गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘ए’ मुकाबले में मध्यप्रदेश को चार विकेट से हरा दिया। 180 रन के लक्ष्य को यूपी की टीम ने मैच के अंतिम दिन दूसरे सत्र में ही हासिल कर लिया। सुबह चार विकेट पर 82 रन से आगे खेलने उतरी यूपी के लिए नाइटवाचमैन अमित मिश्रा ने 26 रन की शानदार पारी खेली और परविंदर सिंह (41) रन के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 रन की अहम साझेदारी भी निभाई। एकलव्य द्विवेदी ने नाबाद 16 और कप्तान पीयूष चावला ने नाबाद 24 रन की पारी खेल टीम को आसानी से लक्ष्य के पार पहुंचाया। दूसरी पारी में मध्यप्रदेश के छह विकेट लेने वाले अमित मिश्रा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मध्यप्रदेश की ओर से पुनीत दात्तेय ने चार विकेट लिए।
ड्रॉ मैच से पंजाब को तीन अंक
नागपुर। पंजाब और विदर्भ के खिलाफ खेला गया मैच ड्रॉ समाप्त हुआ। पहली पारी में मिली 37 रन की अहम बढ़त के आधार पर पंजाब तीन अंक हासिल करने में सफल रहा। विदर्भ को जीत के लिए 293 रन का लक्ष्य मिला था लेकिन मैच के आखिरी दिन वह तीन विकेट पर 143 रन तक ही पहुंच सका। पंजाब ने गीतांश खेड़ा के 100 रन की मदद से दूसरी पारी में 255 रन का स्कोर खड़ा किया था। विदर्भ की ओर से दूसरी पारी में एस बद्रीनाथन ने सर्वाधिक 49 रन बनाए।
हरियाणा ने महाराष्ट्र को हराया
रोहतक। मीडियम पेसर मोहित शर्मा (5 विकेट) और आशीष हुड्डा ने आपस में नौ विकेट लेकर हरियाणा को महाराष्ट्र पर 53 रन की शानदार जीत दिला दी। 208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र देश के लिए 11 वनडे खेल चुके मोहित और आशीष के आगे 154 रन पर ही ढेर हो गई। इस जीत के बाद हरियाणा को छह अंक मिले। आशीष ने सुबह ओपनर चिराग खुरान और संग्राम अतीतकर को चलता किया। राहुल त्रिपाठी ही कुछ हिम्मत दिखा सके और 39 रन बनाए।