फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

December Monthly Rashifal 2025: साल के आखिरी महीने में किसका होगा भाग्योदय, पढ़ें दिसंबर मासिक राशिफल

Mon, 01 Dec 2025 06:29 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

December Monthly Rashifal 2025:  पढ़ें सभी 12 राशियों के लिए दिसंबर 2025 का मासिक राशिफल। कैसा बीतेगा साल का आखिरी महीना ?
विज्ञापन
1 of 12
दिसंबर मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए साल का आखिरी महीना दिसंबर मिश्रित फलदायी रहने वाला है। माह की शुरुआत में आपको कुछेक कार्यों को लेकर मानसिक तनाव बना रह सकता है। इस दौरान आपको शत्रुओं और विरोधियों से नुकसान पहुंचने का भय बना रहेगा। मेष राशि के जातकों को दिसंबर महीने के पूर्वार्ध में कोई भी बड़ा निर्णय जल्दबाजी में लेने से बचना होगा। यदि आप नौकरी में बदलाव की सोच रहे हैं तो इस दौरान बहुत सोच-समझकर इस संबंध में फैसला लें। हालांकि इस दौरान स्थान परिवर्तन के आसार बन रहे हैं।

दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह में बेवजह की चीजों में धन का अपव्यय होने के कारण मन खिन्न रहेगा। इस दौरान आपके स्वजनों के साथ किसी बात को लेकर वाद-विवाद हो सकता है। यह समय प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाने का रहेगा अन्यथा बनती बात भी बिगड़ सकती है। माह के मध्य का समय आपको थोड़ी राहत देने वाला रहेगा। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से अपेक्षित सहयोग और समर्थन मिलेगा।

कार्यक्षेत्र में मिले टारगेट को आप समय से पूरा करने में कामयाब हो जाएंगे। यह समय कारोबार की दृष्टि से भी बेहद शुभ रहने वाला है। इस दौरान आपको मनचाहा लाभ होगा। आपकी आय के नये स्रोत बनेंगे। आत्मीय लोगों के साथ संवाद स्थापित होगा, जिससे गलतफहमियां और मनमुटाव दूर होगा। संतान पक्ष से सुखद समाचार मिलेगा। माह के उत्तरार्ध का समय एक बार फिर थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है लेकिन आप अपनी सूझबूझ और विवेक से परिस्थितियों के साथ तालमेल बिठाने में कामयाब हो जाएंगे।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री कृष्ण की पूजा करें तथा तुलसी की माला से उनके मंत्र 'श्री कृष्ण शरणं ममः' का जप करें।
विज्ञापन

2 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है, ऐसे में इस माह आपको प्रत्येक कार्य को बेहद सूझबूझ के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। इस माह आप उन लोगों से उचित दूरी बनाए रखें जो आपको गुमराह करने की आवश्यकता करते हैं। माह की शुरुआत में आपका मन न सिर्फ कामकाज से जुड़ी समस्याओं को लेकर बल्कि घरेलू समस्याओं को लेकर भी बहुत ज्यादा व्यथित रहेगा। इस दौरान आपके धनागम के स्रोत प्रभावित होंगे जिसके चलते आपको आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो इस दौरान कोई भी बड़ी डील या फिर धन का लेन-देन करते समय किसी पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। आपको यह बात अच्छे से समझनी होगी कि मुश्किल भरे समय में अक्सर बुद्धि भ्रमित होने कारण कई बार गलत निर्णय भी हो जाते हैं।

नौकरीपेशा वाले व्यक्तियों के लिए माह का पूर्वार्ध कठिनाई भरा रहने वाला है। इस दौरान आपको अपने काम में लापरवाही करने से बचते हुए प्रत्येक कार्य को अत्यधिक सावधानी से कार्य करना होगा। आपको पूरे महीने इस बात को गांठ बांधकर रख लेना होगा कि आपका आत्मविश्वास ही आपकी हर समस्या का समाधान है। जल्दबाजी में भूलकर भी कोई भी काम न करें। माह के मध्य का समय सेहत और संबंध दोनों की दृष्टि से प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान आपके लाइफ पार्टनर के साथ रिश्ते बिगड़ सकते हैं। परस्पर सुख-सहयोग बनाए रखने के लिए एक दूसरे की भावनाओं को समझना होगा। प्रेम संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए लव पार्टनर की जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने से बचें। माह के उत्तरार्ध में सेहत पर विशेष ध्यान दें।

उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाएं और प्रतिदिन पूजा में चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना शुभता और सौभाग्य लिए हुए है, लेकिन इस महीने आपको आलस्य और अभिमान दो चीजें ऐसी हैं, जिनसे बचना होगा अन्यथा आपको कम सफलता और कम लाभ में ही संतोष करना होगा। माह की शुरुआत में नौकरीपेशा लोगों को किसी अच्छी जगह से ऑफर आ सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी महत्ता बढ़ेगी। सीनियर आप पर मेहरबान रहते हुए आपको कोई बड़ा पद दे सकते हैं। इस माह आपके लिए धन-धान्य के साथ अचल संपत्ति की प्राप्ति का योग बन रहा है। यदि किसी भूमि-भवन या फिर पैतृक संपत्ति को लेकर कोई विवाद चल रहा था तो इस माह उसका समाधान दिसंबर महीने के पूर्वार्ध में निकल आएगा।

इस माह आपको भाई-बहनों का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। माह के दूसरे सप्ताह में करियर-कारोबार के सिलसिले में की गई यात्रा सफल और लाभप्रद साबित होगी, लेकिन इस दौरान आपको लोगों के साथ विनम्रता से पेश आना होगा। माह के उत्तरार्ध में आपकी अपने पार्टनर के साथ साझेदारी और मजबूत होगी। आपसी तालमेल को बेहतर बनाते हुए आप कोई बड़ी बिजनेस डील कर सकते हैं। माह का उत्तरार्ध खुशियों भरा रहने वाला है। इस दौरान इष्टमित्रों और परिवार के सदस्यों के साथ पिकनिक-पर्यटन आदि का प्रोग्राम बन सकता है। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। लव पार्टनर के साथ हंसी-खुशी पल बिताने के ढेर सारे अवसर प्राप्त होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। माह के उत्तरार्ध में विदेश यात्रा के योग भी बन सकते हैं।

उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा एवं श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

4 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस माह आपको अपने जीवन में होने वाले बड़े बदलाव के लिए मन से तैयार रहना होगा। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो आपके कामकाज या फिर जिम्मेदारी में बदलाव हो सकते हैं। अनचाही जगह पर तबादला भी संभव है। नौकरीपेशा लोगों को इस दौरान अत्यंत ही सावधानी के साथ अपने काम को करने की आवश्यकता रहेगी। आपकी एक गलती पर पूर्व में की गई मेहनत और प्रयास निरर्थक हो सकते हैं। कर्क राशि के जातकों को दिसंबर महीने में कोई कार्य करते समय जल्दबाजी से बचना होगा। वाहन भी सावधानी से चलाएं अन्यथा आर्थिक एवं शारीरिक पीड़ा झेलनी पड़ सकती है।

माह के दूसरे सप्ताह में व्यवसाय से जुड़े लोगों को मंदी का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान आपका आपका पैसा बाजार में फंस सकता है और आपकी आय के स्रोत प्रभावित हो सकते हैं। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो अपने साझेदार पर आंख मूंदकर विश्वास करने से बचें अन्यथा नुकसान झेलना पड़ सकता है। कर्क राशि के जातकों को इस माह करियर-कारोबार से जुड़ा कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पहले अपने शुभचिंतकों से जरूर सलाह लेनी चाहिए। कर्क राशि के जातक यदि परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं तो उन्हें मनचाही सफलता के लिए सामान्य से अधिक परिश्रम और पूरे मनोयोग के साथ अध्ययन की आवश्यकता रहेगी। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए कर्क राशि के जातकों को अहं भाव छोड़ना पड़ेगा। यदि आपका कोई अपना रूठा हो तो संबंध को सुधारने के लिए आपको स्वयं संवाद करते हुए पहल करना होगा।

उपाय: प्रतिदिन शिव भगवान की पूजा एवं शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए साल का आखिरी महीना दिसंबर अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद रहने वाला है। इस माह आपको करियर-कारोबार से लेकर घर-परिवार में हर चीजें मन मुताबिक होती नजर आएंगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं और कोई नया कारोबार प्रारंभ करना चाहते हैं या फिर कोई नया व्यावसायिक स्थल किराये पर लेने या फिर खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो आपकी यह कामना इस माह पूरी हो सकती है। दिसंबर का महीना पार्टनरशिप में व्यवसाय करने वालों के लिए बेहद शुभ और लाभप्रद रहने वाला है। साझेदार की तरफ से उत्तम सहयोग मिलने के कारण मन प्रसन्न रहेगा।

माह के पूर्वार्ध में कोई बड़ी कारोबारी डील होने के कारण आपकी बाजार में साख बढ़ेगी। इस दौरान व्यवसाय में लाभ से आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और आप किसी बड़े कर्ज के बोझ से मुक्त हो सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों के लिए भी दिसंबर का महीना अनुकूल रहने वाला है। इस माह आपकी परफॉर्मेंस से आपके सीनियर प्रसन्न रहेंगे। माह के मध्य में आपको कामकाज के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। इस दौरान विदेश यात्रा भी संभव है।

माह के उत्तरार्ध में परिवार के किसी सदस्य की बड़ी उपलब्धि से समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। नवंबर का महीना रिश्ते-नाते की दृष्टि से अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस माह सिंगल लोगों की लाइफ में मनचाहे व्यक्ति की एंट्री हो सकती है। इस माह आपका जीवनसाथी के साथ बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा। सिंह राशि को पिता की तरफ से विशेष सहयोग और स्नेह मिलेगा। यदि आप प्रेम संबंध में हैं तो इसमें आ रही अड़चन दूर होंगी और परिजन आपके प्रेम को स्वीकार करते हुए शादी के लिए इजाजत दे सकते हैं।

उपाय: प्रतिदिन भगवान सूर्य नारायण की पूजा एवं सूर्याष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना मिश्रित फलदायी कहा जाएगा। कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह तमाम तरह की चुनौतियों का सामना करने के लिए अपनी ऊर्जा, समय और धन का प्रबंधन करके चलना होगा। माह की शुरुआत में अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते हैं जिसके चलते आपका बना-बनाया बजट बिगड़ सकता है। इस दौरान परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की सेहत आपकी चिंता बन सकती है। माह का दूसरा सप्ताह थोड़ा राहत भरा रह सकता है। इस दौरान आपको करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी लेकिन फिर भी आपको अपने विरोधियों से सतर्क रहना होगा।

माह के मध्य में नौकरीपेशा लोगों के कामकाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान आपके सिर पर अचानक से कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ सकता है। यह समय घर और बाहर दोनों जगह लोगों के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर चलने का रहेगा अन्यथा आप अकेले पड़कर निराश और हताश हो सकते हैं। सेहत और संबंध दोनों को लेकर आपको माह के उत्तरार्ध में थोड़ा ज्यादा सतर्क रहना होगा। इस दौरान आपको भावना में बह कर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचना चाहिए।

प्रेम संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए अपने पार्टनर के साथ विवाद नहीं संवाद करें और अपनी मर्जी उस पर थोपने से बचें। माह के अंतिम सप्ताह में लंबी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा थकान भरी और उम्मीद से कम सफल और लाभप्रद होने के कारण मन में निराशा के भाव उत्पन्न हो सकते हैं। माह के आखिरी सप्ताह में कन्या राशि के जातकों का विपरीत लिंग की तरफ आकर्षण बढ़ सकता है। सिंगल लोगों के जीवन में मनचाहे व्यक्ति की एंट्री हो सकती है।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना थोड़ा भागदौड़ भरा रह सकता है। इस माह आपके सोचे हुए कार्य मनचाहे तरीके से पूरे तो होंगे लेकिन उसके लिए आपको परिश्रम और प्रयास थोड़ा ज्यादा करना पड़ सकता है। माह की शुरुआत में आपको कारोबार में लाभ तो होगा लेकिन उसके मुकाबले खर्च की अधिकता रहेगी। इस दौरान आप अपनी सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों या फिर भूमि-भवन आदि के क्रय-विक्रय अथवा उसके मेंटेनेंस में बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को जीवन में आगे बढ़ने के अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं।

कार्यक्षेत्र में आपको कोई बड़ा प्रोजेक्ट सौंपा जा सकता है। बड़ा पद या पोजीशन प्राप्त होने पर निश्चित तौर पर आपकी धाक बढ़ेगी लेकिन उसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ेंगी। सुखद पहलू यह है कि माह के पूर्वार्द्ध में आपको स्वजनों और विशेष तौर पर लाइफ पार्टनर या फिर लव पार्टनर की तरफ से पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा, जिससे आपके भीतर आत्मविश्वास बढ़ेगा और आप अपना बेहतर बेस्ट देने में अंतत: कामयाब रहेंगे। व्यवसाय की दृष्टि से माह के मध्य का समय थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है।

इस दौरान आपको भले ही थोड़ी दिक्कतों या मंदी का सामना करना पड़े लेकिन माह के पूर्वार्ध और उत्तरार्ध का समय आपके कारोबार के लिए अनुकूल रहने वाला है। माह के उत्तरार्ध में आप अपनी वाणी और व्यवहार की बदौलत बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान किसी प्रभावी व्यक्ति के साथ जुड़ाव होगा और भविष्य में उसके जरिए लाभ की योजना से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। माह के उत्तरार्ध में आपका मन धर्म-कर्म में ज्यादा रमेगा। किसी धार्मिक स्थल की यात्रा संभव है।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा एवं चालीसा का पाठ करें।

8 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए साल के उत्तरार्ध का थोड़ा समय इग्नोर कर दिया जाए तो पूरा महीना गुडलक लिए रहने वाला है। दिसंबर महीने में आपको करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। माह की शुरुआत से आपको कारोबार में मनचाहा लाभ मिलता हुआ नजर आएगा। व्यावसायिक क्षेत्र में उन्नति करने के योग बनेंगे। माह के दूसरे सप्ताह तक आप कोई बड़ी कारोबारी डील कर सकते हैं। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में मनमुताबिक सफलता मिलेगी। सीनियर आपके काम को सराहेंगे। नौकरी में पदोन्नति के योग बनेंगे। किसी अच्छे संस्थान से अच्छा ऑफर भी आ सकता है। आपके अधीनस्थ कर्मचारी आपको पूरा सम्मान और समर्थन देंगे। यदि आप लंबे समय से किसी मनचाही जगह पर तबादले के लिए प्रयासरत थे तो इस माह के अंत तक आपको आपके अनुकूल स्थानांतरण संभव है।

माह के मध्य में आपको भूमि-भवन के क्रय-विक्रय से लाभ की प्राप्ति संभव है। इस दौरान पारिवारिक विवाद आपसी बातचीत के जरिए सुलझेंगे। माता-पिता का विशेष स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होगा। यदि आप किसी प्रतियोगिता या फिर परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो आपका परिश्रम सफल साबित होगा। माह के मध्य में आपको इस संबंध में सुखद समाचार मिल सकता है। उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास सफल होंगे। बेरोजगार लोगों को रोजगार की प्राप्ति होगी। माह के अंतिम सप्ताह में वृश्चिक राशि के जातकों को अपने करियर और कारोबार में थोड़ी सावधानी बरतनी होगी। इस दौरान किसी योजना से जुड़ने से से पहले उसके नियम आदि के बारे में अच्छे से जान-समझ लें और किसी के बहकावे में आकर जोखिम भरे निवेश से बचें। प्रेम संबंध और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा-अर्चना करें तथा श्री सुंदरकांड का पाठ करें।

9 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए साल का आखिरी महीना शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। इस माह आपके द्वारा किए गए प्रयास और परिश्रम का पूरा फल आपको प्राप्त होगा। माह की शुरुआत में आपको आवश्यक कार्यों को निपटाने के लिए जरा ज्यादा भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान आपके सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के साथ संपर्क स्थापित होंगे। जिनकी मदद से आपके अटके कार्यों में गति आएगी। नौकरीपेशा लोगों के लिए माह का पूर्वार्ध अत्यंत ही शुभ साबित होगा। भाग्य का पूर्ण सहयोग मिलने के कारण आपको अपने सीनियर की तरफ से पूरा सहयोग समर्थन मिलता हुआ नजर आएगा। पदोन्नति के योग बनेंगे। इस दौरान आप अपनी सूझबूझ और व्यवहार से शत्रु को भी मित्र बना लेंगे। सभी के साथ बेहतर तालमेल बिठाते हुए आप अपने टारगेट को समय से पहले पूरा करने में कामयाब हो जाएंगे।

इस माह नौकरीपेशा लोगों की अतिरिक्त आय के स्रोत बनेंगे। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं और कोई नया कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो वह सफल हो सकती है। इस माह आपके निर्णय क्षमता श्रेष्ठ साबित होगी। आप जो भी निर्णय सूझबूझ से लेंगे उसमें आपको सफलता और लाभ की प्राप्ति होगी। छात्र वर्ग का मन पढ़ाई में रमेगा। अध्ययन में एकाग्रता बनी रहेगी और आप अपने कठिन परिश्रम और प्रयास की बदौलत मनचाही सफलता प्राप्त करेंगे। माह के अंतिम सप्ताह को यदि छोड़ दें तो पूरे महीने रिश्ते-नाते बेहतर बने रहेंगे। माह के अंत में आपको अपने जीवनसाथी की भावनाओं को समझने की आवश्यकता रहेगी। लव पार्टनर के साथ आपकी बेहतर बॉन्डिंग देखने को मिलेगी।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी की प्रतिदिन पूजा करें।

10 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए साल का आखिरी महीना मिलाजुला रहने वाला है। इस माह आपको किसी भी कार्य को बड़ी सूझबूझ के साथ और समय पर करने का प्रयास करना होगा अन्यथा बनता काम भी बिगड़ सकता है। दिसंबर महीने की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से अपेक्षित सहयोग समर्थन न मिल पाने के कारण आपका मन खिन्न रहेगा। इस दौरान कामकाज में आने वाली अड़चनों के चलते आपके भीतर क्रोध की अधिकता देखने को मिलेगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों को दिसंबर महीने के पूर्वार्ध में कारोबार में लाभ तो होगा लेकिन उसके मुकाबले खर्च की अधिकता बनी रहेगी। जिसके कारण उन्हें आर्थिक संतुलन बनाए रखने में दिक्कत आ सकती हैं।

इस माह मकर राशि के जातकों को आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लेने की जरूरत रहेगी। किसी भी योजना में जल्दबाजी में निवेश करने की भूल न करें, अन्यथा हानि उठानी पड़ सकती है। माह के मध्य बाजार में फंसा हुआ धन अप्रत्याशित रूप से निकल सकता है। माह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों का स्थानांतरण या फिर उनकी जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। इस दौरान आपको कार्यक्षेत्र में मिले हुए टारगेट को पूरा करने के लिए अतिरिक्त परिश्रम और प्रयास करने होंगे।

मकर राशि के जातकों को इस माह अपनी कमियां दूसरों के सामने उजागर करने से बचना चाहिए क्योंकि लोग मदद करने की बजाय उसका गलत फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। मकर राशि के लोगों को रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए छोटी-मोटी बातों को तूल न देते हुए सकारात्मक सोच बनाए रखना होगा। प्रेम संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए अपने लव पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में रुद्राष्टकं का पाठ करें।

11 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों को इस माह अपने सोचे हुए कार्य को समय से पूरा करने और मनचाही सफलता और लाभ को पाने के लिए कठिन परिश्रम और प्रयास करने होंगे। यदि आप अपने समय और ऊर्जा का सदुपयोग करते हुए सही दिशा में प्रयास और परिश्रम करते हैं तो आपको निश्चित ही सफलता प्राप्त होगी। माह के पूर्वार्द्ध का समय आपके पक्ष में रहने वाला है। इस दौरान आपको घर और बाहर दोनों जगह शुभचिंतकों की तरफ से सहयोग और समर्थन मिलेगा। यदि आप विदेश से जुड़े कारोबार या काम करते हैं तो आपको इस माह विशेष लाभ की प्राप्ति संभव है।

दिसंबर महीने के पूर्वार्ध में विदेश यात्रा अथवा लंबी दूरी की यात्रा के योग बन सकते हैं। यात्रा सुखद एवं नये संपर्कों को बढ़ाने वाली साबित होगी। माह के मध्य का समय आपके लिए अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस दौरान आपको भाग्य का भरपूर साथ मिलेगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में मनचाहा लाभ होगा। आर्थिक स्थिति मजबूत रहने से जमा संचित धन में वृद्धि होगी। यदि आप लंबे समय से भूमि या भवन के क्रय-विक्रय की योजना बना रहे तो आपका यह सपना इस माह सच हो सकता है।

माह के उत्तरार्ध में आपको धार्मिक-मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान आपका स्वजनों के साथ सुखद समय व्यतीत होगा। किसी प्रिय व्यक्ति के साथ पैदा हुई गलतफहमी संवाद के जरिए दूर होगी। प्रेम-प्रसंग की दृष्टि से पूरा महीना आपके लिए अनुकूल कहा जाएगा। कठिनाई भरे समय में आपका लव पार्टनर संबल बनेगा। जीवनसाथी के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा और आपसी समझ और आत्मीयता बढ़ेगी।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें तथा मंगलवार के दिन विशेष रूप से श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
विज्ञापन

12 of 12
मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना शुभता और सौभाग्य लिए रहने वाला है। माह की शुरुआत थोड़ी आपाधापी भरी और खर्चीली साबित हो सकती है। इस दौरान आप घर की साज-सज्जा अथवा सुख-सुविधा से जुड़े साधन को क्रय करने में बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। व्यवसाय में भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिलेगी। कारोबार में लाभ तो होगा लेकिन उसके मुकाबले व्यय की अधिकता रहेगी। दिसंबर के पूर्वार्ध में आप अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए बड़ी पूंजी खर्च कर सकते हैं। इस माह साझेदारी में कारोबार करने के लिए लाभ प्राप्ति के उत्तम योग बनेंगे। विशेष रूप से माह के मध्य में आपको पूर्व में किए गए निवेश से बड़ा लाभ मिलेगा। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे को लोगों को इस दौरान बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार की प्राप्ति संभव है।

इस दौरान आपको सहपाठियों से सुख-सहयोग प्राप्त होगा। साथी-संगी के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। यदि आप लंबे समय से रोजी-रोजगार के लिए प्रयासरत हैं तो आपको इस माह के अंत तक किसी शुभचिंतक की मदद से मनचाहा काम मिल सकता है। वहीं पहले से कार्यरत लोगों को माह के उत्तरार्ध में प्रमोशन की खुशखबरी मिल सकती है।

इस दौरान कार्यक्षेत्र में अधिकारी वर्ग आपके परिश्रम को सराहेंगे। आपके पद, वेतन और सम्मान में वृद्धि के योग बनेंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। माता-पिता और जीवनसाथी की तरफ से आपको पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। पति-पत्नी के बीच आपसी प्रेम और विश्वास बढ़ेगा। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी। माह के उत्तरार्ध में आपका मन धार्मिक कार्यों में रमेगा। इस दौरान आपको देव दर्शन और संत दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो सकता है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु का दर्शन एवं पूजन करके घर से निकलें तथा श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें