मैन ऑफ द मैच विशाल दाभोलकर की शानदार गेंदबाजी और टीम के खिलाड़ियाें के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत रणजी मुकाबले में मुंबई ने पंजाब को उसी के घर में 184 रनों से करारी शिकस्त दी।
क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर-16 में खेले गए चार दिवसीय रणजी मैच के आखिरी दिन 399 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम दूसरी पारी में 214 रन पर ही ढेर हो गई।
मुंबई की घातक गेंदबाजी के आगे हरभजन सिंह और युवराज समेत कोई भी बल्लेबाज नहीं चल सका।
रविवार को पंजाब ने 4 विकेट पर 108 रन से आगे खेलना शुरू किया। युवराज सिंह ने 19 रन और उदय कौल 0 से आगे खेल शुरू किया।
टीम को युवराज सिंह (40 रन, 3 चौके, एक छक्का) से उम्मीदें थीं, लेकिन वे उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए। गेंदबाज जावेद खान ने कस्तुब पवार के हाथाें कैच करवाया।
उनकी जगह अमितोज सिंह बल्लेबाजी करने आए। 22 रन के निजी स्कोर पर उदय कौल एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। विशाल दाभोलकर ने कप्तान हरभजन सिंह और मनप्रीत गोनी को खाता भी नहीं खोलने दिया।
अमितोज सिंह (21) को इकबाल अब्दुल्ला ने आउट किया। राजविंदर सिंह के रूप में पंजाब का आखिरी विकेट 214 के स्कोर पर गिरा।
विशाल की गेंदबाजी में फंसा पंजाब
गेंदबाजी में विशाल दाभोलकर ने चार विकेट लिए। इकबाल अब्दुल्ला ने तीन, जहीर खान ने दो, और जावेद खान ने एक विकेट लिया।
विशाल दाभोलकर को पहली पारी में छह विकेट और दूसरी पारी में चार विकेट लेकर मैच में कुल 10 विकेट झटकने केलिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
युवराज ने किया निराश
होम गाउंड पर खेल रहे युवराज सिंह से टीम और दर्शकों को काफी उम्मीदें थी। लेकिन वे उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए। वे पहली पारी में केवल 33 रन और दूसरी पारी में 40 रन ही बना सके।
इस जीत के साथ ही मुंबई को (6) अंक मिले।