चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैक्कुलम ने अपने साथी बल्लेबाज वेस्टइंडीज के ड्वेन स्मिथ को समझदार और पावरफुल क्रिकेटर बताया है।
मैक्कुलम ने कहा, "हालांकि हमें अभी टूर्नामेंट में काफी लंबा सफर तय करना है लेकिन मैं निश्चित तौर पर ड्वेन स्मिथ के साथ अपनी जोड़ी का लुत्फ उठा रहा हूं। उनके साथ बल्लेबाजी करना अच्छा है क्योंकि वह काफी पावरफुल हैं और उनके पास बल्लेबाजी में कई विकल्प हैं। वह एक समझदार क्रिकेटर भी हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "टीम के लिए योगदान देना अच्छा है और व्यक्ति तौर पर मैं चेन्नई टीम के साथ अपने समय का लुत्फ उठा रहा हूं। हमारी टीम के लिए यह किस्मत की बात है कि हम दोनों ही गेंद को अलग-अलग क्षेत्रों में हिट करते हैं।"
टीम को फाइनल में देखने की है हसरत
कोलकाता नाइटराइडर्स के गेंदबाजी कोच और पूर्व पाकिस्तानी कप्तान वसीम अकरम ने अपनी टीम पर भरोसा जताते हुए कहा की केकेआर टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बनाएगी।
अकरम ने कहा, "हमारी टीम में यूसुफ पठान, साकिब अल हसन, रॉबिन उथप्पा और आंद्रे रसेल जैसे खिलाड़ी हैं। ये सभी टीम खिलाड़ी हैं और इस खेल को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो एक-दूसरे का उस स्थिति में भी साथ दें जब चीजें खराब हो।"
उन्होंने कहा, "यह एक लंबा टूर्नामेंट है और आप कई मैच हारेंगे और ऐसा होगा। मैं फिर भी यह कहूंगा की मैं केकेआर को अंतिम चार में देख सकते हैं। मैं केकेआर को फाइनल में भी देखना चाहता हूं क्योंकि यह एक अच्छी टीम है।"
उमेश के टीम इंडिया में नहीं होने से हैरानी
वसीम अकरम आईपीएल में 2010-12 तक के संस्करणों में कोलकाता नाइटराइडर्स टीम से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि तब उनका काम गेंदबाजों से बात करते रहना होता था। साथ ही कप्तान से बात कर स्ट्रैटजी तैयार करने के अलावा बल्लेबाजों में आत्मविश्वास बनाए रखना होता था।
उन्होंने कहा, "हमारे पास मोर्ने मोर्कल और पैट कमिंस जैसे विदेशी गेंदबाज हैं। साथ ही वीर प्रताप सिंह और विनय कुमार और उमेश यादव भी है।"
अकरम ने उमेश यादव की तारीफ करते हुए कहा, "उनमें क्षमता है। उनके पास स्पीड भी है। लेकिन मुझे नहीं समझ में नहीं आता कि वह भारत के लिए क्यों नहीं खेलते हैं। यह मेरे लिए समझ से परे है।"