फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चल पड़ा युवराज का बल्ला, RCB की जीत के बने नायक

विज्ञापन
विज्ञापन
ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ बेहद धीमी और खराब बल्लेबाजी के लिए आलोचनाओं का शिकार बने युवराज सिंह ने आईपीएल-7 के अपने पहले मैच में दिखा दिया की उनमें अभी काफी दमखम बाकी है।
विज्ञापन


14 करोड़ रुपए में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर टीम का हिस्सा बने युवी ने 29 गेंदों में तीन चौकों और पांच छक्कों के साथ 52 रन की नाबाद आतिशी पारी खेली और टीम को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ आगाज मैच में 20 गेंद शेष रहते आठ विकेट से आसान जीत दिलाई।

युवराज के अलावा कप्तान विराट कोहली ने भी 38 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए।

KP की जगह कार्तिक ने संभाली दिल्‍ली की कमान

अपनी नाबाद 49 रनों की पारी में कप्तान विराट कोहली ने दो चौके और तीन छक्के जड़े। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए सात ओवर में अविजित 56 रनों की साझेदारी की।

शारजाह में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज के विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल खराब फिटनेस के कारण बंगलोर टीम की प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे।

दूसरी ओर, दिल्ली के कप्तान केविन पीटरसन चोटिल होने के कारण नहीं खेले और विकेटकीपर-बल्‍लेबाज दिनेश कार्तिक ने टीम की कमान संभाली।

रॉस टेलर और डुमिनी ने संभाला दिल्‍ली को

इससे पहले दिल्ली ने रॉस टेलर और जेपी डुमिनी की शानदार बल्लेबाजी से शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद चार विकेट पर 145 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।

बंगलोर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 7.1 ओवर में सिर्फ 35 रन तक चार विकेट गंवा दिए।

12 करोड़ में दिल्ली टीम में शामिल हुए दिनेश कार्तिक पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। इस मुश्किल स्थिति में डुमिनी और टेलर ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 12.5 ओवर में 110 रन की नाबाद साझेदारी की। टेलर 39 गेंदों में चार चौकों के साथ 43 रन बनाकर जबकि डुमिनी 48 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 67 रन की धुआंधार पारी खेलकर नाबाद रहे।
विज्ञापन

पार्थिव पटेल ने भी खेली दिलकश पारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के ओपनर निक मैडिनसन दूसरे ओवर में ही चार रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने। लेकिन इसके बाद पार्थिव पटेल (37) ने कप्तान विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूती प्रदान की।

पटेल ने 28 गेंदों में 37 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और अपनी पारी में पांच चौकों के साथ एक छक्का लगाया। पटेल के जाने के बाद कोहली ने युवराज के साथ एक और अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिला दी।

आईपीएल 7 के अपने पहले मैच में दिल्‍ली ने एक भी स्‍थानीय खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें