फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

July Monthly Horoscope: जुलाई में आपकी राशि के सितारे दे रहे हैं क्या संकेत? पढ़ें जुलाई का मासिक राशिफल

Tue, 01 Jul 2025 06:00 AM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

जुलाई में बृहस्पति का उदय, शनि का वक्री होना, सूर्य और बुध के गोचर ये सभी परिवर्तन राशियों पर असर डालेंगे। किसी के लिए तरक्की के द्वार खुलेंगे तो किसी को धैर्य की कसौटी से गुजरना होगा। आइए जानते हैं, जुलाई 2025 में आपकी राशि के सितारे क्या संकेत दे रहे हैं।
 
विज्ञापन
1 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
July Masik Rashifal: जुलाई का महीना वर्ष का एक ऐसा समय है जब आकाश में ग्रहों की गति कुछ विशेष संकेत देती है। इस माह में चार प्रमुख ग्रह गुरु, शनि, सूर्य और बुध  अपनी स्थिति और चाल में परिवर्तन करेंगे, जो संपूर्ण बारह राशियों पर गहरा प्रभाव डालेंगे। माह की शुरुआत में ही देवगुरु बृहस्पति का मिथुन राशि में उदय होना (9 जुलाई) ज्ञान, बुद्धि और संचार के क्षेत्र में नई ऊर्जा देगा। 13 जुलाई को मीन राशि में शनि के वक्री होने से कर्मों की परीक्षा का समय आ सकता है। 16 जुलाई को सूर्य का कर्क राशि में गोचर पारिवारिक और भावनात्मक पक्ष को उजागर करेगा, और 18 जुलाई को बुध का वक्री होना निर्णयों और संप्रेषण में सावधानी की मांग करेगा।

इन ज्योतिषीय घटनाओं का प्रभाव प्रत्येक राशि पर पड़ेगा। कुछ राशियां इस माह नई ऊंचाइयां छू सकती हैं। नौकरी में तरक्की, व्यवसाय में लाभ और शिक्षा में सफलता के योग बनेंगे। वहीं कुछ जातकों को संयम और धैर्य के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता होगी। इस मासिक राशिफल में हम जानेंगे कि ग्रहों की इन चालों के बीच आपकी राशि के लिए जुलाई का महीना क्या लेकर आया है। 

Ketu Gochar: जुलाई में केतु करेंगे नक्षत्र परिवर्तन, 3 राशियों की होगी आर्थिक स्थिति मजबूत

विज्ञापन

2 of 13
मेष राशि - फोटो : अमर उजाला
मेष राशि
स्वामी ग्रह: मंगल  
शुभ रंग: लाल  
प्रकृति: अग्नि तत्व 
पसंद: नेतृत्व, स्पष्टता और चुनौती
मेष राशि वाले लोग ऊर्जा से भरपूर होते हैं। ये जन्मजात लीडर होते हैं, जिन्हें नया शुरू करना पसंद होता है। तेजी से फैसले लेना, जोखिम उठाना और सबसे पहले मंज़िल तक पहुंचना इनकी फितरत में होता है। लाल रंग इनका प्रिय होता है। यह इनके आत्मविश्वास और जुनून का प्रतीक है। मेष लग्न वाले जातक भी अक्सर साहसी और आत्मनिर्भर होते हैं, लेकिन कभी-कभी जल्दबाजी में निर्णय लेकर परेशानी मोल ले सकते हैं।

मेष राशिफल जुलाई 2025
ये महीना आपके लिए थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। शुरुआत से ही आपको समय, धन और ऊर्जा का संतुलन साधना होगा। मेहनत ज्यादा करनी पड़ेगी, लेकिन फल थोड़े कम मिलेंगे। इस वजह से मन में असंतोष और करियर को लेकर चिंता बनी रह सकती है।
दूसरे सप्ताह में भाग्य अपेक्षित साथ नहीं देगा। छोटी-छोटी बातों को लेकर चिंता बढ़ सकती है। कामों में बाधाएं आएंगी, और विरोधी सक्रिय रहेंगे। हालांकि माह के मध्य में कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नहीं सुधरेगी।
इस समय लापरवाही से बचना बहुत ज़रूरी है, वरना बने-बनाए काम बिगड़ सकते हैं। आर्थिक स्थिति थोड़ी राहत दे सकती है। खासकर व्यापार में लाभ के योग हैं। नौकरी करने वालों के लिए भी आमदनी के नए रास्ते खुल सकते हैं। मगर काम की अधिकता और दिनचर्या बिगड़ने से थकावट महसूस होगी।
माह के उत्तरार्ध में चुनौतियां दोबारा दस्तक देंगी। किसी बुजुर्ग की तबीयत या प्रॉपर्टी से जुड़ा मसला आपकी चिंता का कारण बन सकता है। निजी रिश्तों में किसी भी तरह की टकराहट से बचना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। संवाद को प्राथमिकता दें, विवाद को नहीं। परिवार और कार्यस्थल पर तालमेल बनाकर चलें।

उपाय
हर दिन हनुमान जी की उपासना करें और बजरंग बाण का पाठ करें। मंगलवार को उन्हें सिंदूर चढ़ाएं। इससे मानसिक बल और सुरक्षा मिलेगी।
विज्ञापन

3 of 13
वृष राशि - फोटो : अमर उजाला
वृष राशि
स्वामी ग्रह: शुक्र  
रंग: गुलाबी और सफेद
प्रकृति: पृथ्वी तत्व
पसंद: स्थिरता, सौंदर्य, आराम और स्वादिष्ट भोजन
वृष राशि के जातक स्वभाव से स्थिर, भरोसेमंद और सुख-सुविधा प्रेमी होते हैं। इन्हें अच्छा खाना, अच्छा संगीत और सुंदर चीजें बहुत भाते हैं। इनका मन एक बार जो चीज ठान ले, उसे पूरे धैर्य और जिद के साथ पूरा करते हैं। शुक्र ग्रह के प्रभाव से इनमें आकर्षण और सौंदर्यबोध खूब होता है, लेकिन कभी-कभी ये ज़रूरत से ज़्यादा जिद्दी भी हो जाते हैं।

वृष राशिफल जुलाई 2025
यह महीना वृषभ राशि के जातकों के लिए काफी हद तक शुभता और सौभाग्य से भरपूर है। खासकर यदि आप जुलाई के मध्य का थोड़ा समय छोड़ दें।
इस माह आप जिन चीज़ों का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वे अब आपके सामने आ सकती हैं। माह की शुरुआत में करियर और कारोबार को लेकर लंबी यात्राएं संभव हैं, जो सुखद और लाभकारी रहेंगी।
व्यवसाय करने वालों के लिए बाजार में उनकी छवि मजबूत होगी, और अच्छे मुनाफे के संकेत हैं। कुछ बड़े फैसले आप भविष्य को ध्यान में रखते हुए ले सकते हैं। छात्रों को मेहनत का पूरा फल मिलेगा। निजी जीवन में भी स्थितियां बेहतर होंगी। पारिवारिक सहयोग मिलेगा और रिश्ते मजबूत होंगे।
हालांकि महीने के मध्य में थोड़ी सुस्ती आ सकती है। कारोबार में लाभ कुछ कम हो सकता है और नौकरीपेशा लोगों को जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ा सकता है। लेकिन ये स्थिति ज्यादा देर नहीं टिकेगी।
जुलाई के अंत तक हालात दोबारा अनुकूल होंगे। करियर-कारोबार में तेज़ी से प्रगति होगी। रिश्तों में सामंजस्य रहेगा, प्रेम संबंधों में मिठास बनी रहेगी और सेहत सामान्य रहेगी।

उपाय
हर दिन श्री लक्ष्मीनारायण की पूजा करें और श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें। इससे जीवन में संतुलन और समृद्धि बनी रहेगी।

4 of 13
मिथुन राशि - फोटो : अमर उजाला
मिथुन राशि
स्वामी ग्रह: बुध
रंग: हरा
तत्व: वायु
स्वभाव: चंचल, तर्कशील, जिज्ञासु
मिथुन राशि के जातक चतुर, बातूनी और विचारों से भरपूर होते हैं। ये एक साथ कई कामों को साधने की क्षमता रखते हैं। संवाद इनके लिए शक्ति है और बुध ग्रह इन्हें व्यावसायिक कौशल, गति और बुद्धिमत्ता देता है। मिथुन लग्न वाले जातक सामान्यतः लोगों से घुल मिलकर चलने वाले होते हैं।

मिथुन राशिफल जुलाई 2025
जुलाई का पूर्वार्ध मिथुन राशि वालों के लिए बेहद शुभ रहेगा। यह समय करियर और कारोबार से जुड़े बड़े फैसलों और कामों को अंजाम देने के लिए उपयुक्त है। बेरोजगार जातकों को प्रयास करने पर रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। निजी जीवन में भी सहयोग और समर्थन बना रहेगा।
दूसरे सप्ताह में यदि आप किसी समस्या से जूझ रहे थे तो उसका हल निकल सकता है। नौकरीपेशा जातकों की मनचाही नियुक्ति या स्थानांतरण हो सकता है। कारोबार में सुधार और रुका हुआ पैसा मिलने की संभावना है। किसी बड़ी योजना में निवेश भी संभव है, बशर्ते शुभचिंतकों की सलाह ली जाए।
माह के उत्तरार्ध में बड़े बदलाव संभव हैं। इस दौरान भावनाओं की बजाय विवेक से निर्णय लें। सेहत और धन की दृष्टि से सावधानी बरतें। रिश्तों में संयम बनाए रखें और वाणी पर नियंत्रण जरूरी होगा।

उपाय
हर दिन पहली रोटी गाय को खिलाएं और श्रीकृष्णाष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
कर्क राशि - फोटो : अमर उजाला
कर्क राशि
स्वामी ग्रह: चंद्र
रंग: सफेद
तत्व: जल
स्वभाव: भावुक, देखभाल करने वाले, पारिवारिक
कर्क राशि के लोग संवेदनशील, सहानुभूति से भरपूर और पारिवारिक होते हैं। चंद्रमा के स्वामित्व वाली यह राशि भावनाओं की गहराई से जुड़ी होती है। ये लोग जिनसे जुड़ते हैं, उनके लिए सब कुछ करना चाहते हैं। कर्क लग्न वाले जातक संवेदनशील लेकिन कल्पनाशील भी होते हैं।

कर्क राशिफल जुलाई 2025
जुलाई माह कर्क राशि के लिए मिलाजुला रहेगा। माह की शुरुआत से ही कार्यों में बाधाएं आ सकती हैं। इच्छानुसार कार्य पूर्ण न होने से खिन्नता रह सकती है। विरोधियों की साजिशों से सतर्क रहने की जरूरत होगी।
पूर्वार्ध में क्रोध पर नियंत्रण बनाए रखना आवश्यक है अन्यथा रिश्तों में विवाद हो सकता है। घर की किसी महिला सदस्य की सेहत चिंता का विषय बन सकती है। छात्रों को अतिरिक्त मेहनत करनी होगी। कार्यस्थल पर विरोधी झूठे आरोप लगाने की कोशिश कर सकते हैं।
तीसरे सप्ताह में कोर्ट-कचहरी संबंधी मामलों में राहत मिल सकती है। सरकारी अधिकारियों से सहयोग मिलने के योग हैं। प्रेम संबंधों में सावधानी रखें। सेहत और संबंधों पर ध्यान देना इस माह आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपाय
शिवलिंग पर रोज जल व दूध चढ़ाएं और शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
सिंह राशि - फोटो : daily rashifal
सिंह राशि
स्वामी ग्रह: सूर्य
रंग: नारंगी व सुनहरा
तत्व: अग्नि
स्वभाव: आत्मविश्वासी, प्रभावशाली, नेतृत्वकारी
सिंह राशि के लोग आत्मसम्मान, नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के लिए जाने जाते हैं। सूर्य के स्वामित्व वाली यह राशि गरिमा, शक्ति और तेजस्विता का प्रतीक है। सिंह लग्न वाले जातक जीवन के हर क्षेत्र में चमकना चाहते हैं और इन्हें सार्वजनिक सराहना बहुत प्रिय होती है।

सिंह राशिफल जुलाई 2025
माह की शुरुआत अनुकूल है। करियर और कारोबार दोनों ही क्षेत्रों में योजनाएं समय पर पूरी होंगी। सहकर्मियों के साथ मतभेद के बावजूद परिस्थितियां आपके पक्ष में रहेंगी। कारोबार में लाभ के संकेत हैं।
यदि आप विदेश से जुड़े कार्य करते हैं, तो इस दौरान सफलता मिलेगी। विदेश यात्रा के योग भी हैं। भूमि-भवन या वाहन सुख की प्राप्ति संभव है।
माह के मध्य में परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आ सकता है। दूसरों की बातें आपके विरुद्ध मुड़ी हुई प्रतीत हो सकती हैं। भावनाओं में बहकर निर्णय न लें। उत्तरार्ध में पारिवारिक मतभेद संभव हैं। धैर्यपूर्वक संवाद करें।

उपाय
प्रति दिन सूर्यदेव को जल चढ़ाएं और आदित्य हृदय स्तोत्र का तीन बार पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
कन्या राशि - फोटो : अमर उजाला
कन्या राशि
स्वामी ग्रह: बुध  
शुभ रंग: हरा 
तत्व: पृथ्वी 
स्वभाव: विश्लेषक, व्यावहारिक, परिश्रमी
कन्या राशि के लोग अत्यंत व्यवस्थित, व्यावहारिक और सूक्ष्म विचार वाले होते हैं। इनका ध्यान हमेशा विवरणों पर होता है और ये पूर्णता की ओर अग्रसर रहते हैं। कन्या लग्न के जातक जिम्मेदारी निभाने में माहिर होते हैं लेकिन आत्म-आलोचना की प्रवृत्ति इन्हें कई बार थका सकती है।

कन्या राशिफल जुलाई 2025
जुलाई के पहले भाग में आपको कर्म पर भरोसा रखना होगा। यदि आप समय और ऊर्जा का उचित उपयोग करेंगे तो सफलता निश्चित है। कार्यों
को तनाव की बजाय योजना से करें। कुछ लोग शॉर्टकट या रहस्यवाद की ओर आकर्षित हो सकते हैं।
दूसरे सप्ताह में अचानक बड़े खर्चों से बजट गड़बड़ा सकता है। पार्टनर से संबंधों में खटास की संभावना है। भावनाओं में बहने की बजाय संतुलन बनाए रखें।
माह के मध्य में यात्रा के योग हैं। प्रभावशाली व्यक्ति से मुलाकात लाभकारी सिद्ध हो सकती है। उत्तरार्ध में परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल होंगी। सहयोग और समर्थन मिलेगा। प्रेम संबंध सुधरेंगे। वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा।

उपाय
रोज़ भगवान गणेश को दूर्वा चढ़ाएं और गणपति सहस्त्रनाम का पाठ करें।

8 of 13
तुला राशि - फोटो : अमर उजाला
तुला राशि
स्वामी ग्रह: शुक्र
शुभ रंग: नीला व गुलाबी
तत्व: वायु
स्वभाव: संतुलित, कलाप्रिय, सामाजिक
तुला राशि के जातक संतुलन और सौंदर्य के उपासक होते हैं। इन्हें शांति और तालमेल प्रिय होता है। इनके व्यक्तित्व में आकर्षण और सौजन्य झलकता है। तुला लग्न वाले लोग न्यायप्रिय होते हैं और किसी भी माहौल को सामंजस्यपूर्ण बनाने की कला जानते हैं।

तुला राशिफल जुलाई 2025
जुलाई माह के पूर्वार्द्ध का थोड़ा समय यदि छोड़ दिया जाए तो पूरा महीना सुख-समृद्धि लिए रहने वाला है। माह की शुरुआत में तुला राशि के जातकों को छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने के लिए अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान विरोधियों से सतर्क रहना होगा। यदि बीते कुछ समय से किसी समस्या को लेकर परेशान चल रहे थे तो इस दौरान राहत मिलने के आसार कम हैं। घरेलू विवाद भी परेशान कर सकता है और नौकरीपेशा लोगों पर कामकाज का दबाव रहेगा।
हालांकि आप अपने विवेक से समस्याओं का समाधान खोज लेंगे और विरोधियों पर भारी पड़ेंगे। व्यवसाय में माह के मध्य से सुधार की शुरुआत होगी। उत्तरार्ध में करियर और कारोबार की दृष्टि से यह समय अत्यंत ही शुभ रहेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पारिवारिक सहयोग प्राप्त होगा। प्रेम संबंधों में सामंजस्य रहेगा और छात्रों को अच्छी खबर मिल सकती है।

उपाय
रोज़ स्फटिक के शिवलिंग पर सफेद चंदन चढ़ाकर पूजा करें और शिव चालीसा पढ़ें।

9 of 13
वृश्चिक राशि - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक राशि
स्वामी ग्रह: मंगल 
शुभ रंग: लाल और गहरा भूरा 
तत्व: जल 
स्वभाव: रहस्यमय, तीव्र, समर्पित
वृश्चिक राशि के लोग तीव्र भावनाओं और रहस्य से जुड़े होते हैं। इनके विचार गहरे होते हैं और ये आधे रास्ते में कुछ नहीं छोड़ते। वृश्चिक लग्न वाले जातक वफादार, मगर थोड़े कटु हो सकते हैं। इनमें जबर्दस्त पुनर्जीवन की क्षमता होती है।

वृश्चिक राशिफल जुलाई 2025
यह महीना मिश्रित फलदायी रहेगा। पूरे माह सुख-दुख साथ-साथ रहेंगे। वृश्चिक राशि के जातकों को पूरे समय अपने खानपान, वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखना होगा, नहीं तो सेहत और रिश्तों में गड़बड़ी हो सकती है।
माह की शुरुआत में अनावश्यक खर्चों से बचें क्योंकि इससे आपकी जमा पूंजी प्रभावित हो सकती है। दूसरे सप्ताह में यदि आप किसी योजना की शुरुआत कर रहे हैं तो शुभचिंतकों की सलाह ज़रूर लें। जल्दबाज़ी में कोई निर्णय न लें। किसी योजना को पूरा हुए बिना प्रचारित करना नुकसानदेह हो सकता है।
उत्तरार्ध में कामकाज में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं लेकिन परिस्थितियां आपके पक्ष में मुड़ेंगी। आत्मीय लोगों का साथ मिलेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी और सेहत बेहतर रहेगी।

उपाय
रोज़ हनुमान जी की पूजा करें और सुंदरकांड का पाठ करें।

10 of 13
धनु राशि  - फोटो : अमर उजाला
धनु राशि 
स्वामी ग्रह: बृहस्पति 
शुभ रंग: पीला 
तत्व: अग्नि 
स्वभाव: आशावादी, धार्मिक, स्वतंत्र विचार वाले
धनु राशि के लोग खुले विचारों वाले, दार्शनिक और घुमक्कड़ प्रवृत्ति के होते हैं। इन्हें ज्ञान, यात्रा और नई चीज़ें जानने में गहरी रुचि होती है। धनु लग्न वाले जातक ईमानदार और स्पष्टवादी होते हैं।

धनु राशिफल जुलाई 2025
महीने की शुरुआत में कुछ उलझनों का सामना करना पड़ सकता है। कामकाज में बाधाएं, योजनाएं अटक सकती हैं और आत्मविश्वास थोड़ा कमजोर पड़ सकता है। हालांकि यह स्थिति दूसरे सप्ताह से सुधरने लगेगी। प्रभावशाली लोगों का सहयोग मिलेगा और लाभकारी योजनाएं सामने आएंगी। पदोन्नति की संभावना है।
माह के मध्य तक भूमि-भवन या पैतृक संपत्ति से जुड़ी अड़चनें दूर होंगी। आय में वृद्धि होगी और पूर्व निवेश से लाभ मिलेगा। हालांकि उत्तरार्ध में सेहत और रिश्तों पर विशेष ध्यान देना होगा। प्रेम संबंधों में संयम रखें।

उपाय
रोज़ केसर का तिलक लगाएं और नारायण कवच का पाठ करें।

11 of 13
मकर राशि - फोटो : अमर उजाला
मकर राशि
स्वामी ग्रह: शनि
शुभ रंग: गहरा नीला
तत्व: पृथ्वी
स्वभाव: कर्मठ, व्यावहारिक, संयमी
मकर राशि के लोग मेहनती, धैर्यवान और लक्ष्य केंद्रित होते हैं। इन्हें जीवन में सफलता के लिए संघर्ष से कोई गुरेज नहीं। मकर लग्न वाले जातक जिम्मेदार और अनुशासित होते हैं, लेकिन भावनाएं कम ज़ाहिर करते हैं।

मकर राशिफल जुलाई 2025
यह महीना मिश्रित परिणामों वाला है। शुरुआत में आय कम और खर्च अधिक रह सकते हैं, जिससे आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है। अपनों की ओर से भी जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान नियम-कानून का उल्लंघन करने से बचें।
माह के मध्य में मौसमी बीमारी या पुराने रोग उभर सकते हैं। कार्यस्थल या परिवार में किसी वरिष्ठ से मतभेद की आशंका है। उत्तरार्ध में करीबी लोगों का अपेक्षित सहयोग न मिल पाने से निराशा हो सकती है। परिस्थितियों से तालमेल बनाना ही बेहतर रहेगा।

उपाय
रोज़ बेलपत्र या शमी पत्र से शिवजी की पूजा करें और लिंगाष्टकम का पाठ करें।

12 of 13
कुंभ राशि - फोटो : अमर उजाला
कुंभ राशि
स्वामी ग्रह: शनि और यूरेनस 
शुभ रंग: नीला, बैंगनी 
तत्व: वायु 
स्वभाव: मौलिक, बुद्धिजीवी, स्वतंत्र
कुंभ राशि के लोग प्रगतिशील, मानवीय और विचारवान होते हैं। इन्हें परंपरा से अलग सोचने और सामाजिक बदलाव लाने में मज़ा आता है। कुंभ लग्न वाले जातक असामान्य लेकिन दूरदर्शी होते हैं।

कुंभ राशिफल जुलाई 2025
जुलाई का अधिकांश समय आपके लिए लाभदायक रहेगा। करियर-कारोबार में सफलता और प्रशंसा मिलेगी। योजनाएं सफल होंगी और आय के नए स्रोत बनेंगे। धर्म-कर्म और तीर्थाटन के योग बन सकते हैं।
माह के मध्य में बाधाएं आ सकती हैं, जिससे आमदनी प्रभावित होगी, लेकिन तीसरे सप्ताह तक सब कुछ फिर से सामान्य हो जाएगा। उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों को प्रशंसा और पुरस्कार मिल सकते हैं। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा।

उपाय
रोज़ हनुमानजी की पूजा करें और सुंदरकांड का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
मीन राशि - फोटो : अमर उजाला
मीन राशि
स्वामी ग्रह: बृहस्पति
शुभ रंग: हल्का पीला, सफेद
तत्व: जल
स्वभाव: भावुक, कल्पनाशील, आध्यात्मिक
मीन राशि के जातक कोमल हृदय, संवेदनशील और कलात्मक होते हैं। इन्हें आध्यात्म और सेवा में विशेष रुचि होती है। मीन लग्न वाले लोग दूसरों की भावनाओं को गहराई से समझते हैं। कभी-कभी ये अत्यधिक कल्पनाओं में खो जाते हैं।

मीन राशिफल जुलाई 2025
जुलाई का महीना आपके लिए मिश्रित परिणाम लेकर आएगा। माह के पूर्वार्द्ध में दूसरों के मामलों से दूर रहें और अपने लक्ष्यों पर ध्यान दें। खर्च बढ़ सकते हैं और किसी बुजुर्ग महिला की सेहत चिंता बढ़ा सकती है। कार्यक्षेत्र में काम का दबाव रहेगा।
मध्य तक व्यापार में मंदी के संकेत हैं, लेकिन उत्तरार्ध में शुभचिंतकों की मदद से सुधार होगा। कोर्ट-कचहरी के मामलों में राहत मिलेगी। उच्च शिक्षा में सफलता के योग हैं।
माह के अंत में जीवनसाथी के साथ यात्रा का सुख मिल सकता है। पारिवारिक जीवन सामान्य और प्रेम संबंधों में सामंजस्य बना रहेगा।

उपाय
रोज़ हनुमान जी की पूजा करें, चालीसा का सात बार पाठ करें। शनिवार को आटे का चौमुखा दीपक सरसों के तेल से जलाएं।


 
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें