उत्तराखंड से बाहर बसे लगभग 10 लाख प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनों से जोड़े रखने के लिए मायानगरी मुंबई में उत्तराखंड प्रीमियर क्रिकेट लीग खेली जा रही है।
अपनी संस्कृति और बोली भाषा से छिटक रहे युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के उद्देश्य से कौथिग फाउंडेशन ने यह शुरुआत की है।
तीन साल पहले शुरू हुई इस लीग में इस बार 24 टीमें भाग ले रही हैं।
आयोजकों ने लीग को देवभूमि से जोड़ने के लिए टीमों के नाम चार धामों से लेकर राज्य के प्रसिद्ध स्थलों और वनस्पति पर रखे हैं। सात दिसंबर तक चलने वाले तीसरे सीजन का उद्घाटन प्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे ने किया है।
हर टीम में सिर्फ उत्तराखंडी युवा
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मीर रंजन नेगी भी लीग के साथ जुड़े हैं ताकि लोगों का उत्साह बढ़े।
मुंबई के पोयसर जिमखाना (कांदिवली) और नवी मुंबई में राजीव गांधी स्टेडियम (बेलापुर) में लीग की टीमें मैच खेलेंगी। प्रथम और द्वितीय सीजन में नाक आउट फॉर्मेट था। इस बार अधिक टीमें होने से लीग फॉर्मेट रखा गया है।
प्रत्येक टीम में सिर्फ उत्तराखंडी युवाओं को ही खिलाया जा रहा है। पहले सीजन वर्ष 2012 में 16 टीमों ने लीग में भाग लिया था जिसमें अगले वर्ष 24 टीमों के फार्मेट में बदल दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मीर रंजन नेगी के अलावा लीग को ट्राइडेंट लॉजिस्टिक और अनमोल प्रोडक्शन का सहयोग मिला है। अभिनेता हेमंत पांडे लीग के प्रमोशन में अहम भूमिका में रहे हैं।
बड़ी कंपनियां और नाम जुड़े लीग से
कौथिग फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. योगेश्वर शर्मा ने बताया कि लीग का आयोजन प्रदेश से बाहर रहने वाले युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़े रखने की एक कोशिश है। आयोजन में उद्योगपति माधवानंद भट्ट, मोहन काला, सुरेश राणा और हीरा सिंह भाकुनी भी जुड़े हैं।
प्रतियोगिता में शामिल 24 टीमें
लीग में शामिल टीमों में यमुनोत्री रॉक क्लब, देवभूमि बदरी-केदार, केदारेश्वर घनसाली, लटेश्वर इलेवन, पिथौरागढ़ टाइगर्स, पिथौरागढ़ पैंथर्स, उत्तराखंड यूनाइटेड, पहाड़ी नाइट राइडर्स, हरीश कैटरर्स, हिमालय इलेवन, टिहरी टाइगर्स, सैटर्न ब्वॉयज, गढ़वाल यूथ क्लब, गढ़वाल राजपूत, हमदम पहाड़ी, उत्तरांचल समाज चारकोप-गोराई, बुरांश इलेवन, बुरांश, खाटली गढ़वाल, यूके ब्वॉयज, वीआर उत्तराखंडी ब्वॉयज, काफल इलेवन, उत्तराखंड गोल्डन स्टार और उत्तराखंड लायंस हैं।