रुड़की के चंद्रशेखर शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में तिरंगा फहराया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पैनपैसिफिक मास्टर विश्वस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के डिस्कस थ्रो में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
विश्व स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता
उत्तराखंड के गणेश चौक रुड़की निवासी और उत्तराखंड संस्कृत विवि हरिद्वार के कर्मचारी चंद्रशेखर शर्मा उत्तराखंड से इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट शहर में आयोजित पेन पैसिफिक मास्टर विश्व स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने गए थे।
एक नवंबर से नौ नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के डिस्कस थ्रो में चंद्रशेखर शर्मा ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता है, जबकि स्वर्ण पदक ऑस्ट्रेलिया के रिचर्ड हैरिस और कांस्य पदक फिनलैंड के रोडनी वाटसन ने जीता है।
चंद्रशेखर शर्मा अपनी इस जीत से बेहद खुश हैं। भारतीय दल के मैनेजर विनोद कुमार, उत्तराखंड संस्कृत विवि हरिद्वार के कुलपति प्रो. महावीर अग्रवाल, विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, भारत भूषण वराहर आदि ने उनकी इस सफलता पर उन्हें बधाई दी है।