35वें राष्ट्रीय खेलों में वालीबाल खिलाड़ियों की जिद के कारण उत्तराखंड को शर्मसार होना पड़ा है। वॉलीबाल प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर नहीं उतरने से टीम को प्रतियोगिता से निष्कासित कर दिया गया है।
कोजीकोड़े में सोमवार को राष्ट्रीय खेलों में वालीबाल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। उत्तराखंड का पहला मैच राजस्थान से था।
स्टेडियम में थे मौजूद
उत्तराखंड की टीम का पलड़ा भी भारी बताया जा रहा था। मगर आयोजन समिति के बार-बार बुलाने के बाद भी टीम स्टेडियम में होने के बावजूद मैदान पर नहीं उतरी। टीम की इस हरकत पर आयोजन समिति ने उसे टूर्नामेंट से निष्कासित कर दिया।
न खेलने उतरे न कारण बताया
टीम के मुख्य कोच आर कामराज ने बताया कि टीम में ओएनजीसी के 12 खिलाड़ी शामिल थे। टीम के पदक जीतने की संभावना थी, लेकिन टीम ने अचानक खेलने से मना कर दिया।
कई बार खिलाड़ियों से बात करने के बाद भी वे मैदान पर नहीं उतरे और न ही कारण बताया। खिलाड़ियों की इस हरकत को वॉलीबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने गंभीरता से लिया है।
फेडरेशन के अध्यक्ष अवधेश चौधरी ने कहा कि टीम की इस हरकत पर पहला निर्णय आयोजन समिति लेगी। जिसके बाद फेडरेशन को पत्र आएगा और फिर फेडरेशन कार्रवाई करेगी।