पीसीए स्टेडियम मोहाली में खेले जा रहे रणजी ट्राफी में पंजाब ने गुजरात पर शिकंजा कस दिया है।
चार दिवसीय रणजी ट्राफी के दूसरे दिन पंजाब ने गुजरात को पहली पारी में 127 के स्कोर पर समेट दिया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पंजाब ने अपनी दूसरी पारी में अब तक 2 विकेट पर 127 रन बनाए लिए हैं। इससे पहले पंजाब ने अपनी पहली पारी में 172 रन बनाए थे।
इस तरह पंजाब को अब तक 172 रनों की बढ़त मिल चुकी है।
शुक्रवार को गुजरात ने अपने वीरवार के 61 स्कोर पर 6 विकेट से आगे खेलना शुरू किया। राजुल भट्ट 16 रन पर मनप्रीत गोनी का शिकार बने।
इसके बाद अक्षर पटेल 14 के निजी स्कोर पर सिद्धार्थ कौल की गेंद पर बोल्ड हुए। अगले बल्लेबाज राकेश ध्रुव बिना खाता खोले 0 पर संदीप शर्मा की गेंद पर बोल्ड हुए।
टीम से भावेश अकेले ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने अंत का संघर्ष किया। वह 43 रन बनाकर पंजाब के कप्तान हरभजन सिंह की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हुए।
गुजरात की पूरी टीम पहली पारी में 127 के स्कोर पर सिमट गई। पंजाब की ओर से संदीप शर्मा ने 4 विकेट, सिद्धार्थ कौल ने 2 विकेट, मनप्रीत गोनी 2 विकेट, हरभजन सिंह एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
इसके बाद पंजाब ने अपनी दूसरी पारी की शानदार शुरुआत की। स्कोर बोर्ड पर जब टीम का स्कोर 100 पहुंचा तभी सलामी बल्लेबाज जीवनजोत सिंह अर्धशतक बनाकर 51 के निजी स्कोर पर गेंदबाज अक्षर पटेल का शिकार बने।
दूसरे सलामी बल्लेबाज रविइंदर सिंह 47 के निजी स्कोर पर अक्षर पटेल की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर पंजाब ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 127 रन बना चुकी है।
तरुवर कोहली 14 और मनदीप सिंह 8 रन बनाकर नाबाद रहे।