57वीं इंटरसर्विस वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शुक्रवार को एयर फोर्स के विकास ठाकुर और वीरेंद्र सिंह ने रिकॉर्ड बनाए।
विकास ठाकुर ने 85 किलोग्राम भार वर्ग में 147 किलो वेट उठाकर कीर्तिमान बनाया। वहीं 94 किलोग्राम भार वर्ग में एयर फोर्स के वीरेंद्र सिंह ने 149 किलो वेट उठाया। इससे पहले इसी वर्ग में गुरमेल सिंह ने 147 किलोग्राम का वेट उठाया था, लेकिन कुछ ही देर बाद यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सिंह ने तोड़ दिया।
चैंपियनशिप में शुक्रवार को तीसरे दिन अलग-अलग कैटेगिरी में प्रतियोगिताएं हुईं। 85 किलो भार वर्ग में पहले नंबर पर इंडियन एयर फोर्स के विकास ठाकुर, दूसरे स्थान पर इंडियन एयर फोर्स के हरप्रीत सिंह व तीसरे नंबर पर इंडियन नेवी के सुधीर कुमार रहे।
94 किलोग्राम की कैटेगिरी में इंडियन एयर फोर्स के वीरेंद्र सिंह प्रथम, दूसरे स्थान पर इंडियन एयर फोर्स के गुरमेल सिंह व तीसरे स्थान पर आर्मी रेड के जमीन हुसैन रहे।