फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monthly Horoscope : मई के महीने में इन राशियों की चमकेगी किस्मत, जानें 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा मई का महीना

Sun, 01 May 2022 07:27 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 12
मासिक राशिफल: मई का महीना सभी 12 राशियों के लिए क्या लेकर आ रहा है। - फोटो : अमर उजाला
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए मई का महीना मिलाजुला साबित होने जा रहा है। इस माह आप कई बार खुद को समस्याओं में घिरते तो खुद को समस्याओं से उबरते हुए पाएंगे। माह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में कामकाज की व्यस्तता बनी रहेगी। कार्यक्षेत्र में जहां आप अपने काम को पूरा करने में व्यस्त रहेंगे, वहीं आपकी कोशिश अपनी बेहतर छवि को बचाए रखने की भी होगी। इस दौरान आपकी स्वजनों के साथ किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है। हालांकि सप्ताह के दूसरे सप्ताह तक स्थिति में थोड़ा सुधार आएगा और इष्टमित्रों समेत परिजनों का सहयोग मिलने लगेगा। इस दौरान कोर्ट-कचहरी के मामलों में आपको प्रगति देखने को मिलेगा। आप अपने प्रतिद्वंदी पर हावी रहेंगे। आपके परिश्रम और प्रयास का पूरा फल मिलेगा। यदि आप व्यवसायी हैं तो आपको अपना व्यापार आगे बढ़ाने या फिर किसी लाभकारी योजना में धन निवेश करने का मौका मिलेगा। माह के मध्य तक स्थिति और संवर जाएगी। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे। मनचाही जगह पर ट्रांस्फर या प्रमोशन हो सकता है। हालांकि सफलता आपके भीतर अभिमान ला सकती है, जिससे आपको बचना होगा। माह के तीसरे सप्ताह में आपको अपने सेहत और संबंध दोनों को बहुत ख्याल रखने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान धन से संबंधित जोखिम लेने से बचें। प्रेम संबंध की दृष्टि से माह सामान्य रहने वाला है। कठिन समय में आपका लव पार्टनर आपके साथ हर पल खड़ा रहेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। 

उपाय : प्रतिदिन श्री हनुमान जी की साधना करें ओर मंगलवार के दिन हनुमान जी को सिंदूर का चोला अवश्य चढ़ाएं। 
विज्ञापन

2 of 12
TAURUS RASHIFAL - फोटो : अमर उजाला
वृषभ 
वृषभ राशि के जातकों के लिए मई का महीना सभी कामनाओं को पूरा और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाने वाला साबित होगा। माह की शुरुआत से ही आप अपने कार्यक्षेत्र में विरोधियों पर हावी रहते हुए अपना बेस्ट देने में कामयाब रहेंगे। इस दौरान आपके मान-सम्मान में बढ़ोत्तरी होगी। पूर्व में किए गए धन निवेश से लाभ होगा। करिअर-कारोबार में मनचाही प्रगति होगी। सेहत की दृष्टि से भी यह समय बेहतर रहेगा। आप अपनी वाणी और स्वभाव की बदौलत संबंधों को सुधारने और मजबूत बनाने में कामयाब होंगे। घर-परिवार से जुड़े किसी बड़े निर्णय को लेते समय परिजनों का पूरा साथ मिलेगा। माता पिता व बुजुर्गों से निकटता बनी रहेगी। मई माह के मध्य में भूमि विवाद में फैसला आपके पक्ष में जा सकता है। भूमि-भवन के क्रय विक्रय से लाभ होगा। इस दौरान अत्यधिक सक्रिय और व्यस्त रहेंगे। कारोबार में धन का लाभ और संचित धन में वृद्धि होगी। विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों को अप्रत्याशित लाभ होगा। नौकरीपेशा लोगों के आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे। यह समय परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी के लिए अत्यधिक शुभ और सफलतादायक रहेगा। सेहत और संबंध की दृष्टि से मई माह का उत्तरार्ध कुछ कष्टकारक साबित हो सकता है। इस दौरान प्रेम संबंध में सोच-समझकर कदम बढ़ाएं और अपने लव पार्टनर की भावनाओं को समझने का प्रयास करें। जीवनसाथी की सेहत भी आपकी चिंता का विषय बन सकती है। 

उपाय : प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा करें और माथे पर सफेद चंदन लगाएं। 
विज्ञापन

3 of 12
Gemini - फोटो : अमर उजाला
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए मई माह की शुरुआत थोड़ी कष्टकारक साबित हो सकती है। माह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में कामकाज का बोझ बढ़ सकता है। समय पर इष्टमित्रों की मदद न मिल पाने से मन अशांत रहेगा। इस दौरान आपके खर्चों में बेतहाशा वृद्धि हो सकती है। किसी प्रिय की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। कार्य विशेष में अड़चन या फिर कारोबार से जुड़ी कुछ एक दिक्कतें आपको परेशान कर सकती हैं। हालांकि माह के दूसरे सप्ताह के अंत तक इन सब परेशानियों से उबरने में आप कामायाब हो जाएंगे। इस दौरान आपको पैतृक सम्पत्ति की प्राप्ति संभव है। पूर्व में किसी योजना में लगाए गए धन से लाभ मिल सकता है। लेकिन माह के मध्य में आपके भीतर आलस्य और काम को टालने की प्रवृत्ति पनप सकती है, जिसके चलते आपके बने बनाए काम अटक सकते हैं। रोजी-रोजगार की तलाश में भटक रहे लोगों को भी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। इस दौरान आपको अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखना होगा। माह के उत्तरार्ध में आपको अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखना होगा, अन्यथा आपके वर्षों से बने बनाए संबंध टूट सकते हैं। प्रेम संबंध में पनपी गलतफहमियों को संवाद से दूर करना उचित रहेगा। इसी प्रकार जीवनसाथी की भावनाओं और जरूरतों की अनदेखी करने से बचना होगा। माह के अंत में संतान पक्ष की तरफ से कोई सुखद समाचार प्राप्त हो सकता है। 

उपाय : प्रतिदिन गणपति की पूजा करें और बुधवार के दिन गाय को हरा चारा खाने के लिए दें अथवा उसके निमित्त धन दान करें। 

4 of 12
Cancer - फोटो : अमर उजाला
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए मई माह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध ज्यादा बेहतर रहने वाला है। ऐसे में मई माह के पूर्वाध में आपको अपने समय और ऊर्जा का प्रबंधन करके चलना ज्यादा बेहतर रहेगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपको अपने विरोधियों से सावधान रहने की आवश्यकता है। बेहतर होगा कि आप लोगों की छोटी-मोटी बातों में उलझने की बजाय अपने लक्ष्य पर फोकस करें। मई माह के दूसरे सप्ताह में किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से भविष्य में लाभ की योजनाएं बनेंगी। विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों के लिए यह समय बहुत शुभ रहेगा। हालांकि किसी भी योजना या कारोबार में धन निवेश करने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह लेना उचित रहेगा। इस दौरान आपको मौसमी बीमारियां आपको सता सकती हैं। यदि कोई मामला कोर्ट-कचहरी में चल रहा हो तो उसे बाहर ही निबटा लेना ही उचित रहेगा। मई माह के उत्तरार्ध में आपकी परेशानियों में कमी आएगी और इस दौरान आपको घर और बाहर सभी का पूरा सहयोग प्राप्त होगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपका सीनियर आप पर मेहरबान रहेगा। यदि आप किसी को प्रपोज करने की सोच रहे थे तो आपकी बात बन जाएगी। जबकि पहले से प्रेम संबंध में चल रहे लोगों के परिजन उनके विवाह के लिए हरी झंडी दिखा सकते हैं। इस दौरान जीवनसाथी के साथ लंबी या छोटी दूरी की यात्रा हो सकती है। किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। 

उपाय : प्रतिदिन शिवलिंग पर दूध एवं गंगा जल चढ़ाएं और सफेद चंदन से अभिषेक करें। 
विज्ञापन

5 of 12
Leo - फोटो : अमर उजाला
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए मई का महीना मिलाजुला साबित होने वाला है। माह की शुरुआत में घरेलू परेशानियों के साथ कार्यक्षेत्र से जुड़े कामकाज को समय पर पूरा करने का दबाव बना रहेगा। इस दौरान इष्टमित्र की मदद भी न मिल पाने से मन थोड़ा खिन्न रहेगा। जो लोग रोजी-रोजगार की तलाश में हैं, उन्हें अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। यदि आप नौकरी में बदलाव करने की सोच रहे हैं तो अपने निर्णय पर विचार जरूर करें और भावनाओं में बहकर या फिर क्रोध में आकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचें। यदि आप पार्टनरशिप में काम रहे हैं तो आप चीजों को क्लीयर करके चलें अन्यथा यह आपके पार्टनर और आपके बीच बड़े विवाद का कारण बन सकता है। माह के मध्य में सिंह राशि के नौकरीपेशा जातकों का अनचाही जगह पर स्थानांतरण हो सकता है। यदि आप लंबे समय से भूमि-भवन के क्रय-विक्रय की सोच रहे थे तो इस माह आपकी यह मुराद पूरी हो सकती है। लेकिन ऐसा करते समय लेन-देन करते समय पूरी सावधानी बरतें और अच्छी तरह से पढ़ने के बाद ही किसी कागज पर हस्ताक्षर करें। माह के उत्तरार्ध में घर की किसी महिला सदस्य की सेहत को लेकर मन चिंतित रह सकता है। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। आपके कठिन समय में लव पार्टनर हमेशा परछाईं बनकर खड़ा रहेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। माह के अंत में किसी बड़े फैसले को लेते समय भाई-बहनों का पूरा साथ मिलेगा। 

उपाय: प्रतिदिन सूर्योदय से पहले उठने का प्रयास करें और उगते हुए सूर्य को तांबे के लोटे में रोली और अक्षत डालकर जल दें। साथ ही साथ प्रतिदिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ भी करें। 
विज्ञापन

6 of 12
Virgo - फोटो : अमर उजाला
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए मई माह जिंदगी में नए और बेहतर अवसर लेकर आएगा। माह की शुरुआत में ही आपको कार्यक्षेत्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी या बड़ा पद मिल सकता है। बेरोजगार लोगों को मनचाहा रोजगार मिल सकता है। इस दौरान सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर अधिक धन खर्च हो सकता है, हालांकि आपकी आय के नए स्रोत भी बढ़ेंगे और संचित धन में वृद्धि भी होती रहेगी। विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों को अप्रत्याशित लाभ होगा। इस दौरान आपके दोस्त, मित्र, परीचित व परिजनों से समर्थन, सहयोग व स्नेह प्राप्त होगा। करिअर और कारोबार को आगे बढ़ाने के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। इस दौरान जो लोग अविवाहित हैं, उनका विवाह तय हो सकता है। किसी मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। माह के उत्तरार्ध में महिलाओं का अधिकांश समय धार्मिक कार्यों में बीतेगा। माह के उत्तरार्ध में लव पार्टनर या फिर किसी प्रिय व्यक्ति के साथ गलतफहमी आपकी मानसिक चिंता का कारण बन सकती है। ऐसे में चीजों को विवाद की बजाय संवाद से सुलझाने का प्रयास करें अन्यथा रिश्तों में दरार आ सकती है। इस दौरान आपको अपने क्रोध और वाणी पर पूरी तरह से नियंत्रण रखना होगा। खट्टी-मीठी तकरार के साथ आपका वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। 

उपाय : प्रतिदिन गणपति की पूजा अवश्य करें और बुधवार के दिन दूर्वा चढ़ाकर अथवशीर्ष का पाठ करें। 
विज्ञापन

7 of 12
Virgo - फोटो : अमर उजाला
तुला 
तुला राशि के जातकों को मई के महीने में पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से बचना होगा। किसी के बहकावे में आकर किसी योजना में धन निवेश न करें और न ही कोई कोई बड़ा निर्णय लें। माह की शुरुआत में घर की मरम्मत या सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों के लिए जेब से अधिक धन खर्च करना पड़ सकता है। इस दौरान कामकाज के सिलसिले में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा के दौरान सेहत और सामान का खूब ख्याल रखें, अन्यथा आपको परेशान होना पड़ सकता है। कामकाजी महिलाओं को घर और कार्यक्षेत्र के बीच तामलमेल बिठाने में कुछेक दिक्कतें आ सकती हैं। इस दौरान आपके प्रेम संबंध में कुछेक गलतफहमियां पनप सकती हैं। लव स्टोरी में तीसरे की इंट्री आपकी परेशानी का बड़ा कारण बन सकती है। हालांकि माह के उत्तरार्ध तक आपकी यह मुश्किल भी  किसी महिला मित्र की मदद से दूर हो जाएगी। यह समय परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों और रोजी-रोजगार की तलाश कर रहे लोगों के लिए अत्यंत ही शुभ साबित होगा। किसी व्यक्ति विशेष की मदद से अटके काम पूरे होंगे। मई माह के अंत में किसी बात को लेकर स्वजनों के साथ मतभेद हो सकता है। इस दौरान जीवनसाथी की सेहत भी आपकी चिंता का बड़ा सबब बन सकती है। 

उपाय : प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा और उनकी चालीसा का पाठ करें। शुक्रवार के दिन कन्याओं को खीर खिलाएं और उनका आशीर्वाद लें।

8 of 12
Scorpio - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक 
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए मई का महीना कुछ उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। आपको जिंदगी की गाड़ी कभी तेजी से चलती हुई तो कभी रुकी हुई नजर आएगी। माह की शुरुआत पेशेवर रूप से देखी जाए तो संतोषजनक साबित होगी। इस दौरान आपको कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों का सहयोग मिलेगा। इस दौरान आप अपने घर और मकान की साज-सज्जा पर जेब से ज्यादा धन खर्च कर सकते हैं। माता-पिता या फिर घर के किसी बुजुर्ग व्यक्ति के साथ आपकी बेहतर बांडिंग देखने को मिलेगी। मई के दूसरे सप्ताह में आपको जीवन की कुछेक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। एक ओर जहां कारोबार में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, वहीं घर-परिवार से जुड़ा कोई बड़ा निर्णय आपकी मानसिक परेशानी का कारण बन सकता है। हालांकि यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं बनी रहेगी। माह के उत्तरार्ध में आप किसी वरिष्ठ या प्रभावी व्यक्ति के माध्यम से अपनी घरेलू समस्या का समाधान खोजने में कामयाब रहेंगे। कारोबार की प्रगति में आ रही अड़चनें भी आश्चर्यजनक तरीके दूर हो जाएंगी। यह समय आपके प्रेम संबंध की दृष्टि से थोड़ा परेशानियों भरा रह सकता है। यदि आप अपने प्रेम को विवाह में तब्दील करने की सोच रहे हैं तो उसमें कुछेक मुश्किलें आ सकती हैं। किसी भी बड़े निर्णय को भावनाओं में बहकर लेने की गलती न करें अन्यथा बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। दांपत्य जीवन को मधुर बनाने के लिए जीवनसाथी को पूरा समय दें। 

उपाय : प्रतिदिन हनुमत उपासना और हनुमान चालीसा का पाठ करें। यदि संभव हो तो मंगलवार का व्रत भी रखें। 

9 of 12
Sagittarius - फोटो : अमर उजाला
धनु 
मई के पूरे महीने में धनु राशि के जातकों की व्यस्तता बनी रहेगी। जीवन से जुड़ी चुनौतियों का सामना करते समय आप कई बार खुद को अकेला पाएंगे, लेकिन बावजूद इसके आपकी समस्याओं का समाधान आखिरकार निकल ही आएगा। माह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में कामकाज का अधिक बोझ बना रहेगा। इस दौरान आपको कार्य विशेष को पूरा करने के लिए अतिरिक्त श्रम और समय की जरूरत रहेगी। इस दैरान आप किसी को फ्लर्ट करने से बचें अन्यथा आप भारी मुश्किल में पड़ सकते हैं और मान-सम्मान के साथ धन की हानि भी हो सकती है। यदि आप पहले से ही प्रेम संबंध में हैं तो आप जरूरत से ज्यादा अपने लव पार्टनर की जिंदगी में दखल देने से बचें, अन्यथा बनी बनाई बात बिगड़ सकती है। माह के उत्तरार्ध में आपको अपने समय और सेहत दोनों का बहुत ख्याल रखना होगा। आपको आज का काम कल पर छोड़ने की आदत से बचना होगा, अन्यथा आपको खासा नुकसान झेलना पड़ सकता है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस दौरान किसी ऐसी योजना में धन निवेश करने से बचना चाहिए, जिसमें जरा भी रिस्क की आशंका हो। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले को यदि बाहर निबटाने का अवसर मिले तो ऐसा करने से बिलकुल न चूकें, अन्यथा मामला लंबा खिंच सकता है। माह के अंत में कार्यक्षेत्र हो या फिर घर लोगों की छोटी-मोटी बातों को इग्नोर करना ही बेहतर रहेगा। दांपत्य जीवन को सुखमय बनाने के लिए जीवनसाथी की भावनाओं को समझें और उसके लिए समय अवश्य निकालें। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री लक्ष्मीनारायण की पूजा करें और विष्णुसहस्त्रनाम का पाठ करें। महत्वपूर्ण कार्य के लिए केसर का तिलक लगाकर निकलें। 

10 of 12
Capricorn - फोटो : अमर उजाला
मकर 
मई के महीने में मकर राशि के जातकों की बात से ही बात बनेगी और बात से ही बात बिगड़ेगी। ऐसे में इस पूरे माह आपको अपनी वाणी और व्यवहार में मधुरता बनाए रखना ही उचित रहेगा। किसी भी परिस्थिति में आपा खोने की भूल बिल्कुल न करें। माह की शुरुआत में आप अपना पूरा ध्यान अपने घर-परिवार पर फोकस करेंगे। इस दौरान घर-परिवार से जुड़े किसी भी मसले को सुलझाते समय स्वजनों की भावनाओं की अनेदेखी करने की भूल बिल्कुल न करें। माह के दूसरे सप्ताह में आपको कामकाज के सिलसिले में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा के दौरान आपको अपनी सेहत और सामान का पूरा ख्याल रखने की जरूरत रहेगी। कारोबारियों को अपने प्रतिद्वंद्वी से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। जो लोग अपने करिअर को आगे बढ़ाने की पुरजोर कोशिश कर रहे थे, उन्हें भी निराशा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन उन्हें समझना होगा कि ऐसी स्थिति हर समय नहीं रहेगी और उन्हें मई माह के उत्तरार्ध में सुखद समाचार प्राप्त होंगे। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह समय बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता है। ऐसे में आपको बहुत सावधानी के साथ प्रेम की पींग बढ़ाना होगा, अन्यथा आपको तमाम तरह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती है। माह के अंत में आपको अपने कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चलने की जरूरत रहेगी। इस दौरान कोई पुरानी बीमारी एक बार फिर उभरने के कारण आपका मन चिंतित रह सकता है। 

उपाय : प्रतिदिन उगते हुए सूर्य को जल दें और शनिवार के दिन शनि संबंधी चीजों का दान करें। भूलकर भी पिता या पिता समान व्यक्ति का अनादर न करें। 

11 of 12
Aquarius - फोटो : अमर उजाला
कुंभ 
कुंभ राशि के जातकों के लिए मई का महीना मिला-जुला साबित होने जा रहा है। माह की शुरुआत में घर-परिवार की जरूरतों पर जेब से अधिक धन खर्च हो सकता है। इस दौरान मकान या किसी महंगे सामान आदि की मरम्मत आदि पर बड़ी धन राशि खर्च करनी पड़ सकती है, जिसके चलते आपका बजट गड़बड़ा सकता है। कार्यक्षेत्र में भी कामकाज का बोझ बना रहेगा। विशेष रूप से पेशेवर महिलाओं को घर और कार्यक्षेत्र के बीच तालमेल बिठाने में कुछ एक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। माह के मध्य में रोजी-रोजगार की तलाश में भटक रहे लोगों को नए अवसर तो मिलेंगे लेकिन संभव है कि वह आपकी अपेक्षा के अनुसार न हों। ऐसी स्थिति में जो भी अवसर मिले उसे छोड़ने की भूल बिलकुल न करें, अन्यथा इसके लिए भी आपको लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है। इस दौरान प्रेम संबंध में कुछ एक गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं, जिससे आपके और लव पार्टनर के बीच दूरियां बढ़ सकती हैं। इस समय माता-पिता के साथ भी किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है। ऐसे में चीजों को शांत मन से सुलझाने का प्रयास करें। माह के उत्तरार्ध में कार्यक्षेत्र में आपके विरोधी सक्रिय हो सकते हैं, ऐसे में उनसे विशेष रूप से सावधान रहें। साथ ही साथ अपनी सेहत का भी पूरा ख्याल रखें। मई माह का अंतिम सप्ताह आपकी तमाम परेशानियों से उबारने वाला साबित हो सकता है। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को अप्रत्याशित धन लाभ होगा। करिअर-कारोबार में प्रगति होगी। 

उपाय : प्रतिदिन हनुमत उपासना करें और सुंदरकांड का पाठ करें। 
विज्ञापन

12 of 12
Pisces Horoscope 2022: - फोटो : अमर उजाला
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए मई का महीना उत्तरार्ध के मुकाबले पूर्वार्ध ज्यादा शुभ और सफलता लिए साबित होगा। माह की शुरुआत में ही किसी प्रिय या प्रभावी व्यक्ति से मुलाकात होगी जो भविष्य में बड़े लाभ का कारण भी बनेगी। इस दौरान आपका पूरा फोकस भूमि-भवन के क्रय-विक्रय से होने वाले लाभ या फिर आय के अतिरिक्त स्रोतों पर रहेगा। इस दौरान आपके किए गए प्रयास पूरी तरह से सार्थक होंगे लेकिन किसी बड़ी योजना में धन निवेश करते समय प्रियजनों की सलाह लेना उचित रहेगा। मई माह के मध्य में घर में किसी प्रिय व्यक्ति के आगमन से खुशियों का माहौल बना रहेगा। परिजनों के साथ पिकनिक या किसी मनोरंजक स्थान की यात्रा संभव है। यदि आप पहले से प्रेम संबंध में चल रहे हैं तो संभव है कि आपके परिजन विवाह के लिए हां कर दें। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को मनचाहा प्रमोशन मिल सकता है। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। इस दौरान व्यावसायिक क्षेत्र की चीजों में प्रगति आपकी सन्तुष्टि के मुताबिक होगी। वित्तीय मामलों को लिए गए आपके फैसले आपको समृद्धि की राह पर ले जाएंगे। इस दौरान आपकी सफलता में आपके बॉस, आपके माता-पिता आदि का पूरा सहयोग शामिल रहेगा। माह के उत्तरार्ध में आपको किसी के बहकावे में आने या फिर किसी पर आंख मूंदकर विश्वास करने से बचना होगा, अन्यथा आपको खासा नुकसान झेलना पड़ सकता है। इस दौरान आपको समय, धन और ऊर्जा दोनों का प्रबंधन करना होगा। 

उपाय : प्रतिदिन भगवान विष्णु की पीले पुष्प और पीले फल चढ़ाकर पूजा करें। गुरुवार के दिन चने की दाल एवं गुड़ पीले कपड़े में बांध कर किसी पुजारी को दान दें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें