अब उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ियों की रैंकिंग भी तैयार हो सकेगी। इसके लिए जल्द ही उत्तराखंड में स्टेट रैंकिंग टूर्नामेंट शुरू होने की कवायद होने लगी है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश के तीन-चार बड़े निजी टूर्नामेंटों को भी मान्यता मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद वे टूर्नामेंट एसोसिएशन के अंतर्गत संचालित किए जा सकेंगे।
कम्प्टीशन बढ़ाने की तैयारी
उत्तराखंड में बैडमिंटन खिलाड़ियों की अब तक रैंकिंग तय नहीं हो सकी है। इस कारण अक्सर प्रतियोगिताओं में टॉप खिलाड़ी को भी क्वालीफाइंग राउंड से खेलना पड़ता है। इससे प्रतियोगिता के आयोजन पर भी असर पड़ता है।
अब उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन ने प्रदेश में कंप्टीशन बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि उत्तराखंड में भी अब रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे। इसमें कुछ प्राइज मनी भी होगी।
काशीपुर में खुल रही बैडिमिंटन एकेडमी
स्टेट चैंपियनशिप के साथ ही राज्य स्तरीय रैंकिंग प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को बेहतर कम्प्टीशन मिलेगा। बताया कि काशीपुर में एक नई बैडमिंटन एकेडमी आ रही है, जो 9 कोर्ट का बैडमिंटन हॉल बना रही है। इस एकेडमी के खुलने के बाद प्रतियोगिता कराने में आसानी हो सकेगी।
निजी स्तर पर राज्य में हो रही जिला और स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिताओं को भी एसोसिएशन मान्यता देने की तैयारी कर रही है, ताकि खेल का स्तर बेहतर हो सके। इन प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों की रैंकिंग तैयार की जा सकेगी।