उत्तराखंड की महिला क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और स्नेह राणा का जलवा अब न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वन डे मैचों में भी दिखाई देगा।
दोनों आगामी घरेलू सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रही हैं। बुधवार को बीसीसीआई ने मिताली राज की कप्तानी में भारतीय टीम घोषित कर दी।
रेलवे की खिलाड़ी अल्मोड़ा निवासी लेफ्ट आर्म स्पीनर एकता बिष्ट लंबे समय से भारतीय महिला टीम की अहम सदस्य बनी हुई हैं। जून महीने में हुई चैलेंटर ट्रॉफी में किए प्रदर्शन के बाद एकता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चयन समिति का भरोसा जीतने में सफल रहीं।
एकता का चयन एक स्पीनर के रूप में टीम में किया गया है। इसके साथ ही देहरादून के सिनौला गांव की स्नेह राणा भी मुख्य टीम में जगह बनाने में सफल रहीं। स्नेह वर्तमान समय में पंजाब रणजी टीम खिलाड़ी हैं और टीम में बतौर बल्लेबाज स्नेह राणा जगह बनाने में सफल रही हैं।
न्यूजीलैंड की टीम 28 जून से 15 जुलाई तक भारत में पांच एक दिवसीय और तीन टी-20 मैच खेलेगी। बीसीसीआई ने अभी एक दिवसीय मैचों के लिए भारतीय टीम घोषित की है, जिसमें दोनों का चयन पांच एक दिवसीय मैचों के लिए हुआ है।