए गुरु महाराज वृश्चिक में आ जायेंगे। ये तो सर्वसुलभ बात है कि वक्री गति के कारण लगभग हर राशि वालों को कुछ न कुछ दिक्कत जरुर होगी। सर्वाधिक प्रभाव राजनीति और राज्य सम्बन्धी अन्य मामलों पर पड़ेगा। सोचने- समझने की शक्ति भी प्रभावित होती है और जल्दबाजी में कुछ ना कुछ गलत हो सकता है। पैसों के लेनदेन और किसी नए कार्य को आरंभ करने के पहले ठोक-बजा कर देख लें। जानबूझकर दूसरों के अहित सम्बन्धी किसी कार्य को हाथ में ना लें। धनु में शनि-केतु की युति होने के कारण थोड़े कष्टों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। यदि उधेड़बुन की स्थिति बनती हो तो थोडा विराम लें और पुनः सोच-विचार कर आगे बढ़ें।

इस सप्ताह जहाँ सूर्य और शुक्र उच्च का होकर भ्रमण कर रहे हैं, वहीं बुध और चन्द्रमा नीच का होकर गोचर कर रहे हैं। मंगल वृषभ राशि से भ्रमण कर रहे हैं और राहू मिथुन राशि में हैं। किसी भी योजना के असफल होने से या मनोनुकूल धनागमन ना होने से निराश ना हों। अगर हम परिस्थितियों को सकारात्मक सोच के साथ ग्रहण करते हैं तो हमारे कष्टों में कमी हो जाती है। भौतिकवादी परिवेश में भी जीवन मूल्यों के प्रति आग्रह रखने से नकारात्मक सोच से उबरना आसन रहता है। ऐसे में देखते हैं वर्तमान गोचर विभिन्न राशियों पर क्या डालते हैं
 
विज्ञापन

2 of 13
राशि
मेष राशिफल
राशिस्वामी मंगल धनभाव से गोचर कर रहे हैं। धनभाव के स्वामी शुक्र उच्च का होकर व्यय भाव में नीच के बुध के साथ युति में हैं। लाभ भाव के स्वामी शनि, केतु के साथ भाग्य भाव में युति से हैं। गुरु व्यय तथा भाग्य का स्वामी होकर अष्टम स्थान में विचरण कर रहा है अष्टम स्थान से धन भाव पर गुरु की दृष्टि होने से धन लाभ होने की सम्भावना है। किसी नए व्यवसाय या वर्तमान व्यवसाय के विस्तारीकरण की योजना बना सकते हैं। अकस्मात धनलाभ की भी सम्भावना बन रही है। लेकिन निवेश के लिए ये समय ठीक नहीं है। आर्थिक अनुशासन को लेकर बहुत सजग रहना पड़ेगा। सप्ताह की शुरुआत थोड़ी निराशाजनक रह सकती है।

चन्द्र नीच का होकर अष्टम से गोचर कर रहे हैं, इसलिए आनन-फानन में कोई आर्थिक निर्णय लेने से हानि होगी। मानसिक स्थिरता बनाये रखनी होगी। विदेशों से व्यापार करने वालों को शुभ समाचार मिल सकता है। सुख-सुविधाओं की चाहत मेंस विलासिता सम्बन्धी कुछ खरीदारी भी हो सकती है। लम्बी दूरी की यात्रा लाभदायक रहेगी। राशि में सूर्य के विअराज्मन होने से आपका साहस बना रहेगा, लेकिन वाणी पर नियंत्रण आवश्यक है। कार्यस्थल पर किसी से व्यर्थ में ना उलझें। अपने को सही और सच्चा साबित करने के अहंकार से बचना चाहिए।
विज्ञापन

3 of 13
राशि
वृषभ राशिफल
आपका राशिस्वामी शुक्र उच्च का होकर नीच के बुध के साथ लाभ भाव में युति बना रहे हैं। मंगल आपकी राशि में विराजमान हैं। लाभेश गुरु महाराज सप्तम भाव में वक्री होकर गोचर कर रहे हैं। सप्ताह की शुरुआत में ही कोई सुखद समाचार आपके उत्साह को बढ़ाएगा। आपकी इच्छा, महत्वाकांक्षा पूरी होगी। भागीदारी में वाणिज्य-व्यापार करने वालों के लिए उत्तम समय है। जबर्दस्त सामंजस्य बनेगा, जिससे आय के मार्ग प्रशस्त होंगे। शारीरिक और मानसिक उर्जा भरपूर होगी, जिससे आप मेहनत करने में पीछे नहीं हटेंगे। प्रयासों से सफलता मिलनी सुनिश्चित है। व्यापारी वर्ग नई-नई योजनाओं पर विचार और अमल दोनों करने में सक्षम होंगे।

आय के नवीन मार्ग खुलेंगे, जिससे यथायोग्य धनलाभ भी होगा। सप्ताह मध्य में वित्तीय आय में थोड़ी कमी महसूस होगी इसलिए सोच-समझ कर निर्णय लेना अच्छा रहेगा। आप सामाजिक कार्यों में भी रूचि ले सकते हैं। धार्मिक रुचियाँऔर गतिविधियां बढेंगी। किसी प्रभावशाली व्यक्ति से आपकी निकटता बढ़ सकती है, जो आपको सकारात्मक सहयोग दे सकेंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए भी समय उत्तम है। लेकिन उच्चाधिकारियों से बनाकर रखना आपकी जिम्मेदारी हो जाती है। यात्रायें लाभदायक रहेंगी। शोध, अनुसन्धान आदि से जुड़े लोगों को इस समय काफी अच्छी
सफलता मिलेगी। आप अपने विनम्र और सहनशील स्वभाव के कारण कार्यों में निरंतरता बनाये रख सकेंगे।

4 of 13
मिथुन
मिथुन राशिफल
आपका राशिस्वामी बुध कर्मभाव में नीच का होकर विराजमान हैं, जहां शुक्र भी उच्च का होकर गोचर में हैं। धनेश चन्द्रमा आपके षष्टम भाव से अष्टम भाव तक गोचर करेंगे। राहू आपकी राशि में ही उपस्थित हैं। लाभेश मंगल व्ययभाव में हैं। इस सप्ताह कठिन मेहनत से ही सफलता मिलेगी। नौकरीपेशा लोगों के लिए ये सप्ताह अच्छा है। उच्चाधिकारियों से मधुर सम्बन्ध बनेंगे। पदोन्नति तथा अन्य आर्थिक लाभ भी मिल सकते हैं। जो आर्थिक लाभ के लिए नौकरी बदलना चाहते हैं, उन्हें पहले वर्तमान कार्यस्थल पर ही बात करनी चाहिए।जो लोग राजनीति से जुड़े हैं उन्हें छवि निर्माण में सावधानी रखनी चाहिए। वाणिज्य-व्यापार वाले अपनी एकाग्रता और रचनात्मकता से परिस्थितियों को लाभदायक बना सकेंगे।

सप्ताह की शुरुआत में बहुत संभावनाएं नहीं दिखेंगी। कुछ अनावश्यक खर्चे भी होंगे जो आपको मानसिक चिंता देंगे। जो भी हो, आपके कार्यक्षेत्र में निरंतर सुधार और प्रगति होगी। यदि आप बैंक आदि से ऋण लेने के लिए प्रयासरत हैं तो सप्ताह मध्य तक आपको सफलता मिल जाएगी। आपको अधीनस्थ कर्मचारियों का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। जो सरकारी कार्य रुके हुए थे, वे अभी पूर्ण होंगे। अभी अनावश्यक और विलासिता सम्बन्धी खर्चों से बचें। जहाँ तक संभव हो, नगदी पास में रखें। लोभवश कहीं निवेश ना करें।
विज्ञापन

5 of 13
राशि
कर्क राशिफल
सोमवार को राशिस्वामी चन्द्रमा पंचम भाव में हैं और सप्ताहांत में अष्टम भाव से गोचर करेंगे। धनभाव के स्वामी सूर्य कर्मभाव में उच्च का होकर विराजमान हैं। लाभ भाव के स्वामी शुक्र उच्च का होकर नवम भाव में नीच के बुध के साथ विराजमान है। इस सप्ताह बुद्धि-कौशल के सहारे सफलता की संभावनाएं बन रही हैं। लेकिन जो योजनायें पहले से विचाराधीन हैं, उसपर अब भी निर्णय लेने में देरी होगी। फलस्वरूप आपके लाभ में कमी हो सकती है। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखने और वार्तालाप में मधुरता रखने से आप अपनी समस्याएं हल करने में सफल होंगे। हालाँकि विभिन्न कारणों से जोश और उत्साह में थोड़ी कमी दिखेगी, लेकिन व्यवसायिक लक्ष्य प्राप्ति में आपको सफलता मिल जाएगी। धन संग्रह भी हो सकेगा।

मीडियाकर्मियों को सफलता मिलेगी, लेकिन सतर्कता बराबर रखनी होगी। राजनीति वालों का यश की प्राप्ति होगी। सरकारी क्षेत्र से जुड़कर काम करने वाले व्यापारियों को सफलता मिलेगी। शेयर मार्किट में निवेश करने में सावधानी रखनी होगी। व्यावसायिक कार्यों की पूर्ती में या अन्य उधेड़बुन में आप शुभचिंतकों की सलाह ले सकते हैं। यदि आप अपने संसाधनों का कुशलता के साथ प्रयोग करते हैं तो लम्बे समय के लिए लाभ की स्थिति बन सकती है। अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार ही कार्य- सूची को वरीयता दें।
विज्ञापन

6 of 13
राशि
सिंह राशि
आपके राशिस्वामी सूर्य नवम भाव सेउच्च का होकर गोचर कर रहे हैं। आपके धनभाव और लाभभाव के स्वामी बुध नीच का होकर कर्मस्थान के स्वामी उच्च के शुक्र के साथ युति बनाकर अष्टम भाव से गोचर कर रहे हैं। लाभ भाव में राहू गोचर कर रहे हैं। बुद्धि-कौशल से लाभ के प्रचुर अवसर मिलेंगे। वाणिज्य-व्यवसाय हो अथवा नौकरीपेशा, दोनों को इस सप्ताह अत्यधिक व्यस्त रहकर मेहनत करनी पड़ेगी। योजनानुसार सारे कार्य पूर्ण होने की प्रबल संभावना है। साझेदारी में भी किसी नए काम की योजना बन सकती है। कार्यक्षेत्र में विस्तार होगा और मेहनत का पूरा लाभ प्राप्त होगा। व्यावसायिक तौर पर कहीं धन निवेश का अवसर बन सकता है, लेकिन इसमें सावधानी रखनी पड़ेगी। किसी के बहकावे में आकर कहीं भी पैसा ना लगायें।

भौतिक सुखों या विलासिता सम्बन्धी खर्चों पर भी नियंत्रण की आवश्यकता है। आवश्यकता रहने पर ही खर्च करें, आडम्बर के लिए नहीं, फिर भले अपने कार्यालय का नवीनीकरण ही क्यों ना हो। अचानक धनप्राप्ति की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। सरकारी तथा न्यायिक कार्यों के लिए भी समय अनुकूल है। नौकरीपेशा लोगों को भी लाभ के प्रचुर अवसर मिलेंगे। आपके कार्यों से आपके अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। विरोधी आपका नुकसान नहीं कर पाएंगे।
विज्ञापन

7 of 13
राशि
कन्या राशि
आपके राशिस्वामी बुध नीच का होकर धनभाव के स्वामी उच्च के शुक्र के साथ युति बनाकर सातवें भाव से गोचर कर रहे हैं। लाभेश चन्द्रमा इस सप्ताह तृतीय भाव से लेकर पंचम भाव तक गोचर करेंगे। शनि की दृष्टि आपकी राशि पर रहेगी। चन्द्रमा के तीसरे भाव में होने से सप्ताह की शुरुआत आपके लिए सकारात्मक संभावनाओं से भरी होगी। प्रगति के मार्ग में आने वाली बाधाएं खत्म होंगी। धन के आगमन के रास्ते बनेंगे। दोस्तों से मतभेद हो सकते हैं, जिन्हें कुशलतापूर्वक निपटाना है। मेहनत से भाग्य निर्माण की युक्तियाँ बनती रहेंगी, इसलिए किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव को पास ना फटकने दें।

सरकारी और अन्य न्यायिक कार्यों को नियमपूर्वक ही करें, अन्यथा दंड भुगतना पड़ सकता है। आपके व्यक्तित्व में एक आकर्षण रहेगा। साझेदारी में कार्य करने वाले व्यापारियों के लिए ये सप्ताह बहुत अच्छे परिणाम देगा। भाग्य का साथ मिलेगा। व्यापार में उन्नति होगी। यात्राओं के कार्यक्रम विवेकपूर्वक बनायें, हालाँकि अप्रत्याशित छोटी यात्राओं से आपको लाभ हो जायेगा। वाणी पर नियंत्रण आवश्यक है वरना बना-बनाया काम बेकार हो जायेगा। खर्चों में वृद्धि हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों की आय में वृद्धि होगी। नए कार्यों के प्रति रूचि बढ़ेगी। कार्यस्थल पर मान-सम्मान में बढ़ोत्तरी होगी।

8 of 13
राशि
तुला राशिफल
राशिस्वामी शुक्र उच्च का होकर छठे भाव में विराजमान हैं जहाँ भाग्येश बुध नीच का होकर गोचर कर रहे हैं। धनभाव के स्वामी मंगल अष्टम भाव से गोचर कर रहे हैं। लाभेश सूर्य सातवें भाव में हैं। गुरु और नीच का चंद्रमा धनभाव में हैं। आपको अपने कार्यों में संघर्ष तो करना पड़ेगा लेकिन धनागमन भी खूब होगा। आर्थिक प्रगति के लिए आप अपनी क्षमता से भी अधिक प्रयास करने की सोचेंगे। विदेश संबंधित कार्यों में आगे बढ़ने के लिए सप्ताह काफी अनुकूल है। खर्च के भी स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं इसलिए सोच में संतुलन बनाकर रखें। आप महसूस करेंगे कि भाग्य का सामान्य साथ मिल रहा है।

आप व्यवसाय में कोई नई पद्धति अपनाने के अलावा नई तकनीकि लेकर आने का मन बना सकते हैं। कुछ नया करने का साहस कर सकते हैं। अपने वाणी-व्यवहार के शिष्टाचार के दम पर अच्छी प्रगति हासिल करने में सफल हो सकते हैं। सरकारी प्रभावशाली अथवा प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ मुलाकात भविष्य में लाभदायक होगी। आपके प्रतिद्वंद्वी एवं विरोधी आपके सामने सिर नहीं उठाएंगे। व्यवसाय विस्तार की योजना सफल हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर सफाई देने की कोई जरुरत नहीं है, समय के साथ सच्चाई सबको पता चल जाएगी।

9 of 13
राशि
वृश्चिक राशिफल
आपके राशिस्वामी मंगल सप्तम भाव में विराजमान हैं। धनभाव के स्वामी गुरु वक्री होकर आपकी राशि में ही विराजमान हैं। लाभेश बुध नीच का होकर उच्च के शुक्र के साथ पंचम भाव से गोचर रहे हैं। सप्ताह के शुरुआत में कार्यक्षेत्र में आपको अच्छे फल मिलेंगे। आपकी सामाजिक छवि एक मददगार के रूप में बन सकती है। वाणिज्य-व्यापार में आशा के अनुरूप लाभ मिलने की सम्भावना कम है। फिर भी आपको काम चलाने लायक धन की कमी महसूस नहीं होगी। लम्बे समय से जो योजनायें विचाराधीन थीं, उसपर पुनः सक्रियता बढ़ेगी लेकिन अब भी काम शुरू ना हो पायेगा।

आय में वृद्धि तो होगी परन्तु कभी-कभी व्यवधान भी आएगा, उससे घबराये नहीं। नौकरीपेशा लोगों को बड़ी सफलता मिल सकती है। कार्य स्थल पर उच्च अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। नौकरीमें पदोन्नति भी मिलने की सम्भावना है। अपने स्वभाव में सकारात्मक एवं तार्किक सोच विकसित करें। उधारी वसूलने में थोड़ी दिक्कत हो सकती है। लेकिन यदि आप ऋण लेने के इच्छुक हैं तो अभी आसानी से ऋण मिल सकता है। वाणिज्य-व्यापार में हुए सुधार से इस सप्ताह थोड़ी निश्चिन्तता रहेगी। आपके शत्रु अभी किसी भी तरह से आपको क्षति नहीं पहुंचा सकते। कला और अभिनय के क्षेत्र से जुड़े लोगों को बड़ी सफलता मिल सकती है।

10 of 13
राशि
धनु राशि
आपकी राशि से शनि महाराज गोचर कर रहे हैं इसलिए साढ़े-साती का सर्वाधिक असर होगा। आपकी राशि से ही केतु भी गोचर कर रहे हैं। शनि धनभाव के स्वामी भी हैं। लाभ भाव के स्वामी उच्चस्थ शुक्र आपके चौथे भाव से गोचर कर रहे हैं और नीच के बुध के साथ युति में हैं। राशिस्वामी गुरु वक्री होकर बारहवें भाव से गोचर कर रहे हैं। भाग्य वृद्धि होगी। नौकरीपेशा जातकों के लिए कई नवीन अवसर उपलब्ध रहेंगे। समय अच्छा है, कार्यक्षेत्र में मनचाहे फल मिलेंगे। धन प्राप्ति की भी संभावनाएं हैं। वाणिज्य-व्यापार करने वालों को घर का पूर्ण सहयोग मिलेगा। अभी नकारात्मक सोच से बचना होगा।

आत्मविश्वास में कमी के कारण आप मानसिक रूप से परेशान रहेंगे। अनावश्यक खर्च से बचने में ही समझदारी है। अधीनस्थ कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग मिलेगा। यदि भागीदारी में कोई व्यवसाय कर रहे हैं तो आपसी विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देना होगा। धैर्य रखें और हर बात पर साझेदारों से उलझें नहीं। साहस के साथ यात्रा करें, थोड़ी वसूली तो हो ही जाएगी। यदि संभव हो तो निवेश करते समय काफी सोच-विचार कर लें, क्योंकि बहुत लाभ दीख नहीं रहा है। नए प्रस्तावों और योजनाओं पर विमर्श करते रहें। दूरस्थ स्थान पर या विदेश से व्यापार से आपको ज्यादा लाभ होगा।

11 of 13
राशि
मकर राशिफल
आपका राशिस्वामी और धनभाव के स्वामी शनि आपके व्यय भाव से केतु के साथ गोचर कर रहे हैं। मंगल आपके लाभ भाव के स्वामी हैं और पंचम स्थान से गोचर कर रहे हैं और शनि पर दृष्टि बनाये हुए हैं। आर्थिक परेशानी के कारण व्यर्थ की चिंताओं को अपने ऊपर हावी ना होने दें। जो लोग लेखन, अभिनय, खेलकूद आदि से जुड़े हैं उनको यथेष्ट सफलता मिलेगी। आमदनी धीमी गति से ही सही, लेकिन होती रहेगी।

मेहनत और प्रयास में निरंतरता बनाये रखनी होगी। अभी भले आशा के अनुरूप फल ना मिले, भविष्य में अच्छा फल मिल सकता है। यदि आप सकारात्मक होकर चलेंगे तो भले अभी का समय आपको कठिन लग रहा हो, आपको इस दौरान सीखने को बहुत कुछ मिलेगा। यदि आप इस समय धन प्राप्ति के नए रास्ते तलाशते हैं तो विवेकपूर्ण ढंग से सोचना पड़ेगा। क्योंकि धनहानि का भी योग बना हुआ है। इसलिए आर्थिक जोखिम वाला कोई काम करने से बचना चाहिए। अपनी मर्यादा और व्यापारिक सुचिता को हमेशा ध्यान में रखें। मनोनुकूल परिणाम मिलने में चाहे कितना भी संदेह हो, प्रयास निरंतर करना ही होगा। सप्ताहांत में आपके कुछ प्रयास सार्थक होंगे और आमदनी भी होगी। लेकिन कुल मिलाकर मिश्रित फल ही मिलेंगे। हाँ, नौकरी पेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में उच्चाधिकारियों का सहयोग मिलेगा।

12 of 13
राशि
कुम्भ राशिफल
आपका राशिस्वामी शनि आपके लाभ भाव से केतु के साथ गोचर कर रहे हैं। गुरु आपके धनभाव और लाभभाव दोनों के स्वामी हैं और वक्री होकर आपके कर्मभाव से गोचर कर रहे हैं। आप शनि से द्रष्ट हैं। उच्च का शुक्र और नीच का बुध धनभाव में विराजमान हैं। धन और कार्यों का विस्तार होगा। वाणिज्य-व्यापर में गति आयेगी और ये वृद्धि आपको गतिशील बनाये रखेगी। इसलिए आर्थिक मोर्चे पर सकारात्मक संतुलन बनाये रखने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहना होगा। नौकरीपेशा लोगों को सम्मान और पुरस्कार भी मिल सकता है। पदोन्नति भी संभव है। जिम्मेदारियों में वृद्धि हो सकती है।

नौकरी में परिवर्तन के लिए प्रयास कर सकते हैं, लेकिन जहाँ सौदेबाजी हो, ऐसे प्रतिष्ठानों से बचें। व्यवसाय और नौकरी से सम्बंधित यात्राओं से लाभ होगा। अपने वरिष्ठ अधिकारीयों की कृपा प्राप्त होगी। व्यापर में धन निवेश भी संभव है। अभी आपकी कर्मठता और बुद्धिमत्ता का लोहा मानेंगे लोग। अनावश्यक खर्चों पर रोक लगानी पड़ेगी क्योंकि आकस्मिक निवेश की भी सम्भावना है। कार्यस्थल पर उत्पादन की गुणवत्ता और क्षमता पर नजर रखनी होगी। अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग मिलेगा। श्रमिक वर्ग के लोगों की जरूरतों का ध्यान रखना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। सप्ताहांत में मानसिक एकाग्रताबनाये रखनी होगी और खर्चों को नियंत्रित करना होगा।
विज्ञापन

13 of 13
राशि
मीन राशिफल
राशिस्वामी गुरु वक्री होकर भाग्यभाव से गोचर कर रहे हैं। धनभाव के स्वामी मंगल तृतीय भाव से गोचर कर रहे हैं। शनि लाभ भाव के स्वामी हैं और केतु के साथ आपके कर्मस्थान में विराजमान हैं। उच्च का शुक्र और नीच का बुध आपकी राशि में हैं। आप अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों पर लेकर जा सकते है आपको इसके लिए उचित अवसर तथा लोगो का साथ भी मिलेगा। आप भविष्य के लिए नई व्यवस्था बनाने पर जोर देंगे। व्यापार से सम्बंधित लम्बी और छोटी यात्राओं से आपको लाभ होगा।

अभी एक अच्छी आर्थिक योजना बनाकर आप गैरजरूरी खर्चे पर लगाम लगा सकते हैं। कार्यस्थल पर अधिक मेहनत करनी होगी, जिसका फल भी मिलेगा, भले ही आपके आशानुरूप ना हो। जो काम पहले से लंबित है उन्हें गति देने की आवश्यकता है। इसलिए सही रुपरेखा बनायें और युक्तिपूर्वक आगे बढ़ें। कर्म पर विश्वास करें, भाग्य भरोसे रहकर लापरवाही ना बरतें। सरकारी जाँच का सामना भी करना पड़ सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि आपके विरोधी आपको नीचा दिखाने की कोशिश करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें