मेजर ध्यान चंद के जन्मदिवस और राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित जिला स्तरीय कक्षा 12 तक की बालिकाओं की हॉकी प्रतियोगिता का खिताब एमकेपी इंटर कॉलेज ने अपने नाम कर लिया। अंडर-14 बालक हॉकी प्रतियोगिता का खिताब स्पोर्ट्स कॉलेज ने जीता।
पेनाल्टी स्ट्रोक से जीता एमकेपी
वेल्हम गर्ल्स स्कूल में खेले गए बालिका वर्ग के फाइनल मैच में एमकेपी इंटर कॉलेज का सामना मेजबान वेल्हम गर्ल्स स्कूल से हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल रहित बराबरी पर रहीं। पेनाल्टी स्ट्रोक से विजेता का निर्णय किया गया।
एमकेपी इंटर कॉलेज ने 6-5 से जीत दर्ज की। अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज का मुकाबला स्पोर्ट्स कॉलेज और गुरु नानक स्कूल के बीच हुआ। स्पोर्ट्स कॉलेज ने 8-0 से जीत दर्ज की।
विजेता हुए पुरस्कृत
समापन समारोह में अपर जिलाधिकारी प्रताप सिंह शाह और उत्तराखंड महिला हॉकी संघ के महासचिव अमृतपाल सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर बास्केटबाल प्रशिक्षक दिनेश असवाल, एथलेटिक्स प्रशिक्षक अनूप बिष्ट, हॉकी प्रशिक्षक सरस्वती बिष्ट, अमित कटारिया, दीपक बिष्ट, शिखा बिष्ट, सुषमा, अंकित पंत, नितिन जोशी, पूजा भट्ट, केबी थापा आदि मौजूद थे।