फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

February Rashifal 2026: फरवरी का मासिक राशिफल, ये 4 राशियां रहेंगी भाग्यशाली, 3 को रहना होगा सावधान

Mon, 02 Feb 2026 11:11 AM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

February Monthly Horoscope 2026: साल का दूसरा महीना फरवरी कुछ राशि वालों के लिए बहुत ही भाग्यशाली और कुछ के लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहने वाला होगा। आइए जानते हैं चंद्र राशि के अनुसार सभी 12 राशियों के लिए फरवरी 2026 का महीना क्या लेकर आया है। 
विज्ञापन
1 of 13
फरवरी 2026 मासिक राशिफल - फोटो : Amar Ujala

February Month 2026 Horoscope Prediction: फरवरी का महीना खगोलीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। ग्रहों की हलचल न केवल व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करेगी, बल्कि इसका असर करियर, स्वास्थ्य, प्रेम संबंधों और आर्थिक स्थिति पर भी गहराई से महसूस किया जाएगा। इसका प्रभाव हर राशि पर अलग-अलग तरीके से दिखाई देता है। कुछ जातकों के लिए यह समय उन्नति और सफलता लेकर आएगा, तो कुछ को सतर्क रहने की आवश्यकता होगी।

फरवरी माह में ग्रहों की चाल के अनुसार कुछ राशियों को करियर में नई ऊंचाइयाँ छूने का मौका मिलेगा, तो कुछ को स्वास्थ्य और संबंधों में विशेष सावधानी बरतनी होगी। यह महीना जहां एक ओर नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है, वहीं कुछ पुरानी अधूरी बातों को भी सामने ला सकता है। आइए जानते हैं कि फरवरी 2026 का महीना आपकी राशि के लिए क्या संदेश लेकर आया है। 

2026 में कब बजेंगी शहनाइयां: यहां देखें विवाह के शुभ मुहूर्त और गुरु-शुक्र के उदय अस्त होने का समय
Kamzor Shukra: धन, वैभव और प्रेम सब बिगाड़ देता है कुंजली में कमजोर शुक्र, जानें इसके लक्षण और सरल उपाय

विज्ञापन

2 of 13
मेष - फोटो : अमर उजाला
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने की शुरुआत थोड़ी उतार-चढ़ाव भरी रह सकती है। इस दौरान आपके द्वारा किए जाने वाले परिश्रम और प्रयास का अपेक्षाकृत कम फल मिलेगा. हालांकि यह स्थिति लंबे समय तक नहीं रहेगी और महीने के दूसरे सप्ताह तक आप अपनी बुद्धि और विवेक से करियर-कारोबार में मनचाही सफलता प्राप्त करेंगे। आपके लिए यह समय सामान्यतः अनुकूल फलप्रद रहना चाहिए। सोचे हुए कार्य समय से पूरे होने पर आपके उत्साह एवं पराक्रम में वृद्धि होगी।

माह के मध्य में आपके भीतर योजना बनाकर काम करने की प्रवृत्ति रहेगी। इसका आपको फायदा भी होता नजर आएगा। आप अपने कार्यों को समय पर पूरा करके अपने सफलता के प्रतिशत को बढ़ा सकेंगे। मेष राशि के जातकों को माह के मध्य में घर और बाहर दोनों जगह लोगों से भरपूर सुख और सहयोग मिलेगा। कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों के साथ समन्वय बना रहेगा। सीनियर आपके काम की तारीफ करेंगे। आपके द्वारा लिए गए निर्णय सफल होंगे। माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए धन लाभ के लिए रहने वाला है। इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आप किसी लाभप्रद योजना में निवेश कर सकते हैं। खट्टी-मीठी तकरार के साथ प्रेम संबंध सामान्य बना रहेगा। अविवाहित लोगों का विवाह तय हो सकता है। नव दंपतियों को संतान सुख की प्राप्ति संभव है। माह के उत्तरार्ध में अपनी सेहत पर विशेष ध्यान दें।

उपाय: हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
वृषभ - फोटो : अमर उजाला
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना कभी खुशी कभी गम लिए रहने वाला है। साल 2026 के दूसरे महीने की शुरुआत आपके लिए थोड़ी खर्चीली रहेगी। इस दौरान आप अपनी सुख-सुविधा पर बड़ी रकम खर्च कर सकते हैं या फिर घर के किसी व्यक्ति की सेहत पर आपको पैसे खर्च करना पड़ सकता है। महीने की शुरुआत में होने वाला आर्थिक असंतुलन आपकी चिंता का कारण बनेगा। महीने का दूसरा सप्ताह आपके करियर-कारोबार की दृष्टि से थोड़ा चुनौती भरा रहने वाला है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपको नीचा दिखाने की कोशिश करेंगे।

माह के मध्य का समय आपके लिए अनुकूल कहा जाएगा। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में कोई अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। यह समय विदेश से जुड़े काम करने वालों के लिए अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद कहा जाएगा। इस दौरान लंबी दूरी की यात्राओं के योग बनेंगे। यात्रा सुखद एवं नये संपर्कों को बढ़ाने वाली साबित होगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह के पूर्वार्द्ध का समय थोड़ा तनाव भरा रह सकता है। इस दौरान स्वजनों के साथ गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं, हालांकि माह के मध्य तक एक बार फिर आपके रिश्ते पटरी पर आ जाएंगें। प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे। माह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन श्री यंत्र की पूजा और श्री सूक्त का पाठ करें।

4 of 13
मिथुन - फोटो : अमर उजाला
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने की शुरुआत थोड़ी आपाधापी भरी रह सकती है। इस दौरान आपको कामकाज के सिलसिले में जरा ज्यादा ही भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान छात्र वर्ग का पढ़ाई से मन उचट सकता है। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं आपको धन के लेनदेन और बड़े निर्णय लेते समय सावधानी बरतनी होगी। माह के पूर्वार्द्ध में अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में किसी प्रकार का शॉर्टकट न अपनाएं अन्यथा धन के साथ मानहानि भी झेलनी पड़ सकती है।

माह के दूसरे सप्ताह से चीजें थोड़ी आपके अनुकूल होती दिखाई देंगी। इस दौरान आपको करियर-कारोबार में आगे बढ़ने के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। परिश्रम और प्रयास करने पर मनचाही सफलता प्राप्त होगी। अटके हुए कार्यों में प्रगति सम्भव होगी। माह के मध्य में आपका मन धर्म एवं अध्यात्म में रमेगा। माह के उत्तरार्ध में आपको निजी जीवन में कुछ एक समस्याओं से जूझना पड़ सकता है। इस दौरान कारोबार में भी मंदी बनी रहती सकती है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह कभी गरम तो कभी नरम बना रहेगा। माह की शुरुआत का समय पारिवारिक सुख की दृष्टि से शुभ कहा जाएगा। इस दौरान पिकनिक पार्टी का प्रोग्राम बनेगा। मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। माह के मध्य में जीवनसाथी की तरफ से कोई सुखद समाचार प्राप्त होगा।

उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा करें तथा नारायण कवच का पाठ करें।

 
विज्ञापन

5 of 13
कर्क - फोटो : अमर उजाला
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने की शुरुआत शुभता और लाभ को लिए रहेगी। इस दौरान आपके सोचे हुए कार्य समय पर पूरे होंगे। आपको विभिन्न प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। यदि आप कोर्ट-कचहरी में आपका कोई मामला चल रहा है तो फरवरी महीने के पूर्वार्ध में आपको उस मुकदमे से छुटकारा मिल सकता है। मुकदमे में फैसला आपके पक्ष में आने के योग बन रहे हैं। शत्रु पक्ष आपके आगे नतमस्तक होगा। करियर-कारोबार की दृष्टि से महीने का दूसरा सप्ताह आपके लिए अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। नौकरीपेशा लोगों के प्रमोशन होने के योग बन रहे हैं तो वहीं व्यवसाय से जुड़े लोगों को मनचाहा लाभ प्राप्त होगा।

माह के मध्य का समय कर्क राशि के लिए थोड़ा प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान अचानक से आपके खर्च में वृद्धि हो सकती है। बेवजह की चीजों में धन खर्च होने के कारण आपका मन खिन्न रहेगा। माह के उत्तरार्ध में कर्क राशि के जातकों को जोखिम भरी योजना में निवेश करने से बचना होगा। इस दौरान धन के लेनदेन में खूब सावधानी बरतें। माह के उत्तरार्ध में आपका स्वजनों के साथ मतभेद हो सकता है। प्रेम संबंध में समस्याएं पैदा हो सकती हैं। सुखी दांपत्य जीवन के लिए अपने लाइफ पार्टनर के साथ तालमेल बिठाकर चलने का प्रयास करें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
सिंह - फोटो : daily rashifal
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने के अंत का थोड़ा समय यदि इग्नोर कर दिया जाए तो पूरा महीना अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद रहने वाला है। इस माह आपके सोचे हुए सभी कार्य समय पर पूरे होते नजर आएंगे। आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों से सुख-सहयोग प्राप्त होगा। बीते कुछ समय से जो अनुकूलता आपके जीवन में बनी हुई थी, इस माह भी बनी रहेगी। आपके उत्साह एवं पराक्रम में वृद्धि होगी। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आपको भाग्य का सहयोग प्राप्त होगा। माह के मध्य में आपको बड़ा वित्तीय लाभ प्राप्त होगा। इस दौरान किसी योजना में अटका हुआ धन अप्रत्याशित रूप से निकल सकता है। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति होगी। आय प्राप्ति के नवीन साधनों में वृद्धि होगी।

इस माह आप पुराने ऋण को चुकाने में कामयाब रहेंगे। कारोबार के विस्तार की योजना साकार होती नजर आएगी। कुल मिलाकर कारोबारियों के लिए समय उत्तम फलप्रद बना हुआ है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह महीना आपके लिए अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। आपकी लव लाइफ शानदार रहेगी। लव पार्टनर के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी और उसके साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। वैवाहिक जीवन में खुशियां बनी रहेंगी। माह के मध्य में घर में मांगलिक कार्य संपन्न होंगे। बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद आप पर बना रहेगा। संतान पक्ष की तरफ से सुखद समाचार प्राप्त होगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
कन्या - फोटो : अमर उजाला
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने की शुरुआत थोड़ी कठिनाई भरी रह सकती है। इस दौरान आपको अपने काम को मनचाहे तरीके से करने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करना पड़ सकता है। इस दौरान आपको व्यवसाय में लाभ तो होगा लेकिन उसके मुकाबले खर्च की अधिकता रहेगी। जिसके कारण आपको आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। माह के दूसरे सप्ताह में आपको आलस्य और अभिमान से बचने की आवश्यकता रहेगी अन्यथा करियर-कारोबार से जुड़े अच्छे अवसर आपके हाथ से निकल सकते हैं। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह समय आपके लिए थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। आत्मीय लोगों के साथ किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है।

प्रेम संबंध में गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं। यदि आप किसी कार्य को लेकर कोई बड़ा फैसला लेना चाहते हैं तो उसके लिए पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध का समय ज्यादा शुभ कहा जाएगा। इस दौरान आपको किस्मत का पूरा साथ मिलेगा। इस दौरान जीवनसाथी के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगी। कामकाजी महिलाओं की पदोन्नति के योग बनेंगे, जिससे उनका न सिर्फ कार्यक्षेत्र बल्कि घर में भी मान-सम्मान बढ़ेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी की पूजा में गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।

8 of 13
तुला - फोटो : अमर उजाला
तुला

तुला राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना औसत फलदायी रहने वाला है। माह की शुरुआत में आपको अपने काम सावधानी के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। माह की शुरुआत में किसी सरकारी निर्णय से हानि की आशंका रहेगी। इस दौरान नौकरीपेशा वर्ग को कार्यक्षेत्र में बेहद सावधानी के साथ काम करने की आवश्यकता रहेगी। तुला राशि के जातकों को इस माह अपने काम किसी दूसरे के भरोसे छोड़ने की गलती नहीं करना चाहिए अन्यथा बना-बनाया काम भी बिगड़ सकता है। अपने विरोधियों और शत्रु पक्ष से सावधान रहें।

इस माह आपको अपने उच्चाधिकारियों से अच्छे संबंध बनाकर रखने की आवश्यकता है। माह के मध्य में अचानक से कुछ एक बड़े खर्चे आ सकते हैं, जिसके कारण आपको आर्थिक दिक्कतें हो सकती हैं। फरवरी महीने के तीसरे सप्ताह से परिस्थितियां एक बार फिर आपके अनुकूल होती नजर आएंगी। उस दौरान आपको करियर और कारोबार में मनचाही सफलता और लाभ की प्राप्ति होगी। नौकरीपेशा लोगों की आय के नये स्रोत बनेंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह के मध्य का समय थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। हालांकि कठिन समय में आपका लाइफ पार्टनर या फिर लव पार्टनर आपका संबल बनेगा। सेहत की दृष्टि से आपको माह के दूसरे सप्ताह में सावधानी रखने की आवश्यकता रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।

9 of 13
वृश्चिक - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक

वृश्चिक राशि वाले जातकों के लिए फरवरी का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। इस माह आपको दूसरों के भरोसे रहने की बजाय खुद के परिश्रम और प्रयास से चीजों को हासिल करना होगा। माह की शुरुआत लंबी दूरी की यात्रा के साथ होगी। इस दौरान आपको करियर-कारोबार में मनचाही सफलता पाने के लिए अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को मार्केट में अपनी साख को बचाए रखने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करने होंगे।

माह के पूर्वार्द्ध में नौकरीपेशा लोग कार्यक्षेत्र में अपनी उपेक्षा के चलते थोड़े हताश और निराश रह सकते हैं। इस दौरान आप पर काम का अतिरिक्त दबाव भी बना रहेगा। वृश्चिक राशि के जातकों को इस महीने नियमों का उल्लंघन करने से बचना चाहिए। माह के  मध्य में घर के किसी बुजुर्ग व्यक्ति की सेहत आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकती है। इस दौरान आपको निजी जीवन और प्रोफेशनल लाइफ में बहुत सोच-समझकर निर्णय लेने होंगे। माह के उत्तरार्ध में आपकी किस्मत का सितारा चमकता नजर आएगा और आप अपने काम को बेहतर तरीके से करते हुए मनचाही सफलता और प्रगति हासिल करेंगे। यह समय करियर-कारोबार की दृष्टि से शुभ रहेगा। हालांकि प्रेम संबंध और दांपत्य संबंध में इस दौरान कुछेक समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।

10 of 13
धनु - फोटो : अमर उजाला
धनु

धनु राशि के जातकों को इस माह जीवन में प्रगति एवं लाभ प्राप्ति के नये अवसर प्राप्त होंगे। फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह को यदि इग्नोर कर दिया जाए तो पूरे माह आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों से भरपूर सुख और सहयोग प्राप्त होगा। यदि आप लंबे समय से आप पदोन्नति या फिर नौकरी में बदलाव के लिए प्रयासरत हैं तो आपकी यह कामना इस माह पूरी हो सकती है। आपको परिश्रम का पूरा फल प्राप्त होगा। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और प्रतिभा को सराहा जाएगा। व्यवसाय में आप बुद्धि और मेहनत के बल पर मनचाहा लाभ कमाएंगे।

माह के मध्य में आपका उत्साह और पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा। इस दौरान आपको भाग्य का अपेक्षित सहयोग प्राप्त होगा। किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से भूमि-भवन से जुड़े विवाद दूर होंगे। माह के उत्तरार्ध में आपकी रुचि धर्म, अध्यात्म और ज्योतिष विधा की तरफ बढ़ेगी। इस दौरान आपको तीर्थयात्रा का सौभाग्य या फिर किसी धर्मगुरु का सानिध्य प्राप्त हो सकता है। किसी धार्मिक-मांगलिक कार्यक्रम में भी भाग लेने के अवसर प्राप्त होंगे। माह के उत्तरार्ध का समय व्यवसाय की दृष्टि से उत्तम कहा जाएगा। बाजार में आई तेजी का लाभ उठाने में आप कामयाब रहेंगे। आपके संचित धन में वृद्धि होगी। परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा। जीवनसाथी के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।

उपाय: प्रतिदिन हनुमत उपासना एवं श्री हनुमान चालीसा का पाठ करें।

11 of 13
मकर - फोटो : अमर उजाला
मकर

मकर राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने की शुरुआत अच्छी कही जाएगी। इस दौरान आपके सोचे हुए कार्य समय पर होंगे। जिसके कारण आपका उत्साह एवं पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा। फरवरी महीने की शुरुआत में भाग्य का अपेक्षित सहयोग मिलने के कारण चीजें आपके पक्ष में रहेंगी। इस दौरान सेहत और संबंध दोनों अच्छे बने रहेंगे। महीने के पूर्वार्ध में परिवार में मांगलिक कार्यक्रम सम्पन्न हो सकते हैं। इस दौरान विवाह योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते आ सकते हैं। विपरीत लिंग के प्रति आपका आकर्षण बढ़ेगा। नौकरीपेशा लोगों की पदोन्नति के योग बनेंगे। इस दौरान किसी महत्त्वपूर्ण परियोजना से जुड़ाव संभव है। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों से नजदीकियां बढ़ेंगी। पूर्व में किए गए धन निवेश से लाभ प्राप्ति संभव है।

माह के मध्य में आपको व्यवसाय में मंदी का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान आपको मार्केट में अपनी साख को बनाए रखने के लिए कंपटीर्स के साथ कड़ा मुकाबला करना पड़ेगा। माह के उत्तरार्ध में आपको अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देना होगा। इस दौरान आपको पेट से संबंधित कष्ट होने की आशंका रहेगी। ऐसे में अपना खानपान और दिनचर्या सही रखें। रिश्ते-नाते की दृष्टि से फरवरी का महीना उतार-चढ़ाव लिए रहेगा। जीवनसाथी के साथ किसी बात को लेकर मतभेद बना रह सकता है। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में चालीसा का पाठ करें।

12 of 13
कुंभ - फोटो : अमर उजाला
कुंभ

कुंभ राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस माह आप अपने काम को योजनाबद्ध तरीके से करेंगे। आपको परिश्रम का पूरा फल प्राप्त होगा। माह के प्रारंभ में आपको कामकाज से जुड़ी दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन आप इस प्रतिकूल समय में भी आप अच्छा कार्य निष्पादन कर पाने में सफल होंगे। आपका उत्साह एवं पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा। आप अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़कर तमाम जिम्मेदारियों को निभाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्षेत्र में आपके काम की तारीफ होगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी पूरा महीना अत्यंत ही शुभ रहने वाला है।

इस माह आपके व्यावसायिक कौशल में विकास होगा और आप उसके माध्यम से कारोबार में खासा लाभ प्राप्त करने में कामयाब होंगे। यदि आप अपने कारोबार के विस्तार की योजना पर लंबे समय से काम कर रहे थे आपकी यह योजना फलीभूत होती नजर आएगी। इस माह आप किसी के साथ पार्टनरशिप में कोई नया काम प्रारंभ कर सकते है। इस निर्णय से आपको आर्थिक लाभ की प्राप्ति होगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से फरवरी का महीना आपके अनुकूल रहने वाला है। इस माह आपको स्वजनों से मनचाहा सुख और सहयोग मिलेगा। प्रेम संबंध में प्रगाढ़ता आएगी। एक दूसरे के प्रति विश्वास बढ़ेगा। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा एवं श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
मीन - फोटो : अमर उजाला
मीन

मीन राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना मिश्रित फलदायी कहा जाएगा। इस माह आपको अपने करियर और कारोबार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में आपको माह की शुरुआत से ही चीजों को योजनाबद्ध तरीके से करना होगा। माह के पहले सप्ताह में चीजें आपके अनुकूल रहेंगी और आप अपने काम को बेहतर तरीके से करते हुए मनचाही सफलता प्राप्त करेंगे लेकिन दूसरे सप्ताह से आपको छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने के लिए भी अधिक परिश्रम और प्रयास करने होंगे।

माह के मध्य में आपको कामकाज से जुड़ी कुछ एक समस्याओं से जूझना पड़ सकता है। इस दौरान आपके आलस्य और अभिमान से चीजें बनने की बजाय बिगड़ सकती हैं। मीन राशि के जातकों को माह के उत्तरार्ध में चीजों को टालने की बजाय समय पर करने का प्रयास करना होगा। इस दौरान आपको अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना होगा। किसी पुरानी बीमारी के दोबारा उभरने पर शारीरिक कष्ट की आशंका बनी रहेगी। वित्तीय दृष्टि से भी यह समय सावधानी की अपेक्षा कर रहा है। अचानक से कुछ एक बड़े खर्च आने से आपको आर्थिक दिक्कतों से जूझना पड़ सकता है। मीन राशि के जातकों को पारिवारिक मामलों में बहुत समझदारी के साथ निर्णय लेने होंगे। प्रेम संबंध में उतावलेपन से बचें। जीवनसाथी की भावनाओं की कद्र करें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा पीले पुष्प चढ़ाकर करें तथा नारायण कवच का पाठ करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें