अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में चंडीगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन (सीसीए) ने एपीजे खरड़ की टीम को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेटों से हरा दिया। इसके साथ ही सीसीए फाइनल में पहुंच गई है। टूर्नामेंट रोपड़ क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
दोनों टीमों के बीच शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। मैच में टॉस जीतकर एपीजे खरड़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। विरोधी टीम की सटीक गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 70 के स्कोर पर सिमट गई।
आयुष्मान ने सबसे अधिक 15 रन बनाए। गेंदबाजी में योगश अग्रवाल ने 11 रन देकर 3 विकेट, चिरणप्रीत ने 10 रन देकर 3 विकेट, जगदीप ने 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
उधर, रनों का पीछा करने उतरी सीसीए की टीम के सलामी जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बिना विकेट खोए 8 ओवर में 71 रन बनाकर मैच जीत लिया। योगेश ने 28 और अनु 16 रन बनाए।