फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मासिक राशिफल नवंबर 2026: किस राशि की चमकेगी किस्मत, किसे मिलेगा धन लाभ? यहां पढ़ें राशिफल

Wed, 28 Oct 2026 11:19 AM IST
मेघा कुमारी ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

November Horoscope 2026: जानें सभी 12 राशियों पर ग्रह गोचर का प्रभाव, किसे मिलेगा धन लाभ और सफलता, तो किन्हें रहना होगा सतर्क।
विज्ञापन
1 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला AI
November Horoscope 2026: नवंबर 2026 का महीना 12 राशियों के लिए अलग-अलग संदेश लेकर आ रहा है। ज्योतिषीय दृष्टि से यह माह महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस दौरान मंगल का सिंह राशि में गोचर, बुध का तुला राशि में मार्गी होना, शुक्र का कन्या राशि में मार्गी होना और सूर्य का वृश्चिक राशि में गोचर जैसे प्रमुख ग्रह परिवर्तन होंगे। इसके अलावा, कई ग्रहों की युतियां भी बनेंगी, जिनका प्रभाव सभी राशियों के जीवन पर अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है। इससे कुछ राशि वालों को धन लाभ, सफलता और मान-सम्मान मिल सकता है, तो वहीं कुछ को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि नवंबर 2026 का महीना सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहने वाला है।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
मेष
मेष राशि के जातकों लिए नवंबर का महीना औसत फलदायी कहा जायेगा। माह की शुरुआत में आपको करियर और कारोबार से जुड़े अच्छे अवसर प्राप्त होंगे, लेकिन उनका लाभ उठाने के लिए आपको आलस्य और अभिमान से बचना होगा। इस दौरान आपके दैनिक खर्च बढ़ सकते हैं। सेहत, संबंध, उच्च शिक्षा और और घर की अन्य जरूरतों पर आपको बड़ी रकम खर्च करनी पड़ सकती है। ऐसे में आर्थिक तंगी से बचने के लिए शुरुआत से धन का प्रबंधन करके चलें। माह के दूसरे सप्ताह में स्वयं के साथ घर के किसी बुजुर्ग की सेहत चिंता का विषय बन सकती है। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों की बाजार में अपने कंपटीटर से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। करियर और कारोबार की दृष्टि से माह के मध्य तक का समय मिश्रित फलदायी कहा जायेगा। माह के मध्य में आपको करियर-कारोबार में विशेष सफलता मिलने के योग बनेंगे। माह के उत्तरार्ध में लाभ में बढ़ोतरी होने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। हालांकि धन का लेनदेन इस दौरान सावधानीपूर्वक करना होगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रह सकती है। इस दौरान किसी बात विशेष को लेकर स्वजनों के साथ वाद-विवाद होने की आशंका रहेगी। संबंधों को बेहतर बनाए रखने के लिए वाणी और व्यवहार में विनम्रता बनाए रखें। माह के दूसरे सप्ताह जीवनसाथी से जुड़े किसी मामले को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस दौरान भाई-बंधुओं का पूर्ण सहयोग और समर्थन आपको संबल प्रदान करेगा। माह के मध्य में आप अपनी बुद्धि और विवेक से पारिवारिक समस्याओं का समाधान खोजने में कामयाब हो जाएंगे। माह के उत्तरार्ध में स्वजनों के साथ संवाद और सहयोग बढ़ेगा। खट्टे-मीठी तकरार के साथ प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे।
उपाय: प्रतिदिन सूर्य को जल देकर सूर्याष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना गुडलक लिए हुए है। यदि आप इस महीने अपने समय और ऊर्जा का सदुपयोग करते हुए अपने काम काम सुनियोजित तरीके से करते हैं तो आपको अपेक्षा से कहीं ज्यादा सफलता और लाभ की प्राप्ति संभव है। नवंबर महीने की शुरुआत आपके लिए बेहद शुभ रहेगी। इस दौरान आपको शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। कार्यों में आ रही बाधाएं और स्वजनों के साथ पैदा हुई गलतफहमियां दूर होंगी। वृषभ राशि के जातकों को इस सप्ताह लोगों से बेहतर तालमेल बिठाते हुए लोगों के साथ संवाद बनाए रखना श्रेयस्कर रहेगा। माह के दूसरे सप्ताह में आप अपनी सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों, भूमि, भवन, वाहन आदि पर अधिक धन खर्च कर सकते हैं। इस दौरान करियर-कारोबार को लेकर आपकी अधिक व्यस्तता बनी रहेगी। माह के मध्य में आपको सेहत को लेकर बहुत ज्यादा सावधानी बरतनी होगी। इस दौरान आप मौसमी या फिर किसी पुरानी बीमारी से पीड़ित हो सकते हैं। माह के उत्तरार्ध में आपको कारोबार में विशेष लाभ होगा। इस दौरान आप कोई बड़ी व्यावसायिक डील कर सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों के कद एवं पद में वृद्धि के योग बनेंगे। राज्य पक्ष से लाभ संभव है। राजनीति से जुड़े लोगों को बड़ा पद प्राप्त हो सकता है। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी। प्रेमी जनों को साथ में सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। लव पार्टनर के साथ आपसी समझ एवं प्रेम बढ़ेगा। जीवनसाथी के साथ संवाद और आत्मीयता बनी रहेगी। संतान पक्ष से जुड़ी चिंताएं दूर होंगी।
उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा एवं शिव चालीसा का  पाठ करें।

4 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना गुडलक लिए हुए है। इस माह आपको उन चीजों की प्राप्ति होगी, जिसका आपको लंबे समय से इंतजार बना हुआ था। महीने की शुरुआत में आपका अधिकांश समय तीज-त्योहार, धार्मिक-मांगलिक कार्य आदि में बीतेगा। इस दौरान किसी प्रिय व्यक्ति के आगमन से घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। माह के पूर्वार्ध में आपकी कोई लम्बी और महत्त्वपूर्ण यात्रा हो सकती है, जिससे आपको लाभ होगा। भूमि-भवन, पैतृक संपत्ति, वाहन आदि की प्राप्ति संभव है। बेरोजगार व्यक्तियों के लिए समय उत्तम है। अल्प प्रयासों से ही इस माह मनचाहे रोजी-रोगजार की प्राप्ति संभव होगी। माह के पूर्वार्ध में युवाओं का अधिकांश समय मौज-मस्ती करते हुए बीतेगा। इस दौरान सिंगल लोगों की लाइफ में किसी मनचाहे व्यक्ति की एंट्री हो सकती है। अविवाहितों का विवाह तय हो सकता है। माह के मध्य तक करियर में बदलाव की कामना पूरी हो सकती है। हालांकि कोई भी अहम निर्णय लेने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह लेना न भूलें। विद्यार्थियों के लिए नवंबर महीने का उत्तरार्ध शुभ साबित होगा। इस दौरान उच्च शिक्षा की दिशा में किये गये प्रयास सफल होंगे। परीक्षा-प्रतियोगिता में मनचाहा परिणाम प्राप्त होगा। इस दौरान आपका आपकी आय के नये स्रोत बनेंगे। आर्थिक पक्ष सुदृढ़ होगा। कार्यक्षेत्र में विरोधी भी आपके कामकाज की प्रशंसा करेंगे। माह के उत्तरार्ध में स्वजनों के साथ पिकनिक या पर्यटन का प्रोग्राम बन सकता है। छोटी-मोटी दिक्कतों को यदि इग्नोर कर दें तो इस माह आपकी सेहत सामान्य रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा एवं गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना शुभ परिणामों को लिए हुए है। माह की शुरुआत में आप तमाम तरह की सुख-सुविधाओं को भोगते हुए अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुखद समय बिताएंगे। इस दौरान किसी पर्यटन अथवा धार्मिक स्थल की यात्रा करने का सौभाग्य भी प्राप्त होगा। नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में कर्क राशि के जातकों के अटके हुए कार्य पूरे होंगे। इस दौरान आपको अपने इष्ट-मित्रों से विशेष सुख, सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको मनचाहा लाभ प्राप्त होगा। आमदनी के नये रास्ते खुलेंगे। भूमि-भवन से जुड़े विवाद सुलझेंगे। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति होगी। माह के दूसरे सप्ताह में ही आपका संपर्क प्रभावी लोगों के साथ बढ़ेगा। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों की मदद से अधूरे कार्य पूरे होंगे। नौकरीपेशा लोगों को माह के मध्य तक मनचाहा प्रमोशन प्राप्त हो सकता है। कार्यस्थल पर आपकी साख बढ़ेगी। सीनियर आपके कामकाज को सराहेंगे। माह के उत्तरार्ध में स्वजनों के साथ संवाद बढ़ेगा और गलतफहमियां दूर होंगी। इस दौरान करियर-कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं सफल साबित होंगी। धन लाभ के साथ मान-सम्मान में बढ़ोत्तरी होगी। कला साहित्य आदि से जुड़े लोगों को पुरस्कृत किया जा सकता है। माह के अंत में अचानक से कुछेक बड़े खर्चों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान कुछेक अवसर लाभदायक सिद्ध होंगे। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। सिंगल लोगों की लव स्टोरी की शुरुआत हो सकती है। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन माता लक्ष्मी की पूजा एवं कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : daily rashifal
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस महीने कभी आपके कार्य आसानी से पूरे होते हुए तो कभी कुछेक अड़चनों के बाद काफी भाग दौड़ करने के पश्चात् पूरे होंगे। हालांकि माह की शुरुआत में सौभाग्य आपके साथ रहेगा। इस दौरान आपके नेतृत्व में होने वाले कार्य सफल साबित होंगे। कार्यक्षेत्र में सीनियर आपके कामकाज की तारीफ करेंगे और जूनियर की तरफ से पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। यह समय राजनीति और समाजसेवा से जुड़े लोगों के लिए भी शुभ कहा जाएगा। नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में आपका स्वजनों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है। इस दौरान आपको अपना काम निकालने के लिए लोगों के साथ बड़ी विनम्रता से पेश आना होगा। माह के मध्य तक एक बार फिर चीजें आपके पक्ष में आ जाएंगी। यह समय रोजी-रोजगार में प्रगति देने वाला कहा जाएगा। बेरोजगार लोगों को रोजगार की प्राप्ति होगी तो वहीं पहले से कार्यरत लोगों के कद एवं पद में वृद्धि के योग बनेंगे। माह के उत्तरार्ध आपकी आय तो बढ़ेगी लेकिन साथ ही साथ खर्च भी बढ़ेंगे। माह के उत्तरार्ध में आप अपनी सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों के क्रय में बड़ी पूंजी खर्च कर सकते हैं। माह के अंत में जोखिम भरे निवेश से बचें और वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी। कठिन समय में लव पार्टनर संबल प्रदान करेगा। परिजन आपके प्रेम को स्वीकार करते हुए विवाह के लिए हरी झंडी दिखा सकते हैं।
उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा हल्दी और केसर का तिलक लगाकर कर करें तथा विष्णु चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना मिश्रित फलदायी रहेगा। माह के प्रारंभ में कामकाज के सिलसिले में अत्यधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों पर कामकाज का अतिरिक्त बोझ रहेगा। माह के दूसरा हफ्ता आपके पक्ष में रहेगा। इस दौरान विदेश से जुड़ा कार्य करने वालों को बड़ी सफलता हासिल हो सकती है। विदेश यात्रा के भी योग बन सकते हैं। कार्य विशेष को पूरा करने के लिए सत्ता-सरकार से जुड़े प्रभावी लोगों से संपर्क स्थापित होंगे। पार्टनरशिप में व्यवसाय करने वालों को अपने साझेदार के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता रहेगी। माह के मध्य का समय टारगेट ओरिएंटेड काम करने वालों के लिए शुभ कहा जाएगा। इस दौरान आप समय से पूर्व अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में कामयाब होंगे। व्यवसाय से जुड़े लोग बड़ी कारोबारी डील कर सकते हैं. माह के तीसरे सप्ताह में नौकरीपेशा लोगों पर कामकाज का अत्यधिक दबाव बना रहेगा। इस दौरान खराब सेहत भी आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकती है. नवंबर महीने के आखिरी सप्ताह में किसी महिला विशेष की मदद से कन्या राशि के जातकों के अटके कार्य पूरे होंगे। इस दौरान आप अपनी वाणी और व्यवहार से दूसरों को प्रभावित करने में पूरी तरह से कामयाब होंगे। प्रेम प्रसंग की दृष्टि से नवंबर महीने की शुरुआत अच्छी कही जाएगी। इस दौरान इष्ट-मित्रों और लव पार्टनर के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। माह के मध्य में किसी बड़े फैसले को लेते समय पिता की तरफ से विशेष सहयोग मिलेगा। माह के अंत में लव पार्टनर से सुखद समाचार की प्राप्ति संभव है।
उपाय: प्रतिदिन गणपति को दूर्वा अर्पित करके श्री गणेश सहस्त्रनाम का पाठ करें।

8 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना औसत फलदायी रहने वाला है। इस माह तुला राशि के जातकों को छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने के लिए भी अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। हालांकि माह की शुरुआत सकारात्मक रहेगी। इस दौरान आपको घर और बाहर दोनों जगह स्वजनों से भरपूर समर्थन और सहयोग प्राप्त होगा। यदि आप किसी कार्य विशेष को प्रारंभ करने के लिए ऋण आदि के लिए प्रयासरत हैं तो माह के पूर्वार्ध में आपकी इस समस्या का समाधान निकल आएगा। माह के दूसरे सप्ताह में अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते है। इस दौरान आपको करियर-कारोबार से लेकर घर-परिवार से जुड़े मामलों को सुलझाने के लिए लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यह समय विरोधियों से सचेत रहने का रहेगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में अपने कार्य को किसी दूसरे के भरोसे छोड़ने की भूल न करें। माह के मध्य में आप किसी नये कार्य की शुरुआत के लिए कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं। इस दौरान आपके भीतर नौकरी बदलने का भी ख्याल आ सकता है, लेकिन आपको कोई भी बड़ा फैसला भावना में बहकर लेने की गलती न करें। माह के उत्तरार्ध में आपको आलस्य और अभिमान से बचते हुए अपने कार्य को सही तरीके से समय पर करना होगा। इस दौरान लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाने का प्रयास करना होगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह का पूर्वार्ध आपके पक्ष में रहेगा। इस दौरान आपको स्वजनों की तरफ से पूर्ण सहयोग और समर्थन मिलेगा। लव पार्टनर के साथ आपसी समझ और विश्वास बढ़ेगा। माह के उत्तरार्ध में विपरीत लिंग की तरफ आपका आकर्षण बढ़ सकता है। किसी के साथ हुई मित्रता प्रेम संबंध में बदल सकती है।
उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।

9 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना मिले जुले फल देने वाला साबित होगा। माह की शुरुआत में आपको आधी छोड़ सारी को धावै, सारी मिले न आधी पावे वाली कहावत को याद रखना होगा। कहने का तात्पर्य यह है कि इस माह आपको जीवन में आगे बढ़ने के कई अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं, लेकिन उन अवसरों का लाभ उठाने के लिए आपको अपनी बुद्धि और विवेक का पूरा इस्तेमाल करना होगा। इस कार्य के लिए आपको अपने शुभचिंतकों के अलावा अपने गुरु या मेंटर से जरूर सलाह लेना चाहिए। व्यवसाय से जुड़े लोगों को जहां नवंबर महीने के पूर्वार्ध में कारोबार में अच्छा लाभ होगा तो वहीं खर्च की अधिकता भी बनी रहेगी। माह की शुरुआत में आय-व्यय में अंतर होने के कारण आर्थिक प्रबंधन करना थोड़ा कठिन रहेगा। माह के दूसरे सप्ताह में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान किसी प्रिय व्यक्ति की बातों या फिर असहयोग से दिल दुखी रह सकता है। हालांकि माह के मध्य में परिस्थितियां आपके पक्ष में एक बार फिर होती हुई नजर आएंगी और आपको करियर-कारोबार में मनचाही सफलता मिलेगी। माह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों की मेहनत को सराहा जाएगा। कामकाजी महिलाओं के पद में वृद्धि होने से उनका सम्मान न सिर्फ कार्यक्षेत्र में बल्कि घर-परिवार में बढ़ेगा। माह के उत्तरार्ध में आपकी आय के नये स्रोत बनेंगे। संचित धन में वृद्धि होगी। खट्टी-मीठी तकरार के साथ प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा एवं चालीसा का सात बार पाठ करें।

10 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना शुभता और सौभाग्य को लिए हुए है। इस माह आपको करियर और कारोबार में बड़ी उपलब्धियां हासिल होंगी। नौकरीपेशा लोगों के कामकाज को कार्यक्षेत्र में सराहा जाएगा। पद एवं प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। माह की शुरुआत में आपको न सिर्फ कार्यक्षेत्र में बल्कि परिवार में भी स्वजनों से पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। इस माह आपको पिता की तरफ से विशेष स्नेह प्राप्त होगा। माह के दूसरे सप्ताह में आप अपनी वाणी और व्यवहार से उन सभी चीजों को पाने में कामयाब होंगे, जिसके लिए आप लंबे समय से प्रयासरत थे। इस दौरान सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। माह के दूसरे सप्ताह में आपको जमीन-जायदाद या फिर कोर्ट-कचहरी से जुड़े अन्य किसी मामले में बड़ी सफलता प्राप्त हो सकती है। भूमि-भवन के क्रय-विक्रय का सपना साकार हो सकता है। नवंबर के मध्य का कुछ समय यदि छोड़ दें तो पूरा महीना व्यवसाय की दृष्टि से आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। इस माह आप कोई बड़ी कारोबारी डील कर सकते हैं, जिससे आपकी बाजार में साख बढ़ेगी। विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों को विशेष लाभ की प्राप्ति संभव है। माह के तीसरे सप्ताह में लाभ मार्ग में आ रही कोई बड़ी बाधा दूर होने से आप राहत की सांस लेंगे। यदि आपकी जीवनसाथी के साथ किसी बात को लेकर मतभेद चल रहा था तो नवंबर के मध्य तक गलतफहमियां दूर होंगी और आपका दांपत्य जीवन एक बार फिर सुखमय बन जाएगा। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का नित्य पाठ करें।

11 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए नवंबर महीने की शुरुआत थोड़ा ज्यादा ही आपाधापी भरी रह सकती है। इस दौरान आपको आपको करियर-कारोबार में उतार-चढ़ाव भरी स्थिति से गुजरना पड़ सकता है। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो आपकी जिम्मेदारियों में बड़े बदलाव हो सकते हैं। माह की शुरुआत में आपको अपने कार्यक्षेत्र में पूरे मनोयोग और प्रबंधित तरीके से काम करने की आवश्यकता रहेगी। साथ ही साथ अपने विरोधियों से भी खूब सतर्क रहना होगा क्योंकि वे आपके बने बनाए काम को बिगाड़ कर आपकी छवि को खराब करने का षड्यंत्र रच सकते हैं। माह के पूर्वार्ध में परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को भाग्य से ज्यादा कर्म पर विश्वास करते हुए कठिन परिश्रम करना होगा, तभी उन्हें मनचाहा फल मिल पाएगा। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको माह के मध्य में बड़े कारोबारी फैसले लेने से पूर्व अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। इस दौरान बाजार में अपनी साख को बनाए रखने के लिए अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ेगा। इस दौरान आपको कुछ अनापेक्षित परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। माह के उत्तरार्ध में करियर-कारोबार से जुड़ी लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्राएं हो सकती हैं। यदि आपका अपने जीवनसाथी या लव पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर मतभेद चल रहा है तो वह थोड़ा लंबा खिंच सकता है। इसके कारण वैवाहिक जीवन में तनाव बना रहेगा, लेकिन यदि आप दूसरों की बातों में आने की बजाय अपने पार्टनर से सीधे संवाद करते हैं तो संबंधों में सुधार संभव है।
उपाय: प्रतिदिन पूजा में हनुमान चालीसा का पाठ करें तथा शनिवार को पीपल के नीचे सरसों के तेल का दीया जलाएं।

12 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीने के शुरुआती दिन कभी खुशी कभी गम लिए रहने वाले हैं। इस दौरान कुंभ राशि के जातकों को करियर-कारोबार में उतार-चढ़ाव भरी स्थितियों से गुजरना पड़ सकता है। माह के पहले सप्ताह में आपको जहां करियर-कारोबार को आगे बढ़ाने के अवसर प्राप्त होंगे तो वहीं उसे भुनाने में बाधाओं का सामना भी करना पड़ेगा। ऐसे में कुंभ राशि के जातकों को माह के पूर्वार्ध में बहुत सोच-समझकर फैसले लेने होंगे। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो माह के पूर्वार्ध में आपके द्वारा किया परिश्रम और प्रयास उतना सफल नहीं हो पाएगा जितनी आप अपेक्षा कर रहे होंगे। ऐसे वक्त में आपको धैर्य बनाए रखते हुए यह समझना होगा कि लाभ और हानि व्यवसाय का हिस्सा है। माह के मध्य में परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की सलाह से आप काफी हद तक चीजों को सुलझाने में कामयाब हो जाएंगे। उत्तरार्ध तक परिस्थितियां आपके पक्ष में होंगी। ऐसे में कठिन परिस्थितियों में बगैर हताश हुए आपको निरंतर प्रयास करते रहना होगा। नौकरीपेशा लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान माह के अंत तक निकल आएगा। आर्थिक रूप से माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगा। इस दौरान अचानक कहीं से धन की प्राप्ति संभव है। माह के अंतिम सप्ताह में करियर-कारोबार के सिलसिले में यात्राएं सुखद एवं लाभप्रद साबित होंगी। कुंभ राशि के जातकों को प्रेम संबंध में सूझबूझ से काम लेना होगा। यदि किसी बात को लेकर अपने पार्टनर के साथ खटपट चल रही थी तो माह की शुरुआत में आपसी संवाद के जरिए इस नाराजगी को दूर करने में कामयाब हो जाएंगे। वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन भगवान पारद शिवलिंग की पूजा एवं शिवाष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
November Horoscope 2026 - फोटो : अमर उजाला
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए नवंबर का महीना भ्रम को दूर करते हुए सही और गलत के बीच फर्क करना सिखाएगा। माह की शुरुआत आपके लिए थोड़ा ज्यादा ही भागदौड़ भरी रहने वाली है। माह की शुरुआत में भूमि-भवन आदि से जुड़े विवाद के साथ खराब सेहत आपकी चिंता का कारण बन सकती है। हालांकि मुश्किल भरे इस समय में सच्चे दोस्त काफी मददगार साबित होंगे। माह के पूर्वार्ध में नौकरीपेशा लोगों के कामकाज में अप्रत्याशित रूप से बदलाव हो सकते हैं, जो कुछ हद तक आपके लिए अनुकूल तो कुछ प्रतिकूल साबित होंगे। मीन राशि के जातकों को इस दौरान धन के लेनदेन में खूब सावधानी बरतनी होगी। इस दौरान कर्ज और मर्ज दोनों को नजरअंदाज करने से बचें। माह के पूर्वार्ध में जहां कामकाज से जुड़ी कठिनाईयों के चलते आपके आत्मविश्वास में कमी नजर आएगी तो वहीं माह के उत्तरार्ध में आपका किस्मत का सितारा एक बार फिर चमकता हुआ नजर आएगा। इस दौरान आप अपनी ऊर्जा और समय का पूरा सदुपयोग करेंगे। मीन राशि के जातक माह के तीसरे सप्ताह में अपनी बुद्धि और विवेक के बल पर व्यवसाय में मनचाहा लाभ प्राप्त करेंगे। नौकरीपेशा लोग कार्यक्षेत्र में अपने कंपटीटरर्स को कड़ी चुनौती देते हुए अपना लोहा मनवाने में कामयाब हो जाएंगे। सीनियर आपके कामकाज से संतुष्ट रहेंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से नवंबर के महीने में आपको नरम-गरम स्थितियों से गुजरना पड़ सकता है। इस माह आपके रिश्ते कभी अपनों के साथ बिगड़ते तो कभी बनते नजर आएंगे। ऐसे में स्वजनों के साथ बेहतर तालमेल बिठाने के लिए आपको खुद ही आगे बढ़कर प्रयास करना होगा। प्रेम प्रसंग में सावधानी अपेक्षित रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ और गुरुवार को चने की दाल दान करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें