फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mithun Rashifal 2025 : कैसा रहेगा मिथुन राशि के जातकों के लिए साल 2025, जानें हर महीने का राशिफल

Sun, 15 Dec 2024 07:49 AM IST
श्वेता सिंह ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Mithun Rashi Horoscope 2025: साल 2024 की तरह ही नया साल 2025 में भी कई सारे ग्रह गोचर होंगे जो सभी राशियों को कहीं ना कहीं प्रभावित करेंगे। ज्योतिषाचार्य आनंद पाराशर से जानते हैं मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? 
विज्ञापन
1 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
साल 2024 के 12 माह की समयावधि पूर्ण होने जा रही है और दिसंबर के बाद यह वर्ष समाप्त हो जाएगा। ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर वर्ष 2024 पूर्ण रूप से वर्ष शनि के प्रभाव में रहा। अपनी मूल त्रिकोणराशि कुंभ में 30 साल बाद प्रवेश करने वाले न्याय के देवता शनिदेव अब कुंभ राशि से विदा लेकर अगले वर्ष यानी 2025 मार्च में देवगुरु बृहस्पति की राशि मीन में प्रवेश करेंगे। 

जाहिर है वर्ष 2023 से वर्ष 2024 तक शनि के कारण पूरी दुनिया के साथ हर जातक का जीवन प्रभावित रहा। अच्छे और बुरे दोनों ही फल प्राप्त होते रहे। विशेष रूप से कुंभ, मकर, कर्क, वृश्चिक और मीन राशि के जातकों पर शनि की साढ़े साती और ढैया का प्रभाव रहने से यह वर्ष ना केवल उथल-पुथल वाला रहा बल्कि कई बड़े परिवर्तन भी कर गया। राहु-केतु और देवगुुरु बृहस्पति के गोचर का भी प्रभाव वर्ष भर दिखा। इधर राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक बदलावों के बीच यह वर्ष पारिवारिक और निजी जीवन को बदलने वाला रहा।  बहरहाल, नवंबर माह बीत रहा है और दिसंबर लगते ही साल के 365 दिनों का यह चक्र अपनी समाप्ति की ओर होगा, ऐसे में ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर स्वाभाविक जिज्ञासा हर आम और खास व्यक्ति के भीतर होती है कि आखिर नया साल जीवन के लिए कैसा होगा? 

प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी अमर उजाला अपने पाठकों के लिए विद्वान ज्योतिषियों द्वारा 12 राशियों के आधार नए साल में होने वाले ग्रह परिवर्तनों और नए साल में ग्रह गोचर के प्रभावों को वार्षिक राशिफल 2025 की श्रृंखला में प्रस्तुत कर रहा है। ज्योतिषी आंनद पराशर द्वारा वर्ष 2025 में जनवरी से लेकर दिसंबर  माह तक के भविष्यफल को यहां विस्तार से प्रस्तुत किया जा रहा है। यह राशिफल चंद्र राशिफल पर आधारित है। चंद्र राशि का अर्थ है आपकी पत्रिका या लग्न कुंडली में चंद्रमा जहां विराजित है वही राशि आपकी चंद्र राशि है। 

उपरोक्त राशिफल सटीक ज्योतिषीय गणना के आधार पर तैयार किया गया है। हालांकि ज्योतिष एक जटिल और वृहद गणनाओं वाला विषय है, लिहाजा इस राशिफल को पाठक चंद्र राशि के अनुसार ही देखें क्योंकि व्यक्ति विशेष की पत्रिका का भविष्यफल चल रही महादशा, अंतर्दशा और  ग्रहों की स्थिति के आधार पर ही दिया जा सकता है।  आप सभी को अमर उजाला परिवार की ओर से नववर्ष 2025 की मंगल और शुभकामना- 

पढ़ें, वार्षिक राशिफल 2025-  
विज्ञापन

2 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
जनवरी 2025: मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना लाभदायक रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में अधिक संघर्ष होने की संभावना दिखाई दे रही है। बनते बनते कार्य बिगड़ सकते हैं। परिश्रम तथा संयम रखना पड़ेगा अन्यथा परिस्थिति प्रतिकूल भी हो सकती हैं। ब्याज पर पैसे ना लें। शेयर मार्केट में पैसे ना लगाए। अपने इष्ट मित्रों के साथ मतभेद उभर सकते हैं। अपने ऊपर अधिक भरोसा रखें। 

जब तक कार्य पूर्ण ना हो जाए तब तक किसी से उसके बारे में कुछ ना कहें। समाज में मान सम्मान के प्रति सावधान रहें। किसी को अपनी कमजोरी का फायदा ना उठाने दे। मानसिक रूप से स्वयं को स्वस्थ रखने का प्रयास करें। आर्थिक मामलों में सोच समझकर निर्णय ले। अनावश्यक खर्चे से बचें। परिवार के सदस्यों के साथ तालमेंल बनाकर रखें। अधिक विवाद आदि से बचें। 

भाई बहनों का सहयोग बना रहेगा। छोटी-मोटी यात्राओं के योग बनेंगे। अगर आप मकान खरीदना चाहते हैं तो यह महीना उसके अनुकूल नहीं है। सावधानी रखने की आवश्यकता है। माता-पिता के साथ अधिक अच्छे संबंध नहीं रहेंगे। सामाजिक कार्यों के प्रति रुझान बढ़ सकता है। विद्यार्थी वर्ग के लिए यह महीना कुछ कठिनाई लेकर के आ सकता है। अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। पति-पत्नी के बीच कुछ मतभेद उभर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।  
विज्ञापन

3 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
फरवरी 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना शुरुआत में कुछ अच्छा फल देने वाला रहेगा। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आपके साहस और पराक्रम में उन्नति होगी। अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी यह महीना आपके लिए अच्छा रहेगा। लंबी दूरी की यात्रा होने की संभावना है। अपने मित्रों का सहयोग बनेगा। 

अपने कार्य के लिए स्वयं ही प्रयास करें। किसी के भरोसे इस महीने कार्य को मत छोड़िए। अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता है। लंबी यात्राओं में खाने-पीने का ध्यान रखना होगा। अपने बड़ों का आदर करें। अधिक लालच वाली प्रवृत्ति से बचना होगा। परिवार के लोगों के साथ संबंधों में मधुर्ता आएगी। परस्पर सहयोग से कोई नया कार्य बनने की संभावना है। लड़ाई झगड़े वाली स्थिति से बचना होगा। आप अपने सगे भाई बहनों की उन्नति के लिए परेशान होंगे। 

संगीत और साहित्य में आपका सम्मान बढ़ेगा। संपत्ति जैसे कार्यों के लिए समय अनुकूल है। माता-पिता का सहयोग बना रहेगा। समाज में भी आपके मान सम्मान की वृद्धि होगी। प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ आपकी मुलाकात होगी और संपर्क बनेंगे। विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की दृष्टि से यह महीना अच्छा रहेगा। पढ़ाई में आपका मन लगेगा। प्रेम प्रसंग में सफलता प्राप्त होगी। संतान पक्ष की ओर से खुशी प्राप्त हो सकती है। पति-पत्नी के बीच कुछ मनमुटाव हो सकता है। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखने की आवश्यकता है।

4 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
मार्च 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना सुख शांति वाला रहेगा। पहले से जो कुछ समस्याएं चली आ रही थी उनका समाधान होगा। कार्य क्षेत्र में अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से स्थिति अच्छी रहेगी। किसी भी प्रकार की बड़े परेशानी की संभावना कम है। इस महीने आप कोई नया कार्य करने की योजना बना सकते हैं। साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। छोटी-छोटी लाभकारी यात्राओं के योग हैं। 

आप जहां नौकरी करते हैं वहां आपका प्रमोशन हो सकता है। वरिष्ठ लोगों के साथ आपके संपर्क बनेंगे। आर्थिक मामलों में सोच समझकर पूंजी निवेश करें। परिवार के सदस्यों का सहयोग बना रहेगा। भाई बहनों के साथ मिलकर काम करने से फायदा होगा। अगर आप नई गाड़ी खरीदना चाहते हैं तो समय अनुकूल हैं। 

माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर आपको कुछ चिंता हो सकती है। समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। विद्यार्थी वर्ग की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी। अध्ययन के क्षेत्र में उन्नति होगी। प्रेम प्रसंग में परस्पर सहयोग बढ़ेगा। संतान पक्ष का सहयोग बना रहेगा। विरोधी पक्ष के साथ संधि हो सकती है। पति-पत्नी के बीच प्रेम बना रहेगा। कार्य क्षेत्र में सुधार होगा।
विज्ञापन

5 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
अप्रैल 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना कुछ संघर्ष वाला हो सकता है। बीच-बीच में आपको फायदा भी होगा। शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आपको अपने मानसिक स्वास्थ्य पर भी पूरा ध्यान देने की आवश्यकता है। कार्य क्षेत्र के संबंध में सोच समझकर निर्णय लेंगे तो अच्छा रहेगा। पारिवारिक दायित्व बढ़ सकता है। 

परिवार में कोई मांगलिक आयोजन हो सकता है। लंबी दूरी की यात्राओं के योग दिखाई दे रहे हैं। कार्यक्षेत्र के संबंध में जल्दबाजी में कोई भी निर्णय न लें। धन के साथ-साथ खर्च भी होगा यानी कि पैसा आएगा लेकिन साथ में खर्च भी हो जाएगा। इस महीने आर्थिक मामलों में कोई भी निर्णय सावधानी पूर्वक लेना होगा। किसी से पैसे उधार ना लें। भाई बहनों के साथ आपसी मामलों को लेकर मतभेद हो सकता है। अपने आत्मविश्वास को बनाए रखें। 

संपत्ति खरीदने बेचने के लिए महीना अनुकूल नहीं है। माता-पिता का स्नेह बना रहेगा। समाज में मान प्रतिष्ठा के प्रति सावधान रहें। अत्यधिक तर्क कुतर्क से आपको बचना होगा। विद्यार्थियों को इस महीने अतिरिक्त परिश्रम करने की आवश्यकता है। अध्ययन के अतिरिक्त अन्य कार्यों में भी ध्यान जा सकता है। प्रेम संबंध में उतावलापन न दिखाएं। संतान पक्ष की ओर से परेशानियां कम होगी। पति-पत्नी के बीच तालमेल बना रहेगा। धार्मिक यात्राओं में जाने का मौका मिलेगा। कार्य क्षेत्र में कुछ परेशानियां आपकी कम हो सकती हैं।
विज्ञापन

6 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
मई 2025 : मिथुन राशि के जातकों को इस महीने अच्छा फायदा होगा। आपके स्वास्थ्य में सुधार होगा। हालांकि आपको अपनी वाणी पर संयम भी रखना होगा।  कार्य क्षेत्र में आपके शत्रु आपके खिलाफ कोई साजिश भी कर सकते हैं। इसीलिए आपको बिना सोचे कुछ भी नहीं कहना है। सत्ता पक्ष से अच्छे संबंध बनाए रखें। राजनीति में सफलता प्राप्त होगी। 

आपके शत्रु आपकी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे इसलिए अत्यधिक क्रोध नहीं करना है। कोर्ट कचहरी के मामलों में ना उलझे और भावुकता में आकर किसी भी प्रकार का कोई निर्णय नहीं लेना है। परिस्थितियों को ध्यान में रखकर कार्य करना है। अपने परिवार के साथ पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद हो सकता है। कोई भी निर्णय सावधानी के साथ लेना होगा। कठिन परिस्थितियों में अपने धैर्य को बनाए रखें। किसी के बहकावे में ना आए। अगर आप किसी संपत्ति को बेचना चाहते हैं तो आपको इस महीने सफलता प्राप्त हो सकती है। माता-पिता का व्यवहार आपके प्रति अच्छा रहेगा।

सामाजिक कार्य के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रतिष्ठित लोगों के साथ आपकी मुलाकात हो सकती है। विद्यार्थियों के लिए यह महीना अनुकूल रहेगा। अपने मन को स्थिर रखने का प्रयास करें। संतान पक्ष की भावनाओं का आदर करें। प्रेम संबंध में कुछ मतभेद उभर सकते हैं। परिस्थिति को ध्यान में रखकर व्यवहार करें। शत्रु पक्ष हावी हो सकता है। पति-पत्नी के बीच संबंधों में सुधार आएगा।  
विज्ञापन

7 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
जून 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना सुख शांति से भरा हुआ रहेगा। महीने की शुरुआत में आपको अच्छा मुनाफा भी प्राप्त होगा। पूर्व में किए गए कार्यों का आपको अच्छा परिणाम प्राप्त होगा। किसी पर अधिक विश्वास करने की बजाय आपको अपने ऊपर ही विश्वास करना चाहिए। आपके मित्रों के सहयोग से आपका कोई कार्य सिद्ध हो सकता है। 

आपकी आर्थिक स्थिति में इस महीने अच्छा सुधार होगा। पैसे की बचत होगी और आप पैसे को अच्छी जगह इन्वेस्ट भी करेंगे। परिवार के सदस्यों का सहयोग प्राप्त होगा। अगर आप संपत्ति खरीदना चाहते हैं तो यह महीना बहुत अच्छा है। इस संबंध में आपको प्रयास करने चाहिए। माता-पिता के साथ तालमेल बना रहेगा। समाज में मान प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। 

विद्यार्थियों के लिए यह महीना अनुकूल रहेगा लेकिन आपको आलस से बचना होगा। परिश्रम करने की प्रवृत्ति अपने अंदर बनानी होगी। प्रेम संबंध में कुछ गड़बड़ हो सकती है। जिसके कारण आप को मानसिक कष्ट भी हो सकता है। कोर्ट कचहरी के मामलों में देरी हो सकती है। पति-पत्नी कहीं बाहर घूमने के लिए जा सकते हैं। आपके कार्य क्षेत्र में अच्छा समाचार प्राप्त होगा।

8 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
जुलाई 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना मिला-जुला फल देने वाला रहेगा। इस महीने संघर्ष होगा लेकिन आपके कुछ कार्य भी बन जाएंगे। धन लाभ भी होगा लेकिन धन का खर्च भी होगा। आपके सगे संबंधियों से आपको फायदा प्राप्त होगा हालांकि आप जहां काम करते हैं वहां आपको धैर्य के साथ आगे बढ़ना होगा। जब तक आपका कार्य न बन जाए तब तक किसी को ना बताएं। 

अपने मित्रों के साथ कुछ मतभेद उभर सकते हैं। किसी भी प्रकार की विवाद वाली स्थिति से बचना होगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह महीना अधिक अच्छा नहीं रहेगा। किसी बड़ी योजना में पूंजी निवेश के योग बनेंगे जिससे भविष्य में लाभकारी परिणाम प्राप्त होंगे। धन का उचित उपयोग करने से आने वाला समय आर्थिक दृष्टि से बहुत अच्छा रहेगा। अनावश्यक खर्चे से बचें। वाणी पर संयम रखें। कड़वे वचनों का प्रयोग ना करें। भाई बहनों के साथ मिलकर कार्य करें। आप संपत्ति खरीद सकते हैं। 

माता-पिता की ओर से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। समाज में पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। विद्यार्थियों के लिए यह महीना उन्नति कारक होगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। प्रेम प्रसंग में विश्वास बढ़ेगा। संतान पक्ष के प्रति मन में संतुष्टि रहेगी। कार्य क्षेत्र में परिश्रम करना होगा। पति-पत्नी के बीच कुछ मतभेद उभर सकते हैं।

9 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
अगस्त 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना कुछ कठिनाइयां भरा हो सकता।  कार्य क्षेत्र में सहयोगियों के साथ तालमेल की कमी होगी लेकिन आपको धैर्य और साहस के साथ अपने काम को पूरा करना है। विवाद वाली स्थिति से बचने का हर संभव प्रयास करें। अपने धैर्य को बनाए रखें। क्रोध न करें।  अन्यथा कार्य बिगड़ सकता है। 

अपने परिवार में और परिवार के लोगों के साथ साझेदारी में कोई कार्य शुरू न करें। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी उत्पन्न हो सकती हैं। सगे संबंधियों के साथ तनाव हो सकता है। पेट से जुड़ी कोई बीमारी आपके सामने आ सकती है। आपको अपने कर्म में ही ध्यान रखना होगा और अत्यधिक क्रोध से बचना होगा। अगर आप अपने पैसे की वृद्धि करना चाहते हैं तो आपको अतिरिक्त परिश्रम करना ही होगा। लेनदेन में भी सावधानी बरतनी होगी। किसी को सोच समझ कर ही उधार दें । 

परिवार के सदस्यों के साथ कहीं धार्मिक स्थान की यात्रा हो सकती है। सगे भाई बहनों के साथ मतभेद उत्पन्न हो सकता है। अगर आप किसी संपत्ति को बेचना चाहते हैं तो जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। सोच समझकर निर्णय लेंगे तो अच्छा रहेगा। माता-पिता के साथ मतभेद हो सकते हैं। सामाजिक कार्यों के प्रति रूझान बढ़ेगा। विद्यार्थियों के लिए यह महीना अच्छे संकेत देने वाला होगा। शत्रु पक्ष की ओर से दबाव बढ़ सकता है। पति-पत्नी के मध्य एक दूसरे के प्रति प्रेम बना रहेगा।  

10 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
सितंबर 2025: मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना शुरुआत में उनकी योजनाओं के अनुकूल ही सिद्ध होगा। पहले से चली आ रही कोई परेशानी दूर हो सकती है। स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह महीना मिथुन राशि के जातकों के लिए अच्छा रहेगा किंतु मानसिक परेशानी उत्पन्न हो सकती है। करियर की दृष्टि से भी समय अच्छा रहेगा। 

मन में कुछ करने की तमन्ना रहेगी। आपको सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ना होगा। इस महीने आपके पास पैसा आएगा लेकिन उसी अनुपात में आपका खर्च भी होगा। इसलिए आपको पैसे का सदुपयोग करना चाहिए। परिवार में सदस्यों के साथ तालमेल बनाए रखना होगा। महीने की शुरुआत में कोई लंबी यात्रा हो सकती है। संगीत साहित्य सिनेमा लेखन के प्रति आपकी रुचि बढ़ सकती है। अगर आप संपत्ति खरीदना चाहते हैं या कोई वाहन खरीदना चाहते हैं तो इस महीने आपको भाग दौड़ करनी पड़ सकती है। 

माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रहेगी। विद्यार्थियों के लिए यह महीना कुछ कठिनाइयां लेकर आ सकता है। अध्ययन के प्रति आपको गंभीरता लानी होगी। प्रेम प्रसंग में आपको संयम रखना होगा। संतान पक्ष के साथ समय व्यतीत करना होगा। मतभेद उभर सकते हैं। कोर्ट कचहरी के मामलों में परेशानी आ सकती है। पति-पत्नी के मध्य तालमेल बना रहेगा। बुधवार के दिन किसी प्रकार का लेनदेन नहीं करना है।

11 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
अक्तूबर  2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना लाभदायक रहेगा। आपके मन में कार्यों के प्रति उत्साह बना रहेगा। योजनाबद्ध रूप से कार्य करेंगे तो आपको सफलता प्राप्त होगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से देखें तो यह महीना अच्छा रहेगा हालांकि कार्यक्षेत्र के संबंध में आपको कुछ चिंताएं हो सकती हैं। छोटी-मोटी यात्राओं के योग बनेंगे। अपने मित्रों के साथ मिलकर अगर आप कोई काम करना चाहते हैं तो आपको फायदा हो सकता है। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें अन्यथा मानसिक तनाव भी उत्पन्न हो सकता है। 

पैसे के लेनदेन में आपको सावधानी रखनी होगी। इस महीने के अंत में अचानक से आपको धन प्राप्ति हो सकती है। घर के नौकर आदि के प्रति आपको सावधान भी रहना होगा। बड़े सदस्यों की आवश्यकताओं का ध्यान रखिए। जमा पूंजी का सदुपयोग कीजिए। भविष्य के लिए योजना बनाकर आप अपने पैसे को बाजार में लगा सकते हैं। पारिवारिक स्थिति को अच्छा बनाने में आपकी भूमिका रहेगी। धैर्य और साहस बनाए रखने से सफलता अवश्य ही प्राप्त होती है। 

आपके भाई बहनों का सहयोग आपको मिलता रहेगा। अगर आप संपत्ति खरीदना चाहते हैं या बेचना चाहते हैं तो इस महीने आपको सफलता प्राप्त हो सकती है। माता-पिता के सहयोग से आपके कार्य सिद्ध होंगे। समाज में मान सम्मान में वृद्धि होगी। विद्यार्थियों के लिए यह महीना अच्छा रहेगा। हालांकि घूमने फिरने में भी आपका समय जा सकता है।

12 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
नवंबर 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए यह महीना फायदा देने वाला होगा। कार्य क्षेत्र में सुधार होगा। मन में सकारात्मक चिंतन के प्रति रुचि बढ़ेगी। इसका सकारात्मक प्रभाव आपकी कार्यशैली पर भी पड़ेगा। अपने मित्रों के साथ मिलकर कार्य करना लाभदायक रहेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह महीना आपके लिए अच्छा रह सकता है। अपनी सोच को सकारात्मक रखें। लक्ष्य के प्रति अपने प्रयास को कम न होने दे। भाग्य के भरोसे ना बैठे। 

नौकरी में अपने सहयोगियों के साथ तालमेल बनाकर कार्य करना होगा। आपके शत्रु आपकी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। व्यवसाय में बिना ज़रूरत पूंजी ना लगे। किसी भी क्षेत्र में सोच समझकर पूंजी निवेश करना उत्तम रहेगा। परिवार में एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। तालमेल में कमी हो सकती है। 

सगे भाई बहनों के साथ वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। आत्मविश्वास बनाए रखें। माता-पिता का सहयोग बना रहेगा। समाज में मान प्रतिष्ठा बनेगी। विद्यार्थियों के लिए यह महीना अच्छा है।  किसी सरकारी नौकरी में आपका चयन हो सकता है। प्रेम प्रसंग में शुभ संकेत प्राप्त होंगे। आपके प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार किया जा सकता है। संतान के प्रति आपकी चिंताएं कम होगी। संतान आपको गर्व करने का मौका दे सकती है। कोर्ट कचहरी के मामलों में कार्रवाई थोड़ी धीमी हो सकती है। कार्यक्षेत्र में परिश्रम करने से उन्नति प्राप्त होगी।
विज्ञापन

13 of 13
मिथुन राशि के जातकों के लिए कैसा रहेगा साल 2025? - फोटो : amar ujala
दिसंबर 2025 : मिथुन राशि के जातकों के लिए इस महीने कुछ बाधा आ सकती है। संघर्ष के साथ आपके कार्य सिद्ध होंगे। शत्रुओं को परास्त करने में सफल होंगे। समाज में आपका मान सम्मान बढ़ेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह महीना अच्छा रहेगा। किसी प्रकार की कोई बड़ी बीमारी होने की संभावना नहीं है। धार्मिक कार्य, दान, पूजा आदि की इच्छा जागेगी। 

करियर को लेकर आप कुछ परेशान रह सकते हैं। समय और परिस्थिति को ध्यान में रखकर ही कार्य करना होगा। भोजन और वाणी दोनों पर आपको संयम रखना होगा। आर्थिक दृष्टि से यह महीना काफी उतार चढ़ाव वाला महीना हो सकता है। धन के आगमन के साथ ही धन का खर्च भी उसी अनुपात में होने की संभावना दिखाई दे रही है। आपको अपनी पारिवारिक समस्याओं को अनदेखा नहीं करना चाहिए। उन्हें सुलझाने का प्रयास अवश्य करें। आपके जो भाई बहन है उनके साथ कुछ मतभेद उभर सकते हैं। अगर आप कोई वाहन खरीदना चाहते हैं तो यह महीना बहुत अच्छा है। 

इस दिशा में प्रयास करेंगे तो आपको सफलता प्राप्त होगी। आप अपने माता-पिता के साथ कहीं बाहर घूमने के लिए भी जा सकते हैं। आपके हृदय में परोपकार की भावना जागृत हो सकती है। आप समाज सेवा भी करेंगे। अगर आप विदेश जाते हैं तो आपको आर्थिक मामलों में अच्छी सफलता प्राप्त होगी। आपके प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार किया जाएगा और आपका प्रेमी आकर्षण में आकर आपसे विवाह भी कर सकता है। संतान पक्ष के प्रति चिंता बनी रहेगी। पति-पत्नी के मध्य सामान्य प्रेम बना रहेगा। कार्य क्षेत्र में सुधार होगा।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें