Basant Panchami 2025: माघ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर वसंत पंचमी का पर्व मनाया जाता है, इस साल 2 फरवरी 2025 को वसंत पंचमी मनाई जाएगी। मान्यता है कि इस दिन ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना करने से व्यक्ति की कला, बुद्धि और खुशियों में वृद्धि होती हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती का जन्म हुआ था, और इसी उपलक्ष्य में हर साल घर, मंदिर, धार्मिक स्थानों से लेकर शिक्षा से जुड़े सभी केंद्रों में सरस्वती पूजा का आयोजन किया जाता है।
कहते हैं कि इसी दिन से वसंत ऋतु की भी शुरुआत होती है। वहीं यह दिन छात्रों के लिए और भी खास है। कहा जाता है कि यदि वसंत पंचमी पर विधि-विधान से माता सरस्वती की उपासना की जाए, तो विद्यार्थियों की विद्या, बुद्धि, संगीत, रचनात्मकता और कला में वृद्धि होती हैं, इस दौरान कुछ उपाय करना और भी लाभकारी हो सकता है। ज्योतिषियों की मानें तो इस साल वसंत पंचमी पर उत्तराभाद्रपद नक्षत्र का निर्माण होगा, जिस पर शिव और सिद्ध योग का संयोग बन रहा है, ऐसे में राशि के अनुसार उपाय करने से साधक के भाग्य में वृद्धि और जीवन में सुख-समृद्धि का वास हो सकता है,आइए इन उपायों के बारे में जानते हैं।