पांचवें टी-20 वर्ल्ड कप में भाग लेने के लिए टीम इंडिया शुक्रवार को मीडिया से बात किए बगैर ही बांग्लादेश के लिए रवाना हो गई।
आमतौर पर किसी भी दौरे पर जाने से पहले टीम के कप्तान और कोच मीडिया से बातचीत करते हैं लेकिन बीसीसीआई ने पहले ही फैसला कर लिया था कि टीम वर्ल्ड कप के लिए रवानगी से पूर्व मीडिया से बातचीत नहीं करेगी। पिछले तीन सप्ताह में यह दूसरा मौका है जब टीम इंडिया राष्ट्रीय मीडिया को संबोधित किए बिना विदेशी दौरे पर रवाना हुई है।
एशिया कप के लिए जब भारतीय टीम 23 फरवरी को ढाका रवाना हुई थी तब भी विराट ने राष्ट्रीय मीडिया को संबोधित नहीं किया था और अब नियमित कप्तान धोनी ने वर्ल्ड कप के समय फिर ऐसा कर दिया। बीसीसीआई सचिव संजय पटेल ने सफाई देते हुए कहा कि टीम के प्रस्थान से पूर्व मीडिया कांफ्रेंस न करने का एकमात्र कारण यही था कि कप्तान को ढाका पहुंचने के तुरंत बाद आईसीसी नियमों के अनुसार मीडिया को संबोधित करना होगा।
ढाका पहुंचकर बोलना पड़ा धोनी को
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही घरेलू मीडिया से नजर चुराकर निकल लिए, लेकिन बांग्लादेश पहुंचने के बाद उन्हें दुनिया भर की मीडिया का सामना करना पड़ा और अपनी जुबान खोलनी पड़ी।
कप्तान धोनी ने ढाका पहुंचने के बाद कहा कि भले ही भारतीय टीम पिछले पांच महीने से कोई टी-20 नहीं खेली है, लेकिन उसे आईपीएल के अनुभवों का फायदा यहां जरूर मिलेगा।
धोनी ने कहा, "हमने काफी टी-20 मैच खेले हैं। आप कह सकते हैं कि वह अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं थे लेकिन टीम के सभी खिलाड़ियों ने आईपीएल में काफी टी-20 मैच खेले हैं। बांग्लादेश की परिस्थितियां भारत से मिलती जुलती हैं इसिलए टीम को यहां उसका फायदा जरूर मिलेगा।" धोनी ने साथ ही कहा कि 17 मार्च को श्रीलंका और 19 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दो अभ्यास मैच से टीम को विभिन्न संयोजनों के साथ खुद को आंकने का पूरा मिलेगा।
टीम इंडिया का पहला ही मैच पाक से
वनडे की वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया टी-20 क्रिकेट में भी फिर से अपनी बादशाहत हासिल करने के अपने छह साल पुराने मिशन को पूरा करने के लिए शुक्रवार को बांग्लादेश के लिए पहुंच गई।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम 16 मार्च से छह अप्रैल तक होने वाले आईसीसी टी-20 में 2007 की इतिहास एक बार फिर से दोहराना चाहेगी।
पूर्व चैंपियन टीम इंडिया टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच 21 मार्च को मीरपुर में मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद इसी स्टेडियम पर टीम इंडिया गत चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ 23 मार्च को अपना दूसरा मैच खेलेगी।
'महासमर' से पहले 2 अभ्यास मैच खेलेगा भारत
महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय भारतीय टीम टूर्नामेंट के शुरू होने से पूर्व 17 मार्च को श्रीलंका और फिर 19 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेलेगी।
इसी मैदान पर भारतीय टीम ने हाल ही में विराट कोहली के नेतृत्व में एशिया कप भी खेला है। हालांकि पांच बार की चैंपियन होने के बावजूद वह फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी।
इसके अलावा टीम इंडिया को पाकिस्तान ने भी मात दी थी। लेकिन, उम्मीद है कि धोनी की कप्तानी, सुरेश रैना और युवराज सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम इस बार बांग्लादेश में अन्य टीमों के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकेगी।
टी-20 वर्ल्ड कप का कवरेज 16 मार्च से
बांग्लादेश में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप का टेलीविजन कवरेज रविवार को शुरू हो रहा है।
आईसीसी के ग्लोबल मीडिया राइट अधिकार और मेजबान ब्रोडकास्टर, स्टार स्पोर्ट्स इसके मीडिया पार्टनर हैं, जो 29 ब्रोडकास्टर जरिये इसका लाइव प्रसारण 1.8 मिलियन लोगों तक पहुंचाएगा।
15 सदस्यीय टीम इंडिया: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सुरेश रैना, युवराज सिंह, अजिंक्य रहाणे, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, स्टुअर्ट बिन्नी, अमित मिश्रा, मोहित शर्मा और वरुण आरोन।