फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक दिन में मिले दो मौके, और दोनों ही गंवा दिए

Fri, 04 Apr 2014 03:21 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
क्रिकेट में ऐसा कभी-कभार ही होता है कि किसी टीम को अपने प्रशंसकों को खुश करने के लिए एक दिन में दो-दो मौके मिले लेकिन वेस्ट इंडीज के साथ ऐसा ही था पर उसने सभी को निराश कर दिया।
विज्ञापन


टी-20 वर्ल्ड चैंपियन वेस्ट इंडीज के लिए गुरुवार के दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार था लेकिन जब वे मैदान पर उतरे तो प्रशंसकों को दोहरा झटका लगा। पहले तो बल्लेबाजी ने उसे दगा दे दिया फिर मूसलाधार बारिश ने कैरेबियाई टीम के ख्वाबों पर पानी फेर दिया।

लंबे समय बाद विंडीज टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहद शानदार प्रदर्शन कर रही थी। एक मैच जीतकर उसे फाइनल में पहुंचने का मौका था तो दूसरे में सेमीफाइनल में पहुंचने का। लेकिन दोनों में ही उसे निराशा हाथ लगी।
विज्ञापन

तीनों क्षेत्रों में किया लाजवाब प्रदर्शन

शानदार बल्लेबाजी, बेहतरीन फी‌ल्डिंग और सधी हुई गेंदबाजी, तीनों ही क्षेत्रों में नायाब प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका ने कैरिबियाई तूफान को 27 रन से थामते हुए ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बनाई।

डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर मिली इस जीत से श्रीलंका ने गत चैंपियन वेस्टइंडीज से 2012 के फाइनल में मिली हार का बदला भी चुकता किया।

अब फाइनल में श्रीलंकाई टीम की भिड़ंत शुक्रवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगी।

डकवर्थ-लुइस ने रोक दिया विंडीज का रास्‍ता

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने छह विकेट पर 160 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में वेस्टइंडीज का स्कोर जब 13.5 ओवर में चार विकेट पर 80 रन था तब तेज बारिश आ जाने से मैच रोक देना पड़ा।

बारिश के कारण मैदान तालाब में तब्दील हो गया और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। इस समय तक विंडीज टीम डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर 27 रन पीछे थी। नतीजतन विंडीज टीम को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता देखने पड़ा।

हालांकि 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विंडीज टीम ने पहले ही ओवर में 17 रन बना लिए थे।

फिर नाकाम साबित हुए क्रिस गेल

लेकिन इसके बाद ओपनर क्रिस गेल और ड्वेन स्मिथ के बल्ले को जैसे सांप सूंघ गया। खासतौर पर गेल ने सबसे ज्यादा निराश किया और 13 गेंद में तीन रन बनाकर बोल्ड हो गए। स्मिथ 17 और लिंडसे सिमंस आठ गेंदों में सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए। वेस्टइंडीज का स्कोर 7.1 ओवर में तीन विकेट पर 34 रन हो गया।

ड्वेन ब्रावो ने 19 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के के साथ 30 रन बनाकर टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। टीम को जब आखिरी ओवरों में कप्तान डेरेन सैमी और मार्लोन सैमुअल्स से तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद थी तब बारिश ने विंडीज टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

श्रीलंका की ओर से पेसर लसिथ मलिंगा ने दो विकेट चटकाए।

श्रीलंका को मिली थी बेहद शानदार शुरुआत

इससे पहले ओपनर कौशल परेरा और तिलकरत्ने दिलशान ने पहले विकेट के लिए चार ओवर में 41 रन छोड़कर टीम को तेज शुरुआत दी। परेरा 12 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों के साथ 26 रन बनाए।

दिलशान ने 39 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के साथ 39 रन जबकि थिरिमाने 35 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

आखिरी में एंजेलो मैथ्यूज ने सिर्फ 23 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ आतिशी 40 रन बनाए। मैथ्यूज ने छठवें विकेट के लिए सेकूगे प्रसन्ना के साथ तीन ओवरों में 39 रन की जबरदस्त साझेदारी निभाई।
विज्ञापन

यहां, बल्‍लेबाजी की दगाबाजी से हारी विंडीज

दूसरी ओर, इसी दिन विंडीज की एक और टीम (महिला) के पास सफलता की कहानी लिखने का मौका था। लेकनि दो बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने एक रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को आठ रन से हराकर महिला ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है।

इस जीत से ऑस्ट्रेलिया ने लगातार तीसरी बार खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत शुक्रवार को इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

मीरपुर में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 140 रन का स्कोर बनाया। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम चार विकेट पर 132 रन ही बना सकी। विंडीज टीम को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 21 रन की दरकार थी और आठ विकेट शेष थे।

लेकिन कैरिबियाई टीम इन ओवरों में दो विकेट खोकर सिर्फ 12 रन ही बना सकी। विंडीज के लिए दिएंद्रा डोटिन ने 35 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के के साथ सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। ‘मैन ऑफ द मैच’ बनी ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर इरिन ओबोरनी ने चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट चटकाया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें