उत्तराखंड पुलिस के जवान अमित क्षेत्री ने फेयर फैक्स वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स में अपनी ताकत का जलवा दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और राज्य का नाम ऊंचा किया है।
अमित क्षेत्री की सफलता पर पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू ने 20 हजार रुपए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। अमेरिका के वर्जीनिया में 25 जून से शुरू हुए वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स में उत्तराखंड के खिलाड़ियों अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है।
बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में अमित क्षेत्री ने 100 किलोग्राम भार वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर अपना दम दिखाया है। टीम के साथ गए कोच मुकेश पाल ने यह जानकारी दी है। बता दें कि हरिद्वार जिले में तैनात अमित क्षेत्री भी 2006 में पुलिस में भर्ती हुए और पहली बार वर्ल्ड पुलिस गेम्स के लिए चुने गए हैं।
इससे पहले अमित ने 2007 में मिस्टर इंडिया फेडरेशन कप में स्वर्ण, 2012 ओपन सीनियर मिस्टर इंडिया में रजत, 2013 में 13वें फेडरेशन कप नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण, 2013 और 2015 ओपन सीनियर मिस्टर इंडिया में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
अमित क्षेत्री की सफलता पर पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू ने नगद पुरस्कार देने के साथ ही उत्तराखंड शासन को 5 लाख रुपए पुरस्कार दिए जाने की संस्तुति भेजने की घोषणा की है।