वेव वर्ल्ड कबड्डी लीग के मैच में शनिवार को वैंकूवर लायंस ने यो-यो टाइगर्स को 68-53 से पराजित किया। मोहाली हॉकी स्टेडियम में खेले गए कबड्डी लीग मुकाबले में शनिवार को यो-यो टाइगर्स व वैंकूवर लायंस की टीमें आमने-सामने थी। मुकाबले के पहले क्वार्टर में वैंकूवर लायंस की टीम हावी रही और यो-यो टाइगर्स पर 18-13 की बढ़त बनाई।
वैंकूवर की ओर से रेडर कुलजीत ने 4 अंक और सुच्चा सिंह ने 3 अंक प्राप्त किए, जबकि यो-यो टाइगर्स के रेडर गुरसेवक ने 4 अंक व रुपिंदर ने 3 अंक हासिल किया। दूसरे क्वार्टर में भी वैंकूवर लायंस की टीम हावी रही और स्कोर 38-23 पर पहुंच गया।
वैंकूवर लायंस की ओर से रेडर बलवान व सुखवीर ने 4-4 अंक बनाए। जबकि यो-यो टाइगर्स की तरफ से रेडर विकास 3 व गुरसेवक ने 2 अंक हासिल किए। तीसरे क्वार्टर में भी वैंकूवर लायंस ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
टीम से रेडर कुलजीत ने 4, नरेंद्र ने 2 व बलवान ने 5 अंक हासिल किए। यो-यो के रेडर विकास ने 3 व गुरसेवक ने 4 अंक हासिल किए। चौथे क्वार्टर में वैंकूवर लायंस ने यो-यो टाइगर्स को 68-53 से हराकर मुकाबला जीत लिया।