इस देश में जब टीम जीतती है तो क्रिकेटरों की बड़ी प्रशंसा होती है, फैन्स अपने स्टार क्रिकेटरों के बारे में गलत सुनना पसंद नही करते।
वहीं जब टीम हारती है तो उन्हीं क्रिकेटरों के साथ अजीब सा व्यवहार होता है। ऐसा क्यों है। यह कहना है पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह का।
टी-ट्वंटी वर्ल्ड कप के फाइनल में श्रीलंका के हाथों हार के बाद रविवार को क्रिकेटर युवराज सिंह के मनीमाजरा स्थित घर पर प्रदर्शन और पथराव की घटना पर उनके पिता ने कहा कि यह कदम फैन्स ने भावना में बहकर उठाया है। हालांकि उन्होंने इसे गलत बताया।
हार जीत होती खेल का हिस्सा : दिनेश मोंगिया
युवी के साथ खेल चुके शहर के दिनेश मोंगिया ने कहा कि जो भी हुआ, गलत हुआ। हार जीत तो खेल का हिस्सा होती है। इस तरह का व्यवहार नही होना चाहिए क्योंकि ऐसे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं।
खिलाड़ी देश की शान होते हैं : हरीश शर्मा
क्रिकेट स्टेडियम 16 में ट्रेनिंग करने वाले युवराज सिंह के बारे में स्टेडियम के हेड कोच हरीश शर्मा के अनुसार यह वही युवी है जिसके ठीक होने की लाखाें लोगों ने दुआ की थी। इसी खिलाड़ी ने कई अहम मौकों पर देश को जीत दिलाई। जिस तरीके से युवी के घर के बाहर हुआ, वह बिलकुल गलत है।