फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सितंबर 2026 का मासिक राशिफल: बदलेगी इन राशियों की किस्मत, जानें 12 राशियों के लिए कैसा बीतेगा माह?

Sat, 29 Aug 2026 10:42 AM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

सितंबर माह में कई प्रमुख ग्रह राशि परिवर्तन करेंगे, जिसका प्रभाव सभी 12 राशियों के करियर, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पारिवारिक जीवन पर अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा सितंबर का महीना।
विज्ञापन
1 of 13
मासिक राशिफल सितंबर 2026 - फोटो : Amar Ujala
सितंबर 2026 ज्योतिषीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस महीने कई प्रमुख ग्रह राशि परिवर्तन करेंगे, जिसका प्रभाव सभी 12 राशियों के करियर, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पारिवारिक जीवन पर अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है। महीने की शुरुआत 2 सितंबर को शुक्र के तुला राशि में प्रवेश से होगी। इसके बाद 7 सितंबर को बुध कन्या राशि में प्रवेश करेंगे, जहां उन्हें मजबूत स्थिति में माना जाता है। 17 सितंबर को सूर्य कन्या राशि में गोचर करेंगे, जबकि 18 सितंबर को मंगल कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। महीने के अंत में 26 सितंबर को बुध तुला राशि में गोचर करेंगे।

इसके अलावा शनि पूरे महीने मीन राशि में वक्री रहेंगे, जबकि राहु कुंभ और केतु सिंह राशि में स्थित रहेंगे। ऐसे में सितंबर का महीना कुछ राशियों के लिए करियर और आर्थिक मामलों में नए अवसर लेकर आ सकता है, वहीं कुछ राशि वालों को महत्वपूर्ण फैसले लेते समय धैर्य और सतर्कता बरतने की जरूरत होगी। ऐसे में आइए जानते हैं कि सितंबर का महीना सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहने वाला है। 
विज्ञापन

2 of 13
मेष - फोटो : amarujala
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए सितंबर महीने की शुरुआत बेहद शानदार रहने वाली है। इस दौरान आपको सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा और सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होंगे। सितंबर महीने के पहले दो सप्ताह आपके करियर-कारोबार की दृष्टि से अनुकूल कहें जाएंगे। इस दौरान आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों से भरपूर सुख, सहयोग और समर्थन मिलेगा। घर-परिवार में प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा और स्वजनों के साथ हंसी-खुशी समय बिताने का अवसर प्राप्त होगा।

माह के मध्य में छात्र वर्ग को आलस्य को त्याग कर कठिन परिश्रम करने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आपका मन अपने लक्ष्य से भटक सकता है। किसी बात को लेकर अपनों के साथ वाद-विवाद होने की आशंका रहेगी। हालांकि इस दौरान छोटी-बड़ी यात्राएं आपके करियर और कारोबार को सही दिशा देने का कार्य करेंगी। सत्ता-सरकार से जुड़े किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से अटके हुए कार्य को पूरा करने में मदद प्राप्त होगी।

माह के तीसरे हफ्ते में आपको अपनी सेहत और संगति दोनों को सही रखने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान थोड़ी सी लापरवाही आपके शारीरिक एवं मानसिक कष्ट का कारण बन सकती है। माह के आखिरी सप्ताह तक एक बार फिर चीजें पटरी पर लौटती हुई नजर आएंगी और आप करियर-कारोबार आदि में अपना बेस्ट देने में कामयाब होंगे। पारिवारिक सुख की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए अत्यंत ही शुभ कहा जाएगा।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा लाल पुष्प अर्पित करके करें तथा कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें।
 
विज्ञापन

3 of 13
वृषभ - फोटो : amarujala
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना मिश्रित फलदायी कहा जाएगा। महीने की शुरुआत में इस राशि के जातकों को अपने कामकाज में खूब सावधानी बरतनी होगी। माह के पूर्वार्द्ध में आपको गुप्त शत्रुओं से सावधान रहना होगा और रिस्क वाले काम से बचना होगा। इस दौरान भूलकर भी नियमों का उल्लंघन न करें और रिश्तों में मर्यादा बनाए रखें। प्रेम प्रसंग हो या फिर दांपत्य संबंध भावनाओं की कद्र करें। माह की शुरुआत में अपनी ऊर्जा, धन एवं समय का सदुपयोग करें अन्यथा बाद में बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है। माह के पहले सप्ताह से लेकर मध्य तक यदि आप अपने कार्य को पूरे मनोयोग और योजनाबद्ध तरीके से कहते हैं तो आप तमाम तरह की कठिनाईयों से बच सकते हैं।

माह के मध्य में करियर-कारोबार से जुड़ी समस्याएं आपकी चिंता का कारण बनेंगी। इस दौरान छोटे-छोटे कार्यों को करने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करने पड़ सकते हैं। करियर हो या फिर कारोबार अपना काम सिद्ध करने के लिए वृषभ राशि वालों को लोगों को मिलाजुला कर काम करना चाहिए। यदि आप लोगों से विनम्रता से पेश आते हैं और उनकी बातों को अधिक सुनने और समझने की कोशिश करेंगे तो आपकी आधी समस्याएं खुद ब खुद कम हो जाएंगीं। सितंबर माह के उत्तरार्ध में इस बात पर विशेष ध्यान दें क्योंकि यही वह समय होगा जब आप अपनी चीजों को पटरी में लाने में कामयाब हो सकते हैं।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री कृष्ण की विधि-विधान से पूजा एवं श्री कृष्णाष्टकम् का पाठ करें।

4 of 13
मिथुन - फोटो : amarujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए सितंबर माह की शुरुआत अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद कही जाएगी। इस दौरान आप भाग्य पूरी तरह से मेहरबान रहेगा। इस दौरान करियर और कारोबार में आपको मनचाही सफलता मिलेगी। व्यवसाय के सिलसिले में की जाने वाली यात्राएं शुभ और लाभप्रद रहेंगी। इस दौरान आत्मीय लोगों के साथ हंसी-खुशी समय बिताने का अवसर प्राप्त होगा। रोजी-रोजगार की दिशा में प्रयास सफल होंगे। प्रोन्नति एवं मनचाहे स्थान पर तबादले की कामना पूरी होगी, लेकिन माह का दूसरा सप्ताह सेहत और संबंध की दृष्टि से प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान अपनी दिनचर्या और व्यवहार सही रखें।

सितंबर माह के मध्य में मिथुन राशि जातक कुछेक चीजों को लेकर असमंजस की स्थिति में रह सकते हैं। इस दौरान भूलकर भी भावनाओं में बहकर या फिर आवेश में आकर कोई गलत निर्णय न लें। अचानक से कुछेक बड़े खर्च आने से आपका आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है। ऐसे में माह की शुरुआत से ही अपने धन का प्रबंधन करके चलें और हाथ दबाकर खर्च करें। सितंबर महीने के उत्तरार्ध में संतान या फिर किसी आत्मीय व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर मतभेद या वाद-विवाद हो सकता है। इस दौरान करियर-कारोबार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। नई योजना से जुड़ते समय उसकी नियम और शर्तें अवश्य जान लें। यदि आप कहीं पर बड़ा निवेश करने का प्लान करें तो एक बार अपने शुभचिंतकों या फिर वरिष्ठ व्यक्ति की सलाह लेना न भूलें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी की को दूर्वा या फिर शमीपत्र अर्पित करके पूजा तथा गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
 
विज्ञापन

5 of 13
कर्क - फोटो : amarujala
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना मिश्रित फलदायी कहा जाएगा। करियर हो या फिर कारोबार आपको इस माह काफी उतार-चढ़ाव भरी स्थितियों से गुजरना पड़ सकता है। हालांकि सितंबर महीने की शुरुआत आपके लिए अनुकूल कही जाएगी। इस दौरान लंबे समय से अटके कार्य पूरे होंगे। व्यवसाय में मनचाही प्रगति और लाभ होगा। रोजी-रोजगार के सिलसिले में की गई यात्राएं सुखद एवं लाभप्रद रहेंगी।

माह के पूर्वार्ध में आपको आत्मीय लोगों से भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा लेकिन दूसरे सप्ताह से आपको लोगों के साथ तालमेल बिठाने में कुछेक मुश्किलें आ सकती हैं। इस दौरान आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपके सोचे हुए कार्य भी योजनाबद्ध तरीके से करने पर ही पूरे हो पाएंगे। माह के मध्य में एक बार फिर आप पर भाग्य मेहरबान होगा और चीजें पटरी पर आना शुरू हो जाएंगी। यह समय आपके लिए आर्थिक रूप से काफी अच्छा कहा जाएगा। आपको विभिन्न स्रोतों से आय होगी।

कारोबार में मनचाहा लाभ होगा। भूमि-भवन और वाहन आदि के क्रय का सपना पूरा हो सकता है। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति में आ रही अड़चनें दूर होंगी। माह के तीसरे सप्ताह में आपको अपने कामकाज में लापरवाही करने से बचना होगा। इस दौरान लोगों के साथ वाद-विवाद से बचते हुए अपने लक्ष्य पर फोकस करें। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाने के लिए आपको इस माह कुछेक चीजों से समझौता करना पड़ सकता है। माता का विशेष स्नेह बरसेगा।

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर जल चढ़ाकर रुद्राष्टकं का पाठ करें।
 
विज्ञापन

6 of 13
सिंह - फोटो : amarujala
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना औसत फलदायी कहा जाएगा। इस महीने सिंह राशि के जातकों को करियर-कारोबार में अचानक से आने वाली कुछेक दिक्कतों से जूझना पड़ सकता है। हालांकि माह की शुरुआत आपके लिए ठीक कही जाएगी। इस दौरान आपको सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा। ऐसे में सिंह राशि के जातकों को इस माह अपने महत्वपूर्ण कार्य माह के पूर्वार्द्ध में करने का प्रयास करना चाहिए। सितंबर महीने के पहले सप्ताह में करियर-कारोबार से जुड़ी यात्राएं सुखद एवं सफल साबित होंगी और स्वजनों का पूरा साथ और समर्थन मिलेगा। कामकाज से जुड़ी यह अनुकूलता दूसरे हफ्ते तक बनी रहेगी लेकिन आपको लोगों को मिलाजुला कर चलना होगा।

सिंह राशि के जातकों को पूरे माह अपनी वाणी और व्यवहार को बेहतर बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। सेहत और संबंध की दृष्टि से माह के मध्य का समय विपरीत कहा जाएगा। इस दौरान लोग आपकी बातों का गलत मतलब निकाल सकते हैं। परिवार के किसी सदस्य के साथ वाद-विवाद के कारण मन खिन्न रहेगा। इस दौरान अचानक से कुछेक बड़े खर्च सामने आ सकते हैं। जिसके चलते आप आर्थिक संकट का अनुभव कर सकते हैं। मौसम में बदलाव के कारण सेहत भी प्रभावित हो सकती है। माह के उत्तरार्ध में आपको जीवन से जुड़ी तमाम कठिनाईयों से कुछ  हद तक मुक्ति मिल सकती है। इस दौरान आप अपनी बुद्धि और विवेक से अपने काम को बनाने में कामयाब हो जाएंगे।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देवता को अर्घ्य देकर आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
 
विज्ञापन

7 of 13
कन्या - फोटो : amarujala
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना कभी खुशी कभी गम लिए रहने वाला है। इस माह आपके काम कभी आसानी से मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे तो वहीं कभी बनते हुए काम में अचानक से अड़चन आ सकती है। महीने की शुरुआत आपके लिए बेहद शुभ और शानदार रहने वाली है। इस दौरान आपके संबंध सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के साथ बनेंगे। प्रभावी और आत्मीय व्यक्तियों की मदद से आप अपने अटके कार्यों को आसानी से पूरा करने में कामयाब हो जाएंगे।

माह के पूर्वार्ध का समय आर्थिक दृष्टि से शुभ और लाभप्रद साबित होगा। इस दौरान आपको अटके हुए धन की प्राप्ति संभव है। आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे, लेकिन माह के मध्य में आपको अपने फैसले सोच-समझकर लेने की आवश्यकता रहेगी। व्यवसाय की दृष्टि से यह समय उतार-चढ़ाव लिए रहेगा। कारोबार में अपनी साख को बनाए रखने के लिए आपको अधिक परिश्रम और प्रयास करना होगा। इस दौरान परिवार के किसी प्रिय सदस्य की सेहत आपकी चिंता का कारण बनेगी। हालांकि आपको स्वयं की सेहत का भी विशेष ख्याल रखने की आवश्यकता रहेगी।

माह के उत्तरार्ध में अपने कागजी काम समय पर निपटाएं और नियमों का उल्लंघन करने से बचें। इस दौरान वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं अन्यथा चोट आदि लगने की आशंका रहेगी। कन्या राशि के जातकों को भूमि-भवन आदि से जुड़े विवाद को कोर्ट ले जाने की बजाय बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे छात्रों को माह के अंत में सुखद परिणाम की प्राप्ति संभव है।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
 

8 of 13
तुला - फोटो : amarujala
तुला
तुला राशि के जातक यदि अपने कामकाज को थोड़ा सा संयम और सावधानी के साथ करने का प्रयास करेंगे तो उन्हें इस माह उम्मीद से कहीं ज्यादा फल की प्राप्ति संभव है। हालांकि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता एवं लाभ की प्राप्ति के लिए आपको अधिक परिश्रम और प्रयास करने होंगे। माह की शुरुआत में जहां आपको कामकाज से जुड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है, वहीं इस दौरान स्वजनों से मिलने वाला सपोर्ट आपको राहत प्रदान करेगा। नौकरीपेशा लोगों का अपने सहकर्मियों के साथ मित्रवत व्यवहार बना रहेगा। कामकाज के सिलसिले में की गई यात्राएं थकान भरी लेकिन अंतत: सफल एवं लाभप्रद साबित होंगी। माह के पूर्वार्ध में प्रिय वं आत्मीयजनों के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी।

तुला राशि के जातकों को माह के मध्य में लोगों के साथ बेवजह उलझने से बचना चाहिए। विशेष रूप से सत्ता-सरकार से जुड़े मामले को सुलझाते समय विनम्रता से पेश आएं, अन्यथा बात बनने की बजाय बिगड़ सकती है। इस दौरान आप पर कार्य की अधिकता के चलते शारीरिक एवं मानसिक थकान बनी रहेगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो इस दौरान जोखिम भरी योजनाओं में निवेश न करें तथा धन का लेनदेन बेहद सावधानी के साथ करें। तुला राशि के जातकों को माह के उत्तरार्ध में अपने रिश्ते-नातों को बेहतर बनाए रखने के लिए नकारात्मकता से दूरी बनाते हुए लोगों की भावनाओं की कद्र करनी होगी। पारिवारिक सुख की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय मध्यम फलकारी कहा जाएगा।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के श्रीयंत्र की पूजा एवं श्री सूक्त का पाठ करें।
 

9 of 13
वृश्चिक - फोटो : amarujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि वाले जातकों के लिए सितंबर का महीना औसत फलदायी कहा जाएगा। इस महीने आपको छोटे-छोटे कार्यों को भी करने के लिए अधिक परिश्रम करना होगा। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो आपको इस महीने उसके साथ तालमेल बिठाने में मुश्किलें आ सकती हैं। धन के लेनदेन और कागजी काम में खूब सावधानी बरतें। महीने की शुरुआत में अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते हैं, जिसके कारण आपका बना-बनाया बजट गड़बड़ा सकता है। इस दौरान छात्रों का मन पढ़ाई से उचट सकता है। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कामकाज के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यदि आप बीते कुछ समय से किसी घरेलू समस्या को लेकर परेशान चल रहे हैं तो इस माह के दूसरे सप्ताह तक उसका कुछ न कुछ समाधान निकल सकता है।

माह के मध्य तक स्थितियां आपके अनुकूल होती नजर आएंगी और आपको आकस्मिक लाभ हो सकता है, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। किसी योजना में फंसा धन या फिर किसी को दिया गया उधार वापस हो सकता है। यह समय नौकरीपेशा वर्ग के लिए अनुकूल फलप्रद बन रहा है। अधिकारी वर्ग आपके कार्यों से प्रसन्न रह सकता है। यदि बात करें माह के उत्तरार्ध की तो यह सेहत और संबंध दोनों की दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान किसी बात को लेकर आत्मीय लोगों से वाद-विवाद हो सकता है तो वहीं मौसमी बीमारी आपके शारीरिक कष्ट का कारण बनेगी। दांपत्य जीवन हो या प्रेम संबंध अपने रिश्ते के प्रति ईमानदार रहें।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में हनुमानाष्टक का पाठ करें।
 

10 of 13
धनु - फोटो : amarujala
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना सुख और सौभाग्य को लिए हुए है। इस माह आपको जीवन में आगे बढ़ने के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। माह की शुरुआत किसी बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार से होगी। इस दौरान लंबे समय से अटके कार्यों में गति आएगी, जिससे आप हर्ष का अनुभव करेंगे। हर कदम पर सौभाग्य का साथ मिलने से असंभव लगने वाले कार्य भी आसानी के साथ पूरे होंगे। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। अधिकारी वर्ग आपके कामकाज से प्रसन्न होकर आपको अहम जिम्मेदारियां सौंप सकता है। इससे आपके पराक्रम और उत्साह में वृद्धि होगी। घर परिवार में प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा। धार्मिक-मांगलिक कार्य संपन्न होंगे। समाज सेवा से जुड़े व्यक्ति को कार्य विशेष के लिए सम्मानित किया जा सकता है। राजनीति से जुड़े लोगों का समाज में प्रभाव बढ़ेगा।

माह के मध्य में किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से लाभप्रद योजना से जुड़ने का अवसर प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक दृष्टि से यह समय उत्तम फलप्रद बन रहा है। आप पर पिता का विशेष स्नेह बरसेगा। माह के उत्तरार्ध में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्राओं के योग बनेंगे। यात्रा के दौरान अपने सामान और सेहत का विशेष ख्याल रखें। इस दौरान वाहन सावधानी के साथ चलाएं अन्यथा चोट आदि लगने की आशंका रहेगी। इस दौरान सेहत संबंधी किसी भी समस्या की अनदेखी न करें और अपने खानपान के साथ दिनचर्या सही रखें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा केसर का तिलक लगाकर करें तथा श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
 

11 of 13
मकर - फोटो : amarujala
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए सितंबर महीने की शुरुआत अत्यंत ही शुभ, सफल और लाभप्रद कही जाएगी। इस दौरान इस राशि के जातकों को रोजी-रोजगार में मनचाही सफलता मिलेगी। इस दौरान व्यापारियों को पूर्व में किए गए निवेश का लाभ प्राप्त होने के योग बन रहे हैं। चीजें भले ही आपके पक्ष में हों लेकिन आपको धन के लेनदेन या फिर किसी योजना में निवेश बड़ी सावधानी के साथ करने की आवश्यकता बनी रहेगी। यदि आप माह की शुरुआत से अपनी ऊर्जा, समय और धन आदि का प्रबंधन करके चलते हैं तो आपके कार्य उम्मीद के अनुसार सफल होंगे।

मकर राशि के जो जातक रोजी-रोजगार से जुड़े बड़े फैसले लेने की योजना बना रहे हैं, उन्हें ऐसा करने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए और इसके लिए उचित समय का इंतजार करना चाहिए। छात्र वर्ग को माह के पूर्वार्द्ध में मनचाही सफलता की प्राप्ति संभव है। मकर राशि के जातकों माह के मध्य से उत्तरार्ध तक कामकाज में विशेष सावधानी की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान नेगेटिविटी से बचें तथा अपने से वरिष्ठ लोगों की सलाह को नजरअंदाज करने की भूल न करें।  इस दौरान सौभाग्य का साथ कम मिल पाएगा इसलिए अपने कार्य धैय और विवेक के साथ करें। सेहत और संबंध दोनों ही दृष्टि से यह समय आपके लिए थोड़ा विपरीत कहा जाएगा। ऐसे में अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखें तथा सेहत संबंधी समस्याओं को इग्नोर करने से बचें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
 

12 of 13
कुंभ - फोटो : amarujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना मिश्रित फलदायी कहा जाएगा। इस माह चीजें कभी आपके पक्ष में तो कभी विपक्ष में नजर आएंगी। हालांकि माह की शुरुआत में आपको सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा। इस दौरान आप अपने कंपटीटर से आगे निकलने में कामयाब हो जाएंगी। नौकरीपेशा लोगों पर उनके उच्च अधिकारियों की पूरी कृपा बरसेगी। यदि आपका कोई मामला कोर्ट कचहरी में चल रहा हे तो इस दौरान फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। संवाद के जरिए तमाम वाद-विवाद को दूर करने में आप कामयाब होंगे।

माह के दूसरे सप्ताह में आपको अपनी वाणी पर संयम बरतने की जरूरत रहेगी अन्यथा आत्मीय लोगों के साथ व्यर्थ में वाद-विवाद हो सकता है। यह समय व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए थोड़ा चुनौती भरा रहेगा। उन्हें बाजार में मंदी से जूझना पड़ सकता है। इस दौरान व्यापार करने वालों को जोखिम भरे निवेश से बचने की आवश्यकता रहेगी। माह के मध्य में आपके सोचे हुए काम कठिन परिश्रम और प्रयास के बाद पूरे हो पाएंगे। कुंभ राशि के जातकों को इस दौरान दूसरों अथवा भाग्य के भरोसे बैठने की गलती नहीं करनी चाहिए तथा गुप्त शत्रुओं से सावधान रहना होगा। माह के उत्तरार्ध में एक बार फिर परिस्थितियां आपके पक्ष में होती नजर आएंगी। इस दौरान आप अपने कंपटीटर्स से आगे निकलने में कामयाब हो सकते हैं। किसी सरकारी निर्णय से आपको लाभ मिल सकता है। परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा और उनका विशेष सहयोग और समर्थन आपको प्राप्त होगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
 
विज्ञापन

13 of 13
मीन - फोटो : amarujala
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना औसत फलदायी रहने वाला है। इस माह आपको सोचे हुए कार्यों को करने के लिए कठिन परिश्रम और प्रयास करना होगा। रिश्तों की मधुरता को बनाए रखने के लिए लोगों के साथ मर्यादापूर्ण आचरण करें तथा उनकी भावनाओं की कद्र करनी होगी। प्रेम और दांपत्य संबंध को मजबूत करने के लिए अपने साथी के प्रति वफादार रहना होगा। माह की शुरुआत में करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा के दौरान अपने सामान और सेहत दोनों का ख्याल रखें।कारोबार से जुड़ी कोई भी डील करने से पहले और रोजी-रोजगार से जुड़े अहम फैसले लेते समय अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लें। इस दौरान आपको अपने कामकाज में विशेष सावधानी की आवश्यकता रहेगी।

माह के मध्य से लेकर उत्तरार्ध तक आपको कारोबार में बड़े उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर का अपेक्षाकृत सहयोग और समर्थन कम मिल पाएगा। प्रेम संबंध और दांपत्य जीवन में भी इस दौरान आपको कुछेक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि आप अपने विवेक और व्यवहार से चीजों पटरी पर लाने में अंतत: कामयाब हो जाएंगे। माह के अंत में एक बार फिर भाग्य आपके पक्ष में आता हुआ नजर आएगा। इस दौरान किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से बड़ी समस्या का हल खोजने में कामयाब होंगे। छात्र वर्ग को उनके परिश्रम का पूरा फल प्राप्त होगा। उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास सफल होंगे।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देवता को अर्घ्य देकर सूर्याष्टकं का पाठ करें।

Vastu Tips: शाम को मुख्य दरवाजा बंद रखने की न करें गलती, जानें क्या है वास्तु के सही नियम

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें