राजधानी दून में द्वितीय अंडर-19 ब्वायज चैलेंज कप ऑल इंडिया फुटबाल के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत हासिल कर दून फुटबाल एकेडमी (डीएफए), गोल्डन बूट सॉकर एकेडमी, जोहार क्लब मुनस्यारी और यूथ फुटबाल क्लब हलद्वानी ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।
शुक्रवार को जोगीवाला स्थित मार्शल स्कूल फुटबाल मैदान पर पहला मुकाबला डीएफए और गायत्री विद्यापीठ, हरिद्वार के बीच हुआ।
डीएफए शुरुआत से हावी रहा और 5-0 के अंतर से एकतरफा जीत हासिल की। जतिन ने मैच के दूसरे मिनट में ही टीम के लिए पहला गोल किया। पंकज ने 23वें और 40वें, जबकि नीरज ने 50वें और 55वें मिनट में दो-दो गोल किए।
दूसरा मैच स्पोर्ट्स कालेज और गोल्डन बूट सॉकर एकेडमी, गाजियाबाद के बीच हुआ। टाई ब्रेकर में गोल्डन बूट की ओर से पंकज, उमेश, सुमित व शिखर ने एक-एक गोल दागे। जबकि स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर से कौशिक व मोहित ही गोल कर पाए।
तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में यूथ फुटबाल एकेडमी हल्द्वानी ने डीएवी पब्लिक स्कूल को 6-0 के अंतर से मात दी। अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला जोहार क्लब मुनस्यारी और दून वैली पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। मुनस्यारी की ओर से कैलाश ने दूसरे ही मिनट में पहला गोल दागा।
पहले हाफ के 23वें मिनट में ही दून वैली पब्लिक स्कूल के रोशन ने गोल कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद मुनस्यारी के नितेश ने दो गोल कर जीत टीम की झोली में डाली।
(नोटः इस खबर से संबंधित किसी भी सुझाव या सवाल के लिए मेल आईडी-anshulk@ddn.amarujala.com और इस नंबर- 8392946708 पर संपर्क कर सकते हैं।)