Budh Mangal Dashank Yog 2026: 14 अगस्त 2026 को बुध और मंगल के बीच दशांक योग बनने जा रहा है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार दोपहर 12 बजकर 37 मिनट पर दोनों ग्रह लगभग 36 डिग्री के कोण पर आ जाएंगे। वर्तमान निरयन गोचर में मंगल मिथुन राशि में 7 डिग्री से अधिक और बुध कर्क राशि में करीब 13 डिग्री पर स्थित हैं। बुध पुष्य नक्षत्र और मंगल आर्द्रा नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। खास बात यह है कि कर्क राशि में बुध के साथ उच्च अवस्था वाले गुरु भी मौजूद हैं, जिससे इस ग्रह संयोग का महत्व और बढ़ जाता है।
ज्योतिष में बुध को बुद्धि, तर्क, व्यापार, गणना, संवाद और निर्णय क्षमता का कारक माना जाता है। मंगल साहस, ऊर्जा, पराक्रम, तकनीकी दक्षता और काम को अंजाम तक पहुंचाने की क्षमता का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए इन दोनों ग्रहों का संबंध उन क्षेत्रों में फायदा दे सकता है, जहां सही रणनीति के साथ तुरंत कार्रवाई करना जरूरी होता है। हालांकि इसका प्रभाव सभी राशियों पर समान नहीं रहेगा। भाव स्वामित्व और गोचर स्थिति के आधार पर पांच राशियों को विशेष लाभ मिलने के संकेत हैं।