आंखों पर चश्मा, हाथ में ताबड़तोड़ अंदाज में बोलता बल्ला और गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने के बाद चेहरे पर वही भोली सी मुस्कान।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 16 अप्रैल से शुरू हो रहे सातवें संस्करण में धूम मचाने के लिए दिल्ली के दबंग वीरेंद्र सहवाग पूरी तरह से तैयार हैं।
'मुल्तान के सुल्तान' ने ईश्वर द्वारा तोहफे में दिया गया आंखों और हाथों का तालमेल एक बार फिर पा लिया है। यकीन नहीं आता, तो ये आंकड़े देखिए। मेरिलबोर्न क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के कप्तान के तौर पर 97 गेंदों में 18 चौकों और 1 छक्के की मदद से 109 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।
पंजाब के लिए खेलने को उत्सुक हैं वीरू
वीरेंद्र सहवाग के बल्ले की धार सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट में तो और भी तेज हो गई। टूर्नामेंट में उन्होंने 4 मैचों में कुल 180 रन बनाए।
इसमें जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 18 गेंद पर 22 रन, हिमाचल के खिलाफ 32 गेंद पर 42 रन, पंजाब के खिलाफ 35 गेंद पर 67 रन और हरियाणा के खिलाफ 50 गेंद पर 49 रन की पारी शामिल है।
मतलब साफ है कि सहवाग अब बीती विफलताओं को पीछे छोड़ चुके हैं और अब उनका सारा ध्यान आईपीएल-7 में अपनी नई टीम किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से धमाकेदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में वापसी पर है। प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि मध्यक्रम में किस्मत आजमाने के बाद वीरू अब ओपनिंग ही करेंगे, जिस पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी के मायने ही बदलकर रख दिए।
दो बड़े मुकाम हासिल करने की ओर सुरेश रैना
भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना आईपीएल के सातवें संस्करण में मैचों का शतक पूरा करने और तीन हजार रनों का आंकड़ा पार करने के करीब है।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी रैना ने अभी तक आईपीएल में सर्वाधिक 99वें मैच खेले हैं। रैना के 99 मैचों में 35.02 की शानदार औसत और 141.37 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ कुल 2802 रन हैं। वह आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले और सर्वाधिक मैच खेलने वाले बल्लेबाज हैं।
रैना आईपीएल में एक शतक और 18 अर्द्धशतक बना चुके हैं जबकि उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 100 रन हैं। गत चैंपियन मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने 97 मैचों में 32.63 के औसत और 129.66 के स्ट्राइक रेट से 2513 रन बनाए हैं। उनके नाम भी रैना की तरह एक शतक और 18 अर्द्धशतक हैं।
आईपीएल से होगा फायदा : रसूल
जम्मू एंड कश्मीर रणजी टीम के कप्तान और आईपीएल-7 में सनराइजर्स हैदराबाद टीम से जुड़े आलराउंडर परवेज रसूल ने कहा कि वह दूसरी बार इस ट्वंटी-20 में खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
रसूल ने कहा कि हैदराबाद टीम में स्टार खिलाड़ियों के होने से उन्हें एक क्रिकेटर के तौर पर विकसित होने में काफी मदद मिलेगी।
रसूल ने कहा, "आईपीएल एक उभरते हुए क्रिकेटर के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बढ़िया मंच है। हैदराबाद टीम में कई नेशनल और इंटरनेशनल स्टार खिलाड़ी हैं जिससे निश्चित तौर पर मुझे एक खिलाड़ी के तौर पर खुद को विकसित होने में मदद मिलेगी। मैं उनके साथ बिताए पलों का पूरा फायदा उठाऊंगा।"