फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिसका नाम भूल गए कप्तान, उसी गेंदबाज ने दिलाई जीत

Tue, 01 Apr 2014 05:23 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
दो टीमों के लिए यह नॉकआउट जैसा मुकाबला था, लेकिन एक फिरकी गेंदबाज ने 3 रन पर 5 विकेट झटक लिए जिससे विपक्षी टीम का गणित ही गड़बड़ा गया। ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप में दो टीमें तो सेमीफाइनल में पहुंच चुकी थी और दो टीमों का चयन होना बाकी था।
विज्ञापन


लेकिन इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के नीदरलैंड के हाथों हार जाने के बाद ग्रुप-एक के अंतिम लीग मुकाबला पूरी तरह से नॉकआउट दौर जैसा हो गया।

श्रीलंका और न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला किसी भी सूरत में जीतना था, लेकिन एक फिरकी गेंदबाज ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से कीवी बल्लेबाजों को इस कदर उलझाया कि टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा।

टॉस के दौरान खिलाड़ी का नाम ही भूले कप्‍तान

नियमित कप्तान दिनेश चांडीमल पर लगे एक मैच के निलंबन के कारण लसित मलिंगा न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में श्रीलंका की कप्तानी संभाल रहे थे। लेकिन, टॉस के समय उन्हें याद नहीं था कि उन्होंने अंतिम एकादश में क्या परिवर्तन किए हैं।

श्रीलंकाई टीम में दो परिवर्तन किए गए थे और इनमें से एक परिवर्तन लेफ्ट आर्म स्पिनर रंगना हेराथ को शामिल करना था। हेरात ने इस मैच में घातक स्पिन गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए न केवल मलिंगा को कप्तानी के पदार्पण मैच में शर्मिंदगी से बचाया बल्कि अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

मैच के बाद मलिंगा ने हेराथ के लिए तारीफों के पुल बांधते हुए कहा, "रंगना अपने मौके का इंतजार कर रहे थे और उन्हें इस मैच में मौका मिला। उन्होंने साबित कर दिखाया कि वह श्रीलंका के लिए कितने बड़े मैच विजेता हैं।"

अद्भुत गेंदबाजीः 2 मेडन, 3 रन, 5 विकेट

ग्रुप-एक का यह आखिरी लीग मैच में दोनों टीमों के लिए 'करो या मरो' वाला था। टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और श्रीलंकाई टीम को 19.2 ओवर में सिर्फ 119 रन पर रोक दिया।

कम स्कोर पर सिमटने के बावजूद श्रीलंका ने हार नहीं मानी। इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेल रहे स्पिनर रंगना हेराथ श्रीलंकाई टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हुए।

हेराथ की फिरकी के जाल में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ऐसे फंसे की पूरी टीम 15.3 ओवर में 60 रन बनाकर ढेर हो गई। हेराथ ने 3.3 ओवर में 2 ओवर मेडन फेंक कर 3 रन दिए और 5 विकेट चटकाए। यह टी-20 इतिहास की तीसरी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है।

लगातार चौथी बार सेमीफाइनल में पहुंची लंका

फिरकी गेंदबाज रंगना हेराथ के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से श्रीलंकाई टीम न्यूजीलैंड को 59 रन से हराकर ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वह टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार चौथी बार अंतिम चार में पहुंचने में कामयाब रही है।

अब सेमीफाइनल में श्रीलंका का सामना पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच मंगलवार को होने वाले मैच की विजेता टीम से 3 अप्रैल को होगा।

वहीं, टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल ग्रुप-दो में शीर्ष पर रही भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 4 अप्रैल को खेला जाएगा।

श्रीलंका के लिए मलिंगा ने थी कप्‍तानी

कीवी टीम के नौ बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। सिर्फ ओपनर केन विलियम्सन ही एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने 43 गेंदों में 42 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली।

न्यूजीलैंड को आलराउंडर कोरी एंडरसन के चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी के लिए न उतर पाने का खामियाजा भी भुगतना पड़ा। एंडरसन 19वें ओवर में बाउंड्री पर कैच लपकने की कोशिश में अंगुली में चोट में चोट लगवा बैठे थे।

श्रीलंका के लिए इस मैच में कप्तान की भूमिका तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने निभाई क्योंकि टीम के नियमित कप्तान दिनेश चंडीमल पर एक मैच का प्रतिबंध लगा हुआ था।

दहाई के पार भी नहीं पहुंचे 14 बल्‍लेबाज

इससे पहले टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका के लिए कप्तान महेला जयवर्धने ने 32 गेंदों में दो चौकों के साथ सर्वाधिक 25 रन बनाए।

लाहिरू थिरिमाने ने 18 गेंदों में तीन चौकों के साथ 20 रन की पारी खेली। इस मैच में खास बात यह रही कि क्रीज पर आए कुल 19 बल्‍लेबाजों में 14 बल्‍लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। जिसमें पांच बल्‍लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।

न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियम्सन ही दहाई का आंकड़ा छू सके और 42 रन बनाकर रन आउट हुए। कीवी टीम के दोनों ओपनर रन आउट हुए।

5 सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में 3 श्रीलंका के गेंदबाज

टी-20 क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच शीर्ष गेंदबाजों की सूची में श्रीलंकाई गेंदबाजों का दबदबा है। रंगना हेराथ ने सिर्फ 3 रन देकर 5 विकेट झटके जो ओवरऑल रिकॉर्ड के मामले में तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पहले दो स्‍थान पर करिश्माई गेंदबाज अजंता मेंडिस का कब्जा है जिन्होंने 2 बार 6-6 विकेट लेने का कारनामा किया है।

खिलाड़ी देश गेंदबाजी विरुद्ध
अजंता मेंडिस श्रीलंका 4-2-8-6 जिम्बाब्वे
अजंता मेंडिस श्रीलंका 4-1-16-6 ऑस्ट्रेलिया
रंगाना हेराथ श्रीलंका 3.3-2-3-5 न्यूजीलैंड
उमर गुल पाकिस्तान 3-0-6-5 न्यूजीलैंड
उमर गुल पाकिस्तान 2.2-0-6-5 दक्षिण अफ्रीका

आखिरकार डच टीम ने कर दिया उलटफेर

मीडियम पेसर मुदस्सर बुखारी की घातक गेंदबाजी की बदौलत नीदरलैंड ने पूर्व चैंपियन इंग्लैंड पर 45 रन से यादगार जीत दर्ज कर अपना ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप अभियान शानदार तरीके से खत्म किया।

ग्रुप-एक के इस मुकाबले में नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 133 रन का स्कोर बनाया और फिर इंग्लैंड टीम को 17.4 ओवर में सिर्फ 88 रन पर समेट दिया।

नीदरलैंड की इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप में यह दूसरी जीत है। इससे पहले नीदरलैंड ने इंग्लैंड को 2009 वर्ल्ड कप में भी शिकस्त दी थी। चार मैचों में नीदरलैंड की यह पहली जीत है। हालांकि नीदरलैंड नेट रन रेट में इंग्लैंड से पिछड़ गया और ग्रुप में चौथे स्थान पर रहा। नीदरलैंड ने क्वालीफाइंग दौर में आयरलैंड को हराकर सुपर टेन में स्थान बनाया था।
विज्ञापन

SA को भी हराने के करीब पहुंचे थे डच

नीदरलैंड ग्रुप मैचों में दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को भी हराने के करीब पहुंच गया था। 3.4 ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट चटकाने वाले बुखारी ‘मैन ऑफ द मैच’ बने। मीडियम पेसर लोगान वान विक ने भी दो ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट झटके।

दूसरी ओर, चार मैचों में तीसरी हार के साथ इंग्लैंड का वर्ल्ड कप अभियान निराशा के साथ खत्म हुआ। 134 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज नीदरलैंड के गेंदबाजों के आगे ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। रवि बोपारा ने 20 गेंदों में सर्वाधिक 18 रन बनाए जबकि आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।

इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जबरदस्त फॉर्म में चल रहे ओपनर स्टीफन माइबर्ग ने 31 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के के साथ 39 रन की पारी खेली। माइबर्ग ने मिचेल स्वॉर्ट के साथ पहले विकेट के लिए 3.5 ओवर में 34 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दी। स्वॉर्ट 13 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर वेस्ली बारेसी ने भी 45 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों के साथ धुआंधार 48 रन ठोके।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें