राज्यस्तरीय विद्यालयी हॉकी प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स कॉलेज और देहरादून की टीमों ने खिताबी जीत दर्ज की। स्पोर्ट्स कॉलेज ने बालक वर्ग में सारे खिताब नाम किए तो लड़कियों में देहरादून की टीम सभी वर्गों की चैंपियन बनी।
स्पोर्ट्स कॉलेज में शुक्रवार को अंडर-14 बालकों का फाइनल स्पोर्ट्स कॉलेज और देहरादून के बीच हुआ। मितेश के 4, राजीव के 2 गोलों की मदद से स्पोर्ट्स कालेज ने दून को 10-0 से करारी शिकस्त दी।
अंडर-17 में स्पोर्ट्स कॉलेज जीता
अंडर-17 बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज ने देहरादून को 8-0 से एकतरफा मात दी। कॉलेज के लोकेश ने 3 गोल दागे। अंडर-19 बालक वर्ग का फाइनल स्पोर्ट्स कॉलेज और देहरादून के बीच हुआ। स्पोर्ट्स कॉलेज ने 6-1 के अंतर से जीत हासिल कर खिताब कब्जाया। स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रवीन ने 2 गोल दागे। चंपावत ने चमोली को 5-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
पूजा के गोल से जीता दून
बालिका अंडर-19 वर्ग में देहरादून और चंपावत के बीच खिताबी मुकाबला हुआ। देहरादून ने पूजा भट्ट के दो गोलों की बदौलत 2-0 से चंपावत को शिकस्त दी। तीसरे स्थान के लिए नैनीताल ने पौड़ी को 2-0 से हराया। इससे पहले देहरादून अंडर-17 और 14 बालिका वर्ग का खिताब कब्जा चुका है।
उप निदेशक खेल अजय अग्रवाल ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी खाली, संदीप गुप्ता, राम सिंह चौहान, तरुण बेलवाल, रविंद्र रावत, भूपाल सिंह चुफाल, सतीश जोशी आदि मौजूद थे।
जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता 15 से
खेल निदेशालय और जिला खेल कार्यालय की ओर से 15 अक्तूबर से पवेलियन ग्राउंड में जिला स्तरीय बालक अंडर-16 और महिला ओपन वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला खेल अधिकारी सतीश सार्की ने बताया कि प्रतियोगिता में कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।
15 से 18 अक्तूबर तक पवेलियन ग्राउंड में दोपहर 2 बजे से मुकाबले होंगे। टीमों के प्रवेश के लिए अंतिम तिथि 14 अक्तूबर है।