तवलीन सिंह के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत डीएवी-8 चंडीगढ़ ने अंडर-16 कोका कोला कप टूर्नामेंट जीत लिया। शुक्रवार को पीसीए स्टेडियम मोहाली में खेले गए फाइनल मुकाबले में उसने अमृतसर को हराया।
शुक्रवार को डीएवी-8 चंडीगढ़ और डीएवी अमृतसर के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर डीएवी अमृतसर ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम ने 46.3 ओवर में 151 रन बनाए।
सुमित शर्मा और अर्जुन ने 37-37 रन बनाए। चंडीगढ़ की ओर से तवलीन ने 11 रन देकर तीन विकेट और सार्थक ने 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए डीएवी-8 चंडीगढ़ की टीम ने 45.2 ओवर में सात विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। तवलीन सिंह ने 41 रन और जगदीप कुमार ने 28 रन बनाए।
डीएवी अमृतसर की ओर से अर्जुन ने 16 रन देकर दो विकेट और राहुल कुमार ने 20 रन देकर दो विकेट चटकाए।
आलराउंडर प्रदर्शन के लिए चंडीगढ़ के तवलीन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा तवलीन को ही टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन पर बेस्ट आलराउंडर का खिताब भी मिला।