विराट कोहली ने वनडे रैंकिंग में दूसरे पायदान पर रहकर साल का अंत किया है।
आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में भारतीय टीम के उपकप्तान विराट कोहली दूसरे नंबर पर बरकरार हैं। कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के बाद अपना शीर्ष पायदान गंवाया था।
कोहली लंबे समय तक नंबर वन बने रहे लेकिन अफ्रीकी टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए जबकि डीविलियर्स ने बड़ी पारी खेलकर नंबर वन गए।
कप्तान धोनी छठे पायदान पर बरकरार
विराट कोहली के कुल 859 रेटिंग अंक हैं और वह शीर्ष पर कायम दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स (872) से कुछ ही अंक पीछे हैं।
शनिवार को जारी वनडे रैंकिंग में टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी छठें स्थान जबकि ओपनर शिखर धवन ने अपना 10वां स्थान बरकरार रखा है।
दक्षिण अफ्रीका के ही बल्लेबाज हाशिम अमला 840 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर हैं।
गेंदबाजी में जडेजा नंबर वन भारतीय गेंदबाज
गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय आलराउंडर रविंद्र जडेजा छठवें स्थान पर हैं। पाकिस्तानी स्पिनर सईद अजमल टॉप पर बने हुए हैं।
दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन दूसरे और वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नारायन तीसरे स्थान पर स्थित हैं।
वनडे में पहले पायदान पर बनी रही टीम इंडिया
टीम रैंकिंग में टीम इंडिया 120 रेटिंग अंकों के साथ नंबर वन टीम बनी हुई है। ऑस्ट्रेलिया 114 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे जबकि इंग्लैंड 111 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे स्थान पर स्थित हैं।
दक्षिण अफ्रीकी टीम इंग्लैंड से सिर्फ एक रेटिंग अंक पीछे चौथे स्थान पर है।