सचिन तेंदुलकर पिछले साल नवंबर में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। भले ही अब वह मैदान पर नहीं दिखते हों लेकिन उनकी धमक अभी भी महसूस की जा सकती है।
विज्ञापन
क्रिकेट की 'बाइबिल' कही जाने वाली विज्डन मैगजीन का अगला संस्करण भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद यादगार साबित होने जा रहा है। इस मैगजीन में भारत के लिए दो बड़ी खबर हैं।
पहले ने 2014 विज्डन क्रिकेटर्स के संस्करण में तेंदुलकर की तस्वीर कवर पेज पर लगाई है। वहीं इस बार खराब फॉर्म के कारण टीम इंडिया से अंदर-बाहर होने वाले शिखर धवन को भी बड़ा सम्मान मिला है।
विज्ञापन
पहले भी कई बार सम्मानित कर चुका है विज्डन
विज्डन ने कहा, "सचिन ने अपने 24 वर्षों के करियर में दुनिया में सबसे ज्यादा अपेक्षाएं रखने वाले भारतीय प्रशंसकों के सामने टेस्ट मैच खेले हैं।" सचिन को 1997 में विज्डन का क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार भी मिला था।
उन्हें 2010 में विज्डन लीडिंग क्रिकेटर इन द वर्ल्ड का पुरस्कार दिया गया था जबकि 2012 में उन्हें विज्डन इंडिया आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड दिया गया था। भारत के लिए विज्डन का यह संस्करण इसलिए भी यादगार बनने जा रहा है क्योंकि इसके कवर पेज पर सचिन होंगे। साथ ही शिखर धवन का भी नाम होगा।
विज्डन ने तेंदुलकर के रिकॉर्ड की तुलना इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टर कुक और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क के रिकार्डों को मिलाकर की है।
मुंबई इंडियंस ने सचिन को बनाया आइकन
दूसरी ओर, गत आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट के सातवें संस्करण में दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को अपना आइकन बनाने की घोषणा की है।
सचिन आईपीएल के 2008 में शुरू होने के बाद से मुंबई इंडियंस टीम के आइकन रहे थे। उन्होंने पिछले साल मुंबई के खिताब जीतने के बाद आईपीएल और फिर चैंपियंस लीग के बाद ट्वंटी-20 को अलविदा कह दिया था।
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा, "सचिन हमारी टीम का अभिन्न हिस्सा और इसके शुरू होने के बाद से ही टीम के लिए सबसे बडे़ प्रेरणास्रोत रहे हैं। हमने गत वर्ष आईपीएल और चैंपियंस लीग ट्रॉफियां इस महान खिलाड़ी को समर्पित की थीं। हमें खुशी है कि हम उन्हें मुंबई टीम का फिर से आइकन बना रहे हैं।"
5 सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में धवन भी
बाएं हाथ के धाकड़ भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन समेत पांच क्रिकेटरों को पिछले साल उनके शानदार के लिए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना है।
धवन के अलावा ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज रेयान हैरिस और ओपनर क्रिस रोजर्स, इंग्लैंड के जोई रुट और इंग्लैंड की महिला टीम की कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स को इस सूची में जगह मिली है।
विज्डन 1889 से हर साल बीते वर्ष के पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर करता रहा है। वर्ष 2000 में विज्डन ने शताब्दी के पांच क्रिकेटरों का भी चयन किया था। जिसमें सर डोनाल्ड ब्रैडमैन, सर गैरी सोबर्स, सर जैक हॉब्स, शेन वॉर्न और सर विव रिचर्ड्स।
धवन का बेहद शानदार रहा था पिछला साल
28 साल के शिखर धवन इस सत्र में भले ही फॉर्म के लिए जूझ रहे हैं लेकिन पिछले साल उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।
इंग्लैंड में हुई आईसीसी चैंपियंस ट्राफी में धवन ने 90.75 की औसत से पांच मैचों में 363 रन बनाए थे और टीम इंडिया की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक ठोके थे।
पिछले साल ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में टेस्ट करियर का पदार्पण करते हुए 174 गेंदों में 187 रनों की महान पारी खेली थी।
दक्षिण अफ्रीका टीम में स्टेनगन के नाम से मशहूर तूफानी गेंदबाज डेल स्टेन को साल 2013 का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया है।
स्टेन के अलावा 73 साल की बुजुर्ग क्रिकेटर एनिड बैकवेल को महिला क्रिकेट के इतिहास में पांच सबसे महान क्रिकेटरों में शामिल किया गया है।
धवन के अलावा अन्य चार क्रिकेटरों में रेयान हैरिस और क्रिस रोजर्स ने क्रमशः गेंद और बल्ले से कमाल करते हुए रिटर्न एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम की शानदार जीत में अहम योगदान दिया था। इंग्लैंड के उभरते बल्लेबाज रुट ने भी पहले टेस्ट में शतक बनाने के बाद कई बड़ी पारियां खेली थी।