शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय वॉलीबाल चैंपियनशिप में देहरादून ने अंकों के आधार पर ओवरऑल खिताब पर कब्जा किया है। स्पोर्ट्स कॉलेज ने बालकों के तीनों वर्ग के मुकाबले जीते, बालिका में दो फाइनल देहरादून और एक चमोली के नाम रहा।
बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज का दबदबा
देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में शनिवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। बालक वर्ग के अंडर-19 में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज ने मेजबान देहरादून को 25-21, 25-16, अंडर-17 में स्पोर्ट्स कॉलेज ने देहरादून को 25-10, 25-10 और अंडर-14 वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज ने देहरादून को 25-15, 25-10 से हराकर तीनों खिताब पर कब्जा किया।
चमोली के नाम रहा एक खिताब
बालिका वर्ग के अंडर-19 में देहरादून ने अल्मोड़ा को 25-23, 25-22, अंडर-17 वर्ग में चमोली ने देहरादून को 20-25, 25-20, 25-20 और अंडर-14 वर्ग में देहरादून ने टिहरी को 25-10, 25-12 से हराकर फाइनल अपने नाम कर लिए।
समापन समारोह में शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डा. महावीर बिष्ट ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
इस दौरान जिला खेल अधिकारी सतीश सार्की, मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी खाली, महावीर चौहान, रवींद्र रावत, चंद्रकिशोर नौटियाल, ब्रजेश नेगी, निशा खत्री राणा, एसएस लिंगवाल, संजय गैरोला आदि रहे।