फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

June Monthly Horoscope: यहां पढ़ें जून का मासिक राशिफल, इन चार राशियों के लिए महीना चमकदार

Sun, 01 Jun 2025 07:00 AM IST
शिखर बरनवाल धर्म डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मई 2025 खत्म हो चुका है, जिसमें बृहस्पति, राहु और केतु के राशि परिवर्तन ने कई राशियों को प्रभावित किया। आज जून माह का पहला दिन है, ऐसे में हर किसी के लिए यह जानना जरूरी है कि यह महीना मई से कितना अलग होगा। 

जून 2025: प्रमुख संकेत
  • जिन राशियों को सितारों से सहयोग: कर्क, कन्या, वृश्चिक, मीन।
  • जिन्हें सतर्क रहना चाहिए: मेष, मिथुन, सिंह, कुंभ।
  • प्रेम-संबंधों के लिए श्रेष्ठ समय: तुला, मकर, वृश्चिक।
  • करियर में उन्नति की संभावना: वृषभ, कर्क, मीन, कन्या।
विज्ञापन
1 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : adobe stock
मेष राशि
मेष (अग्नि तत्व, स्वामी: मंगल)
उत्साही, तेज, लीडरशिप वाले पर स्वभाव में जल्दी प्रतिक्रिया करने वाले। मंगल साहस, ऊर्जा और क्रोध का प्रतीक है।

मेष राशि के जातक के लिए ये माह संयम और समझदारी की परीक्षा ले सकता है। खर्च और कार्यभार दोनों ही बढ़ सकते हैं। परिवार और रिश्तों में सामंजस्य बनाए रखना इस माह की सबसे बड़ी चुनौती होगी। हालांकि माह का आखिरी सप्ताह मन को राहत देगा।

इस दौरान भाई-बहनों के साथ किसी बात को लेकर वाद-विवाद होने की आशंका बनी रहेगी। इस माह सिंगल लोगों की लाइफ में मनचाहे व्यक्ति की इंट्री भी हो सकती है। वहीं पहले से चले आ रहे संबंध खट्टी-मीठी तकरार के साथ चलते रहेंगे। माह के उत्तरार्ध में आप पर माता से विशेष स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपाय: हनुमान जी की पूजा करें और मंगलवार को मंदिर में भगवा ध्वज चढ़ाएं।
विज्ञापन

2 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
वृषभ राशि
वृषभ (पृथ्वी तत्व, स्वामी: शुक्र)
स्थिर, विलासप्रिय और व्यवहारिक। शुक्र भौतिक सुख, प्रेम और कला का कारक है।

वृषभ राशि के जातक के लिए इस महीने की शुरुआत शुभ संकेतों से होगी, लेकिन माह के बीच में आपको थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। खासतौर पर निवेश और संबंधों में। प्रेम जीवन में उतार-चढ़ाव रहेगा, परंतु माह का अंत शांति और समझदारी से भरा होगा।

इस दौरान आपको लोगों के बहकावे में आने की बजाय अपने विवेक से काम लेना होगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह मिश्रित फलदायी कहा जाएगा। प्रेम संबंध में कभी खुशी कभी गम की स्थिति रहेगी। दांपत्य जीवन में भी कुछेक बातों को लेकर तनाव बना रहेगा। जीवनसाथी की उपेक्षा के कारण मन उदास रहेगा।

उपाय: शुक्रवार को सफेद मिठाई कन्याओं को दें और लक्ष्मी सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मिथुन राशि
मिथुन (वायु तत्व, स्वामी: बुध)
चंचल, बुद्धिमान, संवादप्रिय। बुध तर्क, संचार और व्यापार का ग्रह है।

महीने की शुरुआत में ध्यान भटक सकता है, लेकिन दूसरे सप्ताह से कार्यक्षेत्र में अच्छा सुधार होगा। छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह समय अच्छा बन सकता है। रिश्तों में समझ और धैर्य की जरूरत है।

मिथुन राशि के जातकों को इस माह किसी कमजोर या छोटे व्यक्ति की उपेक्षा करने से बचना चाहिए। आपको यह बात अच्छे से समझनी होगी कि जहां पर सुई काम आती है, वहां पर सूजा काम नहीं आता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति की भावनाओं का आदर करें तथा लोगों के साथ अच्छा तालमेल बनाए रखें। प्रेम-प्रसंग में जल्दबाजी से बचें और अपने पार्टनर की फीलिंग्स की कद्र करें। यदि आप लंबे समय से रोजी-रोजगार को लेकर प्रयासरत हैं तो इस दौरान आपकी बहुप्रतीक्षित मनोकामना पूरी हो सकती है। कामकाजी महिलाओं का घर और बाहर दोनों जगह मान-सम्मान बढ़ेगा।


उपाय: भगवान विष्णु की पूजा करें और नारायण कवच का पाठ करें।

4 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कर्क राशि – जून 2025
कर्क (जल तत्व, स्वामी: चंद्रमा)

संवेदनशील, पोषण देने वाले, घरेलू। चंद्रमा भावनाओं और मन का कारक है।

महीने की शुरुआत शुभ है और अटके कार्य पूरे होंगे। कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे। माह का मध्य भाग थोड़ी सतर्कता मांगता है, विशेषकर स्वास्थ्य और विरोधियों को लेकर। प्रेम और दांपत्य जीवन में स्थिरता आएगी।

माह के मध्य से एक बार फिर चीजें आपके अनुकूल होती हुई नजर आएंगी। इस दौरान आपको कारोबार में मनचाही प्रगति एवं लाभ होगा। इस दौरान आपको ऋण-रोग आदि से मुक्ति मिलेगी। यदि कोई मामला कोर्ट-कचहरी में चल रहा था तो उसमें सुलह समझौता हो सकता है या फिर फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए कर्क राशि के जातकों को पूरे माह विवाद से बचने और संवाद का रास्ता अपनाने की आवश्यकता रहेगी। जिन चीजों का हल बहुत प्रयास करने से भी न निकल रहा हो, उसके लिए सही समय आने का इंतजार करना बेहतर रहेगा।

उपाय: पारद शिवलिंग की पूजा करें और शिव महिम्न स्तोत्र पढ़ें।

 
विज्ञापन

5 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : daily rashifal
सिंह राशि – जून 2025
सिंह (अग्नि तत्व, स्वामी: सूर्य)

आत्मविश्वासी, प्रभावशाली, नेतृत्वकर्ता। सूर्य आत्मबल और प्रतिष्ठा का प्रतीक है।

यह महीना उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। करियर में शुरुआत अच्छी रहेगी लेकिन दूसरे सप्ताह से चुनौतियां बढ़ेंगी। पारिवारिक और प्रेम संबंधों में अहंकार आड़े आ सकता है। सावधानी और विनम्रता ही समाधान है।

सिंह राशि के जातकों को इस माह किसी भी कार्य को जल्दबाजी में करने की बजाय धैर्य और विवेक के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। माह के मध्य में छात्रों का मन पढ़ाई-लिखाई से उचट सकता है। इस दौरान स्वजनों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है। प्रेम संबंध में गलतफहमियां पैदा होने के कारण लव पार्टनर के साथ दूरियां बढ़ सकती हैं। माह के उत्तरार्ध में सत्ता-सरकार से जुड़े मामलों में बड़ी कामयाबी मिल सकती है। इस दौरान आपके कार्य थोड़े कठिनाई के साथ लेकर अंतत: बन जाएंगे। 

उपाय: भगवान विष्णु की पूजा और नारायण कवच का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कन्या राशि – जून 2025
कन्या (पृथ्वी तत्व, स्वामी: बुध)

विश्लेषणात्मक, जिम्मेदार, व्यवहारिक। बुध व्यवस्थित सोच और संवाद का कारक है।

यह महीना कन्या राशि के लिए लाभकारी सिद्ध हो सकता है। करियर और सामाजिक जीवन में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। प्रेम संबंधों को लेकर पारिवारिक सहमति भी मिल सकती है। उत्तरार्ध में संपत्ति और घर से जुड़े शुभ समाचार संभव हैं।

माह के मध्य तक चीजें आपके अनुकूल होंगी और आपके करियर में मनचाही प्रगति होती नजर आएगी। यदि आप लंबे समय से अपनी नौकरी में बदलाव की सोच रहे थे तो इस माह आपकी यह मनोकामना पूरी हो जाएगी। इस दौरान उन्हें विशिष्ट पद या अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। माह के उत्तरार्ध में आपको कारोबार में खासा लाभ होने की संभावना है। माह के उत्तरार्ध में आप अपने कुटुंब की खुशियों के लिए अधिक धन खर्च कर सकते हैं। इस दौरान अचानक से पिकनिक-पर्यटन के प्रोग्राम बन सकते हैं। 

उपाय: देवी दुर्गा की पूजा करें और बुधवार को हरे वस्त्र किन्नर को दान करें।
विज्ञापन

7 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
तुला राशि – जून 2025
तुला (वायु तत्व, स्वामी: शुक्र)

संतुलनप्रिय, कलाप्रेमी, सहयोगी। शुक्र प्रेम, सौंदर्य और संबंधों का स्वामी।

यह महीना तुला राशि वालों के लिए मिला-जुला रहने वाला है। करियर की शुरुआत थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकती है, लेकिन जल्द ही काम बनते नजर आएंगे। सरकारी या कानूनी मामलों में सावधानी जरूरी है। दूसरे सप्ताह से सुधार शुरू होगा और यात्राएं लाभकारी बनेंगी।

माह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार से जुड़ी कुछ दिक्कतों से जूझना पड़ सकता है। इस दौरान आपको नियम-कानून की अवहेलना करने से बचना चाहिए अन्यथा आर्थिक नुकसान के साथ अपमान झेलना पड़ सकता है। इस दौरान दूसरों के बहकावे में आकर कोई भी गलत काम करने से बचें। माह के मध्य में एक बार फिर घर और बाहर आपको कुछेक समस्याओं से जूझना पड़ सकता है। इस दौरान कई बार आपका आत्मविश्वास डगमगाता हुआ नजर आएगा।  हालांकि किसी वरिष्ठ अथवा प्रभावी व्यक्ति की मदद से माह के उत्तरार्ध तक परिस्थितियों से तालमेल बिठाने में आप कामयाब हो जाएंगे। 

उपाय: लक्ष्मी अष्टकम का पाठ करें और स्फटिक श्रीयंत्र की पूजा करें।

8 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक राशि – जून 2025
वृश्चिक (जल तत्व, स्वामी: मंगल)

रहस्यमयी, गहरे विचारों वाले, तीव्र इच्छा शक्ति वाले। मंगल पराक्रम और जुनून का कारक।

इस माह वृश्चिक जातकों को वाणी और व्यवहार में संयम रखना होगा। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और मध्य में धार्मिक गतिविधियां लाभ देंगी। प्रेम जीवन में मधुरता और घरेलू सुख बना रहेगा।

इस माह आपकी बात से ही बात बनेगी और बात से ही बात बिगड़ेगी। ऐसे में लोगों के साथ तालमेल बिठाकर चलना ही आपके लिए श्रेयस्कर रहेगा। माह की शुरुआत में सूझबूझ के साथ कार्य करने पर अपेक्षा के अनुसार फलों की प्राप्ति संभव है। व्यवसाय में धन लाभ होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। करियर-कारोबार के साथ घर-परिवार के सदस्यों के साथ प्रेम-व्यवहार बनाए रखने पर अनुकूलता बनी रहेगी।जीवनसाथी के प्रति एक विशेष नजरिया बनाए रखेंगे और उसकी ख्वाहिशों को पूरी करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। 

उपाय: सुंदरकांड का पाठ करें और मंगलवार को बजरंगबली को सिंदूर चढ़ाएं।

9 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
धनु राशि – जून 2025
धनु (अग्नि तत्व, स्वामी: बृहस्पति)

आध्यात्मिक, खुला सोचने वाले, न्यायप्रिय। गुरु ज्ञान, धर्म और विकास का प्रतीक है।

महीने की शुरुआत में चिंता हो सकती है लेकिन धीरे-धीरे भाग्य का साथ मिलेगा। स्वास्थ्य और दस्तावेज संबंधित कामों में सतर्कता रखें। प्रेम जीवन में नई शुरुआत और दांपत्य संबंधों में मधुरता आएगी।

इस माह ऐसे लोगों से उचित दूरी बनाए रखें जो आपके आत्मविश्वास को डगमगाने और बहकाने की कोशिश करते हैं। माह की शुरुआत में किसी कार्य विशेष को लेकर मन चिंतित रहेगा, लेकिन सुखद पहलू ये है कि आपको उसे पूरा करने में स्वजनों का पूरा सहयोग और समर्थन भी मिलता रहेगा। माह के मध्य से एक बार फिर आपको सौभाग्य का साथ मिलना प्रारंभ हो जाएगा और चीजें आपके मन मुताबिक होने लगेंगी।

उपाय: केसर का तिलक लगाएं और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

10 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मकर राशि – जून 2025
मकर (पृथ्वी तत्व, स्वामी: शनि)

परिश्रमी, अनुशासित, लक्ष्य केंद्रित। शनि कर्म, न्याय और सब्र का ग्रह है।

महीने की शुरुआत में सुख-सुविधा की ओर रुझान रहेगा। लेकिन दूसरे सप्ताह से उलझनें सामने आ सकती हैं। काम में लापरवाही न करें। उत्तरार्ध में हालात सुधरेंगे और पारिवारिक सहयोग बढ़ेगा।

मकर राशि के जातकों के लिए जून का महीना मिश्रित फलदायी रहने वाला है। हालांकि माह की शुरुआत ठीक-ठाक रहेगी और आपके सोचे हुए कार्य भी मनमुताबिक तरीके से समय पर पूरे होते हुए नजर आएंगे। माह के दूसरे सप्ताह में अचानक से आई कोई बड़ी समस्या आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकती है। परिवार और कुटुंब के प्रति सकारात्मक भाव बनाए रखें। माह के उत्तरार्ध में माता-पिता का विशेष स्नेह और समर्थन प्राप्त होगा। 

उपाय: शनिवार को पीपल के नीचे सरसों का दीपक जलाएं और रुद्राष्टक का पाठ करें।

11 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कुंभ राशि – जून 2025
कुंभ (वायु तत्व, स्वामी: शनि)

स्वतंत्र विचारों वाले, सुधारवादी, मानवतावादी। शनि जिम्मेदारी और परिपक्वता का प्रतीक।

यह महीना मिश्रित रहेगा। कार्यों में देरी और खर्चे मानसिक तनाव दे सकते हैं। मध्य में यात्राओं और नए संपर्कों से राहत मिलेगी। प्रेम और पारिवारिक जीवन में पारदर्शिता बनाए रखें।

माह की शुरुआत काफी आपाधापी भरी रहने वाली है। इस दौरान छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने के लिए आपको अधिक परिश्रम और प्रयास करने पड़ सकते हैं। अनावश्यक चीजों पर बड़ी धनराशि खर्च होने पर आपका मन उदास रहेगा। प्रेम प्रसंग की दृष्टि से भी यह समय आपके लिए प्रतिकूल रहने वाला है।  कारोबार में आय के मुकाबले खर्च की अधिकता रहेगी। माह के दूसरे सप्ताह में कामकाज के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। माह के उत्तरार्ध में आप अपने करियर-कारोबार को नई दिशा में कामयाब होंगे। 

उपाय: मंगलवार को बंदरों को गुड़ चना खिलाएं और बजरंग बाण का पाठ करें।
विज्ञापन

12 of 12
जून मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मीन राशि – जून 2025
मीन (जल तत्व, स्वामी: बृहस्पति)

दयालु, भावनात्मक, रचनात्मक। गुरु करुणा, उच्च सोच और विस्तार का स्वामी।

मीन राशि के लिए जून का महीना बेहद सकारात्मक है। करियर में उन्नति, धन लाभ और परिवार में संतुलन रहेगा। प्रेम जीवन में स्थिरता आएगी। धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

मीन राशि के जातकों के लिए जून महीने की शुरुआत आपके लिए सुखद साबित होगी। इस दौरान आपके अटके हुए कार्य बनेंगे। यदि आप बीते कुछ समय से कारोबार में मंदी का सामना कर रहे थे तो उसमें प्रगति एवं लाभ दोनों देखने को मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को अधीनस्थ लोगों से पूरा सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा। कार्यक्षेत्र में सीनियर आप पर मेहरबान रहेंगे।  सोचे हुए कार्यों को पूरा करने में कुछेक दिक्कतें आ सकती हैं। इस दौरान करियर-कारोबार से जुड़े मामलों में फैसला लेते समय जल्दबाजी न करें। यह समय सेहत और संबंध की दृष्टि से भी थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है।

उपाय: गुरुवार को पीले फूल अर्पित करें और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें