अगले हफ्ते से इंडियन प्रीमियर लीग का सातवां संस्करण शुरू होने जा रहा है और सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम अंजाम देने में व्यस्त हैं।
लेकिन भारतीय क्रिकेट जगत का एक उभरता सितारा जो आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन के लिए अभ्यास में जुटा हुआ था उसके घर पर चोरों ने धावा बोल दिया और घर से उसकी कई ट्रॉफियों पर हाथ साफ कर गए।
बड़ी बात यह है कि इस बार आईपीएल दो चरणों में खेला जाएगा। पहला चरण भारत के बजाए यूएई में 16 अप्रैल से खेला जाएगा।
चोरों ने की ताला लगे घर में सेंधमारी
जिस उभरते क्रिकेट सितारे के घर चोरी हुआ उसका नाम है संजू सैमसन। सैमसन भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम के उपकप्तान हैं। साथ ही आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की टीम के साथ खेलते हैं।
पुलिस के अनुसार, सैमसन के घर से कुछ ट्रॉफियां और सूवनिर्स (स्मारिका) चोरी हो गए हैं। स्थानीय पुलिस ने बताया कि त्रिवेंद्रम के पास विजिनजाम में सैमसन के पिता के घर पर ताला लगा हुआ था जहां बीती रात चोरों ने सेंधमारी कर सामान चोरी कर ले गए।
घर के सदस्यों ने बताया कि चोरी गए सामानों में सैमसन की कुछ ट्रॉफियां हैं जिसमें अंडर-19 क्रिकेट के दौरान की ट्रॉफी भी है। केरल के त्रिवेंद्रम शहर के रहने वाले सैमसन आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज होने के अलावा इस साल आईपीएल की नीलामी में 4 करोड़ में बिके थे। वह आईपीएल में सबसे कम उम्र में करोड़पति बनने वाले क्रिकेटर भी हैं।
घर के मेन हॉल में रखी गई थी ट्रॉफियां
राहुल द्रविड़ को अपना आदर्श मानने वाले सैमसन के माता-पिता इस समय एक दूसरे घर में रह रहे हैं जबकि सैमसन आईपीएल में अभ्यास के कारण राज्य से बाहर है। सैमसन एक बेहतरीन बल्लेबाज होने के साथ-साथ विकेटकीपर भी हैं।
पुलिस ने बताया कि सैमसन की कुछ ट्रॉफियां और शील्ड्स घर के मेन हॉल में रखी हुई थी जिसे चोर कुछ अन्य सामान के साथ उठा ले गए। चोरों ने कुछ सामानों को नुकसान भी पहुंचाया है।
खबरों के अनुसार, क्रिकेटर के घर का पीछला हिस्सा टूटा हुआ था। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है कि चोरी के पीछे चोरों का मकसद शील्ड्स में लगे कॉपर और ब्रास निकालने का मकसद था।
कोलकाता की टीम से जुड़ा पाक का पूर्व क्रिकेटर
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और तेज गेंदबाज वसीम अकरम आईपीएल-7 की तैयारियों के लिए कोलकाता नाइटराइडर्स टीम के साथ दुबई में जुड़ गए हैं।
अकरम 2010 से कोलकाता नाइटराइडर्स टीम के साथ गेंदबाजी सलाहकार के तौर पर जुड़े हुए हैं।
महान गेंदबाज अकरम ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘केकेआर टीम के साथ पहले अभ्यास सत्र के बाद लड़के लय में और मानसिक तौर पर अच्छे दिख रहे हैं।’ केकेआर का पहला मुकाबला बुधवार को मुंबई इंडियंस से होगा।