फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monthly Horoscope March 2021: मार्च माह में किन राशियों की कटेगी चांदी, किसके हाथों में लगेगी सफलता की चाबी

Mon, 01 Mar 2021 08:02 AM IST
रुस्तम राणा मधुकर मिश्रा, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 13
मासिक राशिफल मार्च 2021 - फोटो : अमर उजाला
Monthly Horoscope March 2021 in Hindi: पढ़ें सभी 12 राशियों के लिए मार्च 2021 का मासिक राशिफल। देखें इस महीने क्या कहते हैं आपके भाग्य के सितारे? मासिक राशिफल मार्च 2021 (Masik Rashifal March 2021) से आप अपने आर्थिक, पारिवारिक, नौकरी, व्यापार, विवाह और प्रेम जीवन के अलावा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की भविष्यवाणी जान सकते हैं। तो चलिए जानते हैं आपकी राशि के अनुसार मार्च माह में आपको कौन-कौनसे अवसर प्राप्त होंगे और किन क्षेत्रों में चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
विज्ञापन

2 of 13

मेष मासिक राशिफल

मेष राशि के जातकों को मार्च में अपनी वाणी पर बहुत नियंत्रण रखने की जरूरत होगी। आवेश में आकर किसी को कटु शब्दों को बोलने या फिर भावना में बहकर किसी से कोई ऐसा वादा करने से बचें जो भविष्य में आपको पूरा करना मुश्किल लगे। इस माह आप अपने आपको जितना विवादों से दूर रखेंगे, आपके लिए उतना ही बेहतर रहेगा। 

माह की शुरुआत में भूमि-भवन या पारिवारिक संपत्ति को लेकर मानसिक तनाव बना रहेगा। इस संबंध में कोई भी निर्णय सोच-समझकर लें। किसी योजना या कारोबार में धन निवेश करने से पहले विशेषज्ञों अथवा शुभचिंतकों की राय लेना न भूलें। धन को खर्च करते समय अपनी जेब का ख्याल जरूर रखें। कॅरिअर और कारोबार की दृष्टि से यह माह मिला जुला साबित होगा। माह के प्रारंभ में आपके जो भी कंपटीटर्स या विरोधी हैं, उन्हें पीछे छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान बनाएंगे। लोग आपके काम की तारीफ करेंगे। लेकिन माह के उत्तरार्ध में व्यापार से जुड़े लोगों को सोच-समझकर धन निवेश करने की सलाह दी जाती है। विदेश से जुड़े कार्य करने वालों के लिए यह समय शुभ साबित होगा। 

माह के मध्य में आपके मन में किसी बात को लेकर चिंता या निराशा हो सकती है। जिसका असर आपके कामकाज पर भी देखने को मिल सकता है। माह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस दौरान व्यवस्तता के चलते आप अपने लव पार्टनर या जीवनसाथी को समय भी कम दे पाएंगे। 

यदि आप अपने किसी साथी से प्रेम इजहार करना चाह रहे हैं तो आपकी इस माह बात बन जायेगी। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। दांपत्य जीवन में मधुरता आयेगी। जीवनसाथी के साथ हंसी—खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। छात्रों और युवाओं के लिए यह माह अति उत्तम है। इस माह पूरे मनोयोग से काम करने पर निश्चित ही सफलता प्राप्त होगी। माह के उत्तरार्ध में अपने मन को किसी दूसरी चीजों में भटकाने की बजाय अपने लक्ष्य पर फोकस करें।

विज्ञापन

3 of 13

वृष मासिक राशिफल

वृषभ राशि के जातकों के लिए मार्च का महीना नए अवसर और नई चुनौतियां दोनों को लेकर आ रहा है। इन दोनों को लेकर आप बेहतर ढंग से रोल निभाने में कामयाब होंगे। माह के प्रारंभ में आप अत्यधिक आत्मविश्वास, ऊर्जा और उत्साह से ओत-प्रोत रहेंगे। इस दौरान आपके लंबे समय से अटके कार्यों में गति आयेगी। 

कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रहेंगे लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद आपका अहित नहीं कर पायेंगे। कार्यक्षेत्र में व्यस्तता बनी रहेगी और माह के मध्य तक कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी का निर्वहन भी करना पड़ सकता है। कार्यो में सफलता के लिए प्रतिदिन भगवान सूर्यदेव को जल चढ़ाएं और सूर्य यंत्र की उपासना करें।

किसी परिचित या शुभचिंतक की मदद से भूमि या भवन के क्रय या विक्रय की योजना फलीभूत होगी। इस दौरान फुटकर व्यापारियों को व्यवसाय में अपेक्षा के अनुरूप लाभ की प्राप्ति होगी। किसी प्रभावी व्यक्ति से संपर्क होगा, जिनसे भविष्य में लाभ के रास्ते बनेंगे। सत्ता पक्ष से भी लाभ की प्राप्ति होगी।

प्रेम संबंधों की दृष्टि से यह माह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। लव पार्टनर के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। अविवाहित लोगों का विवाह तय हो सकता है। शादीशुदा लोगों के वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी। सेहत की दृष्टि से खान-पान में विशेष सावधानी रखने की जरूरत रहेगी। वाहन चलाते समय सावधानी रखें, अन्यथा चोट-चपेट लगने की आशंका है। 

4 of 13

मिथुन मासिक राशिफल

मिथुन राशि के जातकों के लिए यह माह सपनों को साकार करने वाला साबित होगा। इस माह आपको पूरे मनोयोग से अपनी योजनाओं और लक्ष्य की आगे बढ़ने की जरूरत है। इस माह आपके सोचे हुए कार्य पूरे होने लगेंगे। कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होने लगेंगी। यह समय कॅरिअर कारोबार की दृष्टि से बहुत उत्तम साबित होगा। व्यवसाय में अपेक्षा के अनुरूप लाभ होगा। सीनियर्स की मदद से योजनाएं समय से पूरी होंगी और आपके कार्य की तारीफ होगी। पदोन्नति के भी योग बनेंगे। 

मार्केटिंग एवं लायजनिंग करने वालों के लिए भी यह समय शुभ रहेगा। विदेश से जुड़े लोगोें को अपेक्षा के अनुरूप लाभ होगा। आय के विभिन्न स्रोत बनेंगे। लेकिन ध्यान रहे कि कार्यक्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही घातक सिद्ध हो सकती है। विरोधी उसका फायदा उठा सकते हैं, ऐसे में सचेत रहें। परीक्षा प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को परिश्रम का पूरा फल प्राप्त होगा। 

सेहत की दृष्टि से इस माह वैसे तो कोई चिंता करने वाली बात नहीं है लेकिन कार्य की व्यस्तता के बीच अपना ख्याल जरूर रखें। शारीरिक थकान, बेचैनी अथवा अनिद्रा जैसी शिकायत हो सकती है। ऐसे में भरपूर नींद लें और ध्यान-योग करें। 

प्रेम संबंधों में सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी जैसी वाली स्थिति रहेगी। किसी भी सूरत में अपना आपा न खोएं। लव पार्टनर अथवा जीवनसाथी की भावनाओं की उपेक्षा बिल्कुल भी न करें। रिश्तों में पूरी ईमानदारी रखें, अन्यथा निजी जीवन में कलह हो सकती है। हालांकि कठिन परिस्थितियों में जीवनसाथी का सहयोग मिलता रहेगा। रिश्तों के लिहाज से माह के पूर्वाद्ध के मुकाबले उत्तरार्ध ज्यादा शुभ रहेगा।
विज्ञापन

5 of 13

कर्क मासिक राशिफल 

कर्क राशि के लिए जातक मार्च की शुरुआत में अपने अधीनस्थों के साथ मिलकर अपनी कार्य योजना को पूरा करने में कामयाब होंगे। इस दौरान आपकी प्रतिभा और परिणाम को देखकर विरोधी भी आपका लोहा मानेंगे। यदि आप किसी के साथ पार्टनरशिप करके कोई नया व्यवसाय या प्रोजेक्ट पर काम करने की सोच रहे थे, उसकी शुरुआत इस महीने हो जायेगी। पूर्व में किए गये धन निवेश से लाभ होगा। रोजी-रोजगार के लिए भटक रहे लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। 

माह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध ज्यादा शुभ साबित होने जा रह है। इस दौरान आपके मान-सम्मान में बढ़ोत्तरी और पदोन्नति के योग बनेंगे। व्यापार में अपेक्षा के अनुरूप लाभ होगा। कारोबार के सिलसिले में इस दौरान लंबी या छोटी यात्रा अत्यंत लाभदायक साबित होगी। किसी प्रभावी व्यक्ति से संपर्क होगा। जिसकी मदद से भविष्य में लाभ की संभावनाएं बनेंगी। भूमि-भवन संबंधी सौदे में लाभ होगा। इस दौरान आपको मित्रों एवं परिजनों का पूरा सहयोग मिलेगा।

प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। लव पार्टनर के साथ बेहतर समय बिताने का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। इस माह संतान पक्ष से कोई सुखद समाचार प्राप्त होने से मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से देखें तो कर्क राशि के जातकों के लिए मार्च का महीना छोटी-मोटी दिक्कतों के साथ सामान्य ही रहने वाला है। पहली से चली आ रही सेहत संबंधी दिक्कतों में राहत महसूस करेंगे। उत्साह, आत्मविश्वास एवं कर्मठता में वृद्धि होगी।
विज्ञापन

6 of 13

सिंह मासिक राशिफल

मार्च महीने की शुरुआत में कार्यों में कुछेक अड़चन के साथ होगी। माह के प्रारंभ में आप जीवन से जुड़ी तमाम छोटी-बड़ी चुनौतियों का बड़े साहस के साथ मुकाबला करेंगे और उन पर विजय पाने में भी कामयाब होंगे। सुख—सुविधाओं की दृष्टि से यह समय शुभ साबित होगा। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और सत्तापक्ष से विशेष लाभ होगा। इस दौरान आपके कार्यों के प्रशंसा भी खूब होगी। हालांकि अपनी सीमाओं से परे जाकर लोगों के साथ जुड़ने की कोशिश या फिर हंसी—मजाक करने से बचें, अन्यथा आपको दिक्कत झेलनी पड़ सकती है। किसी के फटे में टांग न अड़ाएं और अपने काम से काम रखें।  

माह के उत्तरार्ध में सिंह राशि के जातकों को कार्यों में सफलता के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। यह समय आपके मन मुताबिक चीजों की प्राप्ति में कुछ बाधक होगा। कारोबार में धीमी प्रगति होगी। फुटकर व्यापारियों को व्यवसाय में कुछ उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपको नीचा दिखाने की कोशिश करेंगे। ऐसे में बेकार की चीजों में उलझने की बजाय अपने लक्ष्य पर फोकस करना ही उचित रहेगा। किसी भी सूरत में हताश न हों। लोगों से बातचीत करते समय अपना आपा न खोएं। वाणी पर संयम बनाए रखें, अन्यथा हाथ में आई हुई चीज भी आपसे दूर जा सकती है। यदि आप भूमि—भवन आदि में धन निवेश करने के लिए सोच रहे हैं तो थोड़ा ठहर जाना उचित रहेगा अथवा किसी शुभचिंतक की सलाह लेकर ही आगे बढ़ें। विशेष तौर पर पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से जरूर बचें। इस दौरान लंबी या छोटी दूरी की चाहे—अनचाहे यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा से अपेक्षाकृत परिणाम सामने न आने पर मन दुखी रहेगा। हालांकि यात्रा में सेहत और सामान दोनों को लेकर सचेत रहें। खान—पान संबंधी विशेष सावधानी रखें। 

प्रेम संबंधों में ईमानदार रहें, अन्यथा सामाजिक बदनामी झेलनी पड़ सकती है। हालांकि लव पार्टनर या जीवनसाथी की तरफ से आपको पूरा सहयोग मिलेगा। यह समय प्रेम संबंधों को रिवाइव करने का है। परिजनों की भावनाओं की उपेक्षा भूलकर भी न करें। सेहत को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने की जरूरत है। न सिर्फ मौसमी बीमारियों को लेकर बल्कि पुरानी बीमारियों के उभरने का खतरा बना रहेगा।
विज्ञापन

7 of 13

कन्या मासिक राशिफल

कन्या राशि के लिए मार्च का महीना जीवन में सब मंगल ही मंगल करने के लिए आ रहा है। माह के प्रारंभ में आपको अप्रत्याशित रूप से लाभ की प्राप्ति होगी। किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से सत्ता पक्ष से लाभ उठाने में आप कामयाब होंगे। यदि आप बेवजह के विवादों से बचाते हुए अपने लक्ष्य की ओर फोकस करने में कामयाब हो जाते हैं तो करिअर कारोबार की दृष्टि से भी यह माह अत्यंत शुभ होने जा रहा है। ध्यान रखें इस माह आपकी बात से ही बात बनेगी और बात से ही बात बिगड़ेगी। अपने वरिष्ठ और कनिष्ठ को मिलाकर चलने पर कार्यक्षेत्र में उन्नति के अवसर अवश्य प्राप्त होंगे। लेकिन पद या सत्ता के वशीभूत होकर किसी का अपमान करने से बचें। विशेष तौर पर अपने वरिष्ठ से तकरार करने से जरूर बचें। ध्यान रहे कि आय के मुकाबले खर्च की अधिकता बनी रहेगी। ऐसे में सोच—समझकर खर्च करें। 

माह के मध्य तक अचानक से लंबी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। यात्रा के दौरान अपनी सेहत और सामान दोनों का विशेष ख्याल रखें। खान—पान का विशेष ख्याल रखें अन्यथा पेट संबंधी शारीरिक समस्या हो सकती है। इस दौरान किसी भी योजना में धन निवेश करने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह लेना न भूलें। यदि संभव हो तो कोर्ट—कचहरी से जुड़े मामलों को बाहर ही निबटा लें। किसी महिला मित्र की मदद से करिअर या कारोबार में मनवांछित सफलता की प्राप्ति कर सकेंगे। 

विपरीत लिंगी के प्रति आकर्षण बढ़ेगा लेकिन प्रेम संबंधों को लेकर किसी भी प्रकार की गलतफहमी से बचें। दांपत्य जीवन को सुखी बनाने के लिए अपने जीवनसाथी की भावनाओं की उपेक्षा बिल्कुल भी न करें। लव पार्टनर या फिर जीवनसाथी की छोटी—मोटी बातों को बिल्कुल भी तूल न दें। माह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन कुछ चिंतित रहेगा। परीक्षा—प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को सफलता के लिए अधिक परिश्रम की आवश्यकता बनी रहेगी।

8 of 13

तुला मासिक राशिफल

तुला राशि के जातकों को इस माह दूसरों के बहकावे में आने की बजाय अपने विवेक से अहम निर्णयों को लेने की जरूरत रहेगी। किसी के बहकावे में आकर नौकरी बदलने या छोड़ने जैसा अहम निर्णय न लें। कार्यक्षेत्र में गुप्त शत्रुओं से सावधान रहने की बहुत जरूरत रहेगी। किसी व्यक्ति पर टीका—टिप्पणी करने से बचें, अन्यथा मुश्किल में फंस सकते हैं। विशेष तौर पर राजनीति से जुड़े लोग किसी भी बात पर सोच—समझकर ही प्रतिक्रिया दें, अन्यथा लेने के देने पड़ सकते हैं। विरोधी पक्ष आपकी बात के अर्थ को अनर्थ के रूप में पेश करके आपकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास कर सकते हैं। 

माह के उत्तरार्ध में कोर्ट—कचहरी में चल रहे मामलों में फैसला आपके हक में आ सकता है। इस दौरान कॅरिअर कारोबार की दिशा में आपके प्रयास सफल होंगे और अपेक्षा के मुताबिक लाभ और सफलता की प्राप्ति होगी। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों को कोई सुखद समाचार की प्राप्ति हो सकती है। 

माह के प्रांरभ में जीवनसाथी या लव पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर गलतफहमी पैदा हो सकती है। दांपत्य एवं प्रेम संबंध को मधुर बनाने के लिए विवाद की बजाय संवाद का सहारा लें। किसी मित्र या परिजन की मदद से चीजों को सुलझाने का प्रयास करें क्योंकि माह के उत्तरार्ध आते—आते सभी गलतफहमियां दूर हो जाएंगी और संबंधों में मजबूती आयेगी। 

माह के प्रारंभ में स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की दिक्कत की अनदेखी न करें, अन्यथा बड़ी पीड़ा का कारण बन सकता है। कोरोना काल में विशेष तौर पर सेहत को लेकर सतर्क रहें। तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग और ध्यान का सहारा लें।

9 of 13

वृश्चिक मासिक राशिफल

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह महीना संबंधों की परख कराने वाला होगा। जीवन की उठापटक के बीच आप पहचान सकेंगे कि आखिर कौन व्यक्ति आपके साथ कितनी दूर तक चलने की क्षमता रखता है और कौन आपको अचानक से बीच राह में अकेला छोड़कर जा सकता है। माह के प्रारंभ में भवन—भूमि आदि से जुड़े मामलों को लेकर परिजनों से मतभेद पैदा हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में भी अतिरिक्त जिम्मेदारियों का बोझ अचानक से आप पर आ सकता है। हालांकि माह के उत्तरार्ध तक परिस्थितियां आपके पक्ष में आ जाएंगी। सगे—संबंधी से लेकर विरोधी भी आपके तर्क को मानेंगे। इस दौरान आप घर—परिवार में ही नहीं बल्कि कार्यक्षेत्र और समाज में अपने कार्यों के लिए सराहे जाएंगे। आपकी लोकप्रियता में वृद्धि होगी। थोक व्यापारियों के लिए समय थोड़ा चुनौती भरा रहने वाला है, वहीं फुटकर व्यापारियों को अपेक्षाकृत मनचाहे लाभ की प्राप्ति होगी। पत्रकारिता एवं कला जगत से जुड़े लोगों के लिए यह समय बेहतर शुभ रहने वाला है। 

दांपत्य जीवन को सुखी बनाने के लिए अपने जीवनसाथी के लिए समय देने की जरूरत रहेगी। यदि आप किसी को प्रपोज करने की सोच रहे हैं तो आपकी बात बन जाएगी। पूर्व में चले आ रहे प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। लव पार्टनर के साथ बेहतर समय व्यतीत कर पाएंगे। अविवाहित लोगों का विवाह तय हो सकता है। 

सेहत की दृष्टि से आपको अपने खान—पान पर विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। अन्यथा आपको पेट संबंधी दिक्कत पैदा हो सकती है। स्वयं के साथ अपने माता—पिता की सेहत का भी ध्यान रखने की जरूरत रहेगी।

10 of 13

धनु मासिक राशिफल

मार्च माह में धनु राशि के जातकों को छोटी—मोटी दिक्कतों को यदि छोड़ दें तो पूरे माह सौभाग्य का साथ मिलेगा। आप अपने विवेक और साहस से सभी चुनौतियों से पार पाते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति करेंगे। माह के प्रारंभ से आपको कार्यक्षेत्र में नई और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में अधीनस्थों का पूरा सहयोग मिलेगा। मनचाहे स्थान पर तबादला या पद की प्राप्ति हो सकती है। पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद का समाधान निकलेगा। इस दौरान आय के मुकाबले व्यय ज्यादा रहेगा, इसके बावजूद आपका कोई भी कार्य रुकेगा नहीं। अप्रत्याशित रूप से सभी योजनाएं समय से पूरी होंगी। हालांकि इस दौरान अपनी जेब से ज्यादा खर्च करने से बचें। मंगलवार के दिन कर्ज लेने से विशेष रूप से बचें। कार्यों के न पूरे होने पर अपने मन में हताशा का भाव न आने दें और न ही बातचीत के दौरान अपना आपा खोएं। 

करिअर कारोबार को उंचाईयों तक ले जाने के लिए आपको अत्यधिक मेहनत करनी होगी। परीक्षा प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को आलस्य से बचते हुए कठिन परिश्रम करना होगा। आज का काम कल पर टालने की प्रवृत्ति से बचना होगा। व्यापार में कुछेक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। किसी योजना में धन लगाने से पहले खूब सोच—विचार अवश्य कर लें। 

जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन चिंतित रह सकता है। साथ ही साथ माता की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत रहेगी। उनकी सेहत से जुड़ी किसी भी प्रकार की परेशानी की अनदेखी न करें, अन्यथा ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ सकती है। माह के मध्य में शरीर से ज्यादा आप पर मानसिक थकान बनी रहेगी। ऐसे में योग एवं ध्यान का सहारा लें। हालांकि किसी भी चुनौती भरे समय में आपको अपनी मां और बहन का पूरा साथ मिलेगा। 

प्रेम संबंध से जुड़ी बातों को सभी के साथ शेयर करने से बचें, अन्यथा दूसरा व्यक्ति उसका अनुचित लाभ उठा सकता है। दांपत्य जीवन में भी जीवनसाथी की भावनाओं की अनदेखी न करें। लव पार्टनर से अपनी बात मनवाने के लिए अनुचित दबाव न बनाएं, अन्यथा प्रेम संबंध प्रभावित हो सकता है।

11 of 13

मकर मासिक राशिफल

मकर राशि के जातकों को मार्च माह के प्रारंभ में करिअर कारोबार की दृष्टि से मन मुताबिक सफलता एवं लाभ की प्राप्ति होगी। कार्यक्षेत्र में आपके कार्यों की सराहना होगी। प्रमोशन के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है। शासन सत्ता से लाभ मिलेगा। पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद का समाधान निकलेगा। भूमि—भवन के क्रय—विक्रय से अपेक्षा से अधिक लाभ होगा। माह के पूर्वार्ध में ही संतान पक्ष की ओर से कोई सुखद समाचार की प्राप्ति भी होगी। कारोबार में अपेक्षा से अधिक प्रगति देखने को मिलेगी। किसी शुभचिंतक की मदद से कोई बड़ा लाभदायक सौदा हो सकेगा। 

अपने नीचे काम करने वालों पर आवश्यकता से अधिक दबाव बनाने से बचें, अन्यथा लोग आपके विरोध में खड़े हो सकते हैं। छोटा हो या बड़ा सभी को मिलाकर चलें, तभी आप अपने लक्ष्य को समय पर प्राप्त कर सकेंगे। काम की अधिकता के चलते अपनी सेहत संबंधी परेशानियों को बिल्कुल भी नजरंदाज करें। किसी भी तरह का स्ट्रेस दूर करने के लिए संगीत का भी सहारा ले सकते हैं। माह के उत्तरार्ध में छोटी या लंबी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा सुखद एवं लाभदायक साबित होगी। शेयर बाजार से जुड़े लोगों को इस दौरान अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। परिजनों के साथ हंसी—खुशी समय बिताने का अवसर भी प्राप्त होगा। 

यदि आप किसी के सामने अपने प्रेम का प्रस्ताव रखने के लिए सोच रहे थे तो आपके लिय यह समय उपयुक्त है। पूर्व में चले आ रहे प्रेम संबंधों में पनपी गलतफहमियों को किसी महिला मित्र की मदद से दूर करने में कामयाब होंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। बड़े भाई या बहन का भी भरपूर स्नेह और सहयोग मिलेगा।

12 of 13

कुंभ मासिक राशिफल

यदि आप अपने करिअर या कारोबार को बढ़ाने की दिशा में बहुत दिनों से प्रयासरत थे तो मार्च का महीना आपके लिए अत्यंत शुभ साबित होने जा रहा है। माह के पूर्वार्ध में सही दिशा में प्रयास करने पर इस माह आपके सपने अवश्य पूरे होते हुए नजर आयेंगे। इस दौरान इष्ट—मित्रों और सगे—संबंधियों का पूरा सहयोग मिलेगा। लोग आपकी बात को न सिर्फ मानेंगे, बल्कि आपके फैसले की प्रशंसा भी करेंगे। कारोबार के सिलसिले में की गई यात्रा सुखद एवं लाभदायक साबित होगी। किसी प्रभावी व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। राजीनति से जुड़े व्यक्तियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। 

माह के उत्तरार्ध में सुख—सुविधा एवं घर की मरम्मत आदि में अत्यधिक धन खर्च होगा। वाहन सुख की प्राप्ति भी हो सकती है।  पार्टनरशिप में कारोबार करने वालों को कुछेक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि किसी भी प्रकार के मतभेद या गलतफहमियों को शांति से सुलझाने की जरूरत रहेगी, अन्यथा बात बिगड़ने पर पार्टनरशिप टूट भी सकती है। व्यवसाय में लाभ—हानि के बीच पिता का पूरा साथ मिलेगा। इस दौरान किसी भी बड़ी योजना में पैसा लगाने से पहले विशेषज्ञ या शुभचिंतक की सलाह कारगर साबित होगी। पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में आपको लाभ मिलने की संभावना है। महिलाओं का अधिकांश समय धार्मिक गतिविधियों में बीतेगा। 

माह के पूर्वार्ध में किसी बात को लेकर जीवनसाथी के साथ अनबन हो सकती है। प्रेम संबंधों में किसी तीसरे के प्रवेश से मानसिक तनाव बना रहेगा लेकिन उत्तरार्ध आते—आते तक सभी चिंताएं दूर हो जाएंगी। लंबे समय से चली आ रही मित्रता प्रेम में परिवर्तित हो सकती है। लव पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का मौका मिलेगा। वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी, लकिन सेहत की दृष्टि से यह माह मिलाजुला साबित होने वाला है। मौसमी बीमारियों के प्रति सचेत रहें।
विज्ञापन

13 of 13

मीन मासिक राशिफल

मीन राशि के जातकों के लिए मार्च माह की शुरुआत सुखद परिणामों की प्राप्ति के साथ होगी। इस दौरान पूर्व में किए निवेश का लाभ मिलेगा। कार्य विशेष के लिए आपको सम्मानित भी किया जा सकता है। करिअर—कारोबार की दिशा में किए गये प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। घर में सभी बंधु—बांधव का सहयोग मिलेगा। इस दौरान रचनात्मक कार्यों में मन लगेगा। युवाओं का मन रोमांस और रोमांच की ओर आकर्षित होगा लेकिन ध्यान रहे कि जोश में बिल्कुल भी होश न खोएं, अन्यथा लेने के देने भी पड़ सकते हैं। अपनी क्षमता से अधिक जिम्मेदारियों को लेने से बचें, अन्यथा निर्वहन नहीं करने पर अपमानित होना पड़ सकता है। 

माह के उत्तरार्ध में मीन राशि के जातकों को अत्यधिक सोच—समझकर फैसले लेने की जरूरत होगी। इस दौरान सेहत और संबंधों पर विशेष ध्यान देना होगा। किसी भी शारीरिक बीमारी को हल्के में लेने की भूल न करें और समय पर उसका इलाज कराएं, अन्यथा बड़ा कष्ट झेलना पड़ सकता है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपकी छवि को बिगाड़ने की साजिश रचेंगे। ऐसे में तमाम आलोचनाओं की अनदेखी करते हुए अपने कार्य को पूरे मनोयोग से करें। भूमि—भवन के क्रय—विक्रय संबंधी निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें, अन्यथा आपको बाद में पछताना पड़ सकता है। घर—परिवार से जुड़े मसलों को हल करते समय अपने क्रोध एवं जज्बातों पर काबू रखें। 

माह के पूर्वार्ध में युवाओं का विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। किसी महिला मित्र की मदद से आपके प्रेम संबंध न सिर्फ बनेंगे बल्कि प्रगाढ़ भी होंगे। वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी। जीवनसाथी के साथ हंसी—खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। युवाओं का अधिकांश समय मौज—मस्ती करते हुए बीतेगा। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें