आज का राशिफल
- फोटो : amar ujala
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस माह आपको अपने करियर और कारोबार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको इस माह किसी भी जोखिम भरी योजना में निवेश करने से बचना चाहिए। इसी प्रकार इस पूरे माह किसी नियम-कानून का उल्लंघन न करें अन्यथा आर्थिक हानि के साथ मानहानि की भी आशंका बनी हुई है। वैसे आर्थिक दृष्टि से देखें तो यह पूरा महीना ही आपके लिए उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है।
सितंबर माह के पूर्वार्ध में आय के मुकाबले खर्च की अधिकता बनी रहेगी। इस दौरान करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा के दौरान अपने सामान और सेहत का विशेष ख्याल रखें। माह के मध्य में आपको अपने कारोबारी नीति में आमूल-चूल बदलाव लाने पड़ सकते हैं। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो कुछेक मुद्दों को लेकर आपकी अपने पार्टनर के साथ असहमति रह सकती है। इस दौरान घर और बाहर दोनों जगह आपको अपनों का विरोध झेलना पड़ सकता है। माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए थोड़ा राहत भरा रह सकता है। इस दौरान भूमि-भवन अथवा पैतृक संपत्ति से जुड़ा बड़ा विवाद संवाद के जरिए समाप्त हो सकता है। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों की अतिरिक्त आय के स्रोत बनेंगे और उनके संचित धन में वृद्धि होगी।
रिश्ते-नाते को बेहतर बनाने के लिए मीन राशि के जातकों को कई बार खुद से समझौता करना पड़ सकता है। माह के पूर्वार्ध में घर की किसी महिला सदस्य के कारण तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। इस दौरान आपको प्रेम संबंध में भी सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाने की आवश्यकता रहेगी। प्रेम संबंध अथवा दांपत्य जीवन में किसी भी प्रकार की कटुता को पालने की बजाय गलतफहमी को दूर कर लेना बेहतर रहेगा। मीन राशि के जातकों को पूरे सितंबर माह अपनी सेहत का ख्याल रखने की आवश्यकता रहेगी। बेवजह के तनाव से बचें और खानपान का ख्याल रखें।
उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें।